प्रतापगढ़। उदयपुर थाना पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस ने आरोपी को थाना क्षेत्र के सेमरा पुल के पास से दबोचा।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय एवं क्षेत्राधिकारी लालगंज राजीव द्विवेदी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी दीप नारायण के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश और चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सेमरा पुल के पास से आरोपी जयशंकर मौर्या (19) निवासी बड़ी टिकुरिया राजापुर, थाना उदयपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट से संबंधित दर्ज मुकदमे में वांछित था। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
इस गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक नन्दलाल यादव, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार तथा आरक्षी रोहित यादव की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए अभियान को आगे भी जारी रखने की बात कही।







