Home Blog Page 12

करंट ने छीना बड़े भाई का साथ, कंधे पर लादकर अस्पताल पहुंचे ग्रामीण, फिर भी नहीं बची जान; आजादी के बाद से सड़क को तरस रहा गांव

करंट ने छीना बड़े भाई का साथ, कंधे पर लादकर अस्पताल पहुंचे ग्रामीण, फिर भी नहीं बची जान; आजादी के 79 साल बाद भी सड़क को तरस रहा गांव

प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र के जामताली दासा चौरा गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। घर में बिजली का स्विच बंद करने के दौरान करंट की चपेट में आए दो सगे भाई गंभीर रूप से झुलस गए। बड़े भाई की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि छोटे भाई का इलाज जारी है। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में बदहाल बुनियादी सुविधाओं और प्रशासनिक उदासीनता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार जामताली दासा चौरा निवासी अनिरुद्ध गौतम (45) पुत्र लाल बहादुर गौतम बुधवार सुबह करीब छह बजे नींद से उठने के बाद घर में लगे इलेक्ट्रिक बोर्ड का स्विच बंद करने पहुंचे। जैसे ही उन्होंने स्विच दबाया, वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गए। अनिरुद्ध को तड़पता देख उनका छोटा भाई शशि गौतम (28) उन्हें बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।

हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह बिजली का संपर्क हटाकर दोनों भाइयों को बचाया। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने की कोशिश शुरू हुई, लेकिन यहीं से गांव की बदहाल व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही की असल तस्वीर सामने आ गई।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव तक आज भी पक्की सड़क नहीं पहुंची है। एंबुलेंस तो दूर, कोई चार पहिया वाहन भी गांव तक नहीं आ सकता। मजबूरन ग्रामीणों ने दोनों भाइयों को चारपाई पर लिटाया और करीब एक किलोमीटर तक पैदल कंधों पर उठाकर मुख्य मार्ग तक ले गए। वहां निजी वाहन की व्यवस्था होने के बाद दोनों को रानीगंज ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने अनिरुद्ध गौतम को मृत घोषित कर दिया, जबकि शशि गौतम का उपचार जारी है।

मृतक अनिरुद्ध गौतम मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

गांव के निवासी पप्पू सरोज और विजय ने बताया कि यदि गांव तक सड़क बनी होती और वाहन सीधे घर तक पहुंच जाता, तो अनिरुद्ध को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सकता था। उनका कहना है कि शायद समय पर इलाज मिलने से उनकी जान बच सकती थी। ग्रामीणों का आरोप है कि आजादी के दशकों बाद भी उनका गांव सड़क जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित है। कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला, समाधान नहीं।

इस हादसे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि विकास के दावे आखिर जमीनी हकीकत से कितने दूर हैं। जब किसी गांव तक सड़क ही नहीं है, तो आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं वहां कैसे पहुंचेंगी? क्या किसी गांव को सड़क दिलाने के लिए हर बार किसी की जान जाना जरूरी है?

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जामताली दासा चौरा गांव तक तत्काल सड़क निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी घायल या बीमार व्यक्ति को चारपाई पर ढोकर अस्पताल ले जाने की मजबूरी न हो। साथ ही मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता और छोटे भाई के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बुधवार की यह घटना केवल एक परिवार का दर्द नहीं, बल्कि उन तमाम गांवों की सच्चाई है जहां आज भी विकास के दावे कागजों तक सीमित हैं। एक ओर सरकार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और ग्रामीण विकास की बात करती है, वहीं दूसरी ओर सड़क के अभाव में एक मजदूर की जान चली जाती है। यह हादसा केवल बिजली के करंट से हुई मौत नहीं, बल्कि व्यवस्था की लापरवाही पर भी गंभीर सवाल छोड़ गया है।

यूपी में कांवड़ यात्रा के दौरान बवाल: लखनऊ में स्कूल वैन पर हमला, मेरठ में पुलिसकर्मियों को जीप से खींचकर पीटा; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

लखनऊ/मेरठ। उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा के दौरान दो अलग-अलग जिलों से सामने आई घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह बाइक सवार युवकों द्वारा एक स्कूल वैन में तोड़फोड़ किए जाने से मासूम बच्चों में दहशत फैल गई, वहीं मेरठ में कथित सड़क हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने पुलिस जीप से दो पुलिसकर्मियों को बाहर निकालकर उनकी पिटाई कर दी और उनके कपड़े तक फाड़ दिए। दोनों घटनाओं के वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

लखनऊ के चौक क्षेत्र स्थित चरक चौराहे पर सोमवार सुबह करीब सात बजे एक स्कूल वैन अपने निर्धारित मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार कुछ युवकों ने वैन को रोककर उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने वैन में तोड़फोड़ की, जिससे उसमें बैठे छोटे-छोटे बच्चे घबरा गए और चीखते-चिल्लाते हुए बाहर निकलकर इधर-उधर भागने लगे। अचानक हुए हमले से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वैन चालक भी भयभीत होकर मौके से हट गया।

घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुटने लगी, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, स्कूल वैन पर हमला करने वाले युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और वीडियो फुटेज के आधार पर उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

उधर, मेरठ में भी कांवड़ यात्रा के दौरान तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली। जानकारी के अनुसार, एक बाइक सवार व्यक्ति की कांवड़ियों से कथित रूप से टक्कर हो गई थी। घटना के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर संबंधित थाने के दो पुलिसकर्मी सादा कपड़ों में सरकारी जीप से मौके पर पहुंचे, लेकिन गुस्साई भीड़ ने उन्हें ही निशाना बना लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ ने दोनों पुलिसकर्मियों को जीप से बाहर खींच लिया और उनके साथ मारपीट की। इस दौरान उनके कपड़े भी फाड़ दिए गए। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और किसी तरह हालात पर काबू पाया। घायल पुलिसकर्मियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया, जबकि पूरी घटना के वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

दोनों घटनाओं के बाद पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। लखनऊ और मेरठ दोनों मामलों में मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं तथा वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।

कांवड़ यात्रा के दौरान सामने आई इन दोनों घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है। एक ओर स्कूल वैन में सवार मासूम बच्चों के बीच दहशत का माहौल बना, तो दूसरी ओर ड्यूटी पर पहुंचे पुलिसकर्मी भी हिंसा का शिकार हो गए। अब सभी की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं कि दोनों मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी कब तक होती है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।

प्रयागराज STF की बड़ी सफलता: अंतरराज्यीय असलहा तस्कर गिरफ्तार, 4 पिस्टल व 8 मैगजीन बरामद

प्रयागराज STF की बड़ी सफलता: अंतरराज्यीय असलहा तस्कर गिरफ्तार, 4 पिस्टल व 8 मैगजीन बरामद

लखनऊ/प्रयागराज। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की प्रयागराज फील्ड इकाई ने एक बार फिर अपनी मुस्तैदी और पेशेवर कार्यशैली का परिचय देते हुए अवैध असलहा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ ने अंतरराज्यीय असलहा तस्कर कुनाल पाण्डेय उर्फ शिवम पाण्डेय को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चार अवैध .32 बोर पिस्टल, आठ मैगजीन, एक मोबाइल फोन, एक डेबिट कार्ड तथा एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।

एसटीएफ को काफी समय से इस गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी। सूचनाओं के आधार पर लगातार निगरानी और सटीक खुफिया तंत्र का इस्तेमाल करते हुए टीम ने 03 अगस्त 2026 को प्रयागराज के थाना हंडिया क्षेत्र स्थित भिटी रेलवे क्रॉसिंग, बरोत रोड पर जाल बिछाकर आरोपी को धर दबोचा।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पिछले लगभग पांच वर्षों से अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त कर रहा है। उसने बताया कि वह बिहार के पटना जिले के राजेन्द्र नगर से करीब 30 हजार रुपये प्रति पिस्टल के हिसाब से हथियार खरीदकर उत्तर प्रदेश में 35 से 40 हजार रुपये में बेचता था और तस्करी के लिए बुलेट मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करता था। आरोपी के विरुद्ध पहले भी असलहा तस्करी से जुड़े मुकदमे दर्ज हैं।

इस उल्लेखनीय सफलता का श्रेय एसटीएफ प्रयागराज फील्ड इकाई की सतर्कता, सटीक सूचना संकलन और सुनियोजित कार्रवाई को जाता है। यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक (एसटीएफ फील्ड इकाई, प्रयागराज) श्री शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण तथा निरीक्षक श्री जय प्रकाश राय के नेतृत्व में संपन्न हुई।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में एसटीएफ प्रयागराज से उपनिरीक्षक गुलजार सिंह,मुख्य आरक्षी भ्रमजन पाण्डेय,मुख्य आरक्षी अजय सिंह यादव,मुख्य आरक्षी अनूप राय,मुख्य आरक्षी उदय प्रताप सिंह,मुख्य आरक्षी पंकज तिवारी,तथा आरक्षी चालक अखण्ड प्रताप पाण्डेय शामिल रहे। टीम की सक्रियता और समन्वित कार्रवाई से यह महत्वपूर्ण सफलता मिली।

एसटीएफ की इस कार्रवाई को अवैध हथियारों की तस्करी पर करारा प्रहार माना जा रहा है। प्रदेश में संगठित अपराध और असलहा तस्करी के विरुद्ध उत्तर प्रदेश एसटीएफ लगातार प्रभावी अभियान चला रही है, जिसके चलते अपराधियों में कानून का भय और आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हो रहा है।

आखिर कौन हैं वो 5 चेहरे, जिन्हें 6 माह के लिए छोड़ना पड़ा प्रतापगढ़?

आतंक फैलाने वाले 5 गुण्डे 6 माह के लिए जिला बदर, डीएम ने की बड़ी कार्रवाई

प्रतापगढ़। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला मजिस्ट्रेट अभिषेक पाण्डेय ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए पांच चिन्हित गुण्डों को छह माह के लिए जनपद की सीमा से निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम की धारा 3(3) के तहत की गई है। जिला प्रशासन का मानना है कि इन व्यक्तियों की गतिविधियों के कारण उनके आसपास के क्षेत्रों में भय और आतंक का माहौल बना हुआ था, जिससे आम लोग उनके विरुद्ध शिकायत करने या न्यायालय में साक्ष्य देने का साहस नहीं जुटा पा रहे थे।

जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी आदेश के अनुसार थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पांच व्यक्तियों को तत्काल प्रभाव से छह माह के लिए जिला बदर किया गया है। इनमें रंजीतपुर चिलबिला निवासी फिरोज पुत्र इलियास, खुर्शीद पुत्र इलियास, स्टेशन रोड जैन गली निवासी तनवीर अख्तर पुत्र मोहम्मद अख्तर, रंजीत सिंह पुत्र देवेश सिंह तथा इरशाद अहमद पुत्र मोहम्मद शरीफ शामिल हैं।

प्रशासन के अनुसार इन व्यक्तियों के विरुद्ध पूर्व में विभिन्न आपराधिक मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। इनके विरुद्ध दर्ज मामलों और गतिविधियों का परीक्षण करने के बाद यह पाया गया कि इनकी मौजूदगी से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। साथ ही स्थानीय लोग इनके खिलाफ खुलकर सामने आने से डरते हैं, जिससे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण में कठिनाई उत्पन्न होती है।

जिला बदर की कार्रवाई के तहत संबंधित व्यक्तियों को आगामी छह माह तक प्रतापगढ़ जनपद की सीमा में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। यदि वे निर्धारित अवधि के दौरान बिना सक्षम अनुमति के जनपद की सीमा में प्रवेश करते पाए गए तो उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। शांति व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए भविष्य में भी ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के प्रति किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।

यह कार्रवाई जिला सूचना कार्यालय, प्रतापगढ़ द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के आधार पर की गई है। प्रशासन का उद्देश्य जनपद में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना तथा अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।

दुष्कर्म मामले में फरार 25 हजार का इनामी आरोपी आखिरकार चढ़ा हत्थे

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोपी 25 हजार का इनामी गिरफ्तार

प्रतापगढ़। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलकर छिपता फिर रहा था। उस पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुफीजु रहमान उर्फ मुफीज अहमद पुत्र मोहम्मद इलियास, उम्र लगभग 26 वर्ष, निवासी ग्राम गुतौली, थाना कंधई, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। उसके खिलाफ शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज है। मुकदमा दर्ज होने के बाद से वह फरार चल रहा था, जिसके चलते उसकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया गया था।

जानकारी के अनुसार सोमवार को आरोपी थाना कंधई क्षेत्र के ईशनपुर ईदगाह के पास कहीं बाहर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसके खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज है। उसने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद से वह लगातार गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रह रहा था। सोमवार को वह किसी अन्य स्थान पर जाने की तैयारी में था, लेकिन इससे पहले ही वह गिरफ्तार कर लिया गया।

बताया गया कि आरोपी की तलाश लंबे समय से की जा रही थी। गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी, लेकिन वह हाथ नहीं आ रहा था। फरार रहने के कारण उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। आखिरकार मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार करने में सफलता मिली।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई।

महिला अपराधों के मामलों में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी महिला या बालिका के साथ छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, दुष्कर्म, साइबर उत्पीड़न, पीछा करना या किसी अन्य प्रकार का अपराध होता है तो इसकी तत्काल सूचना संबंधित अधिकारियों को दें। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, ताकि अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

स्कूटी में टक्कर के बाद खूनी बवाल, लाइसेंसी बंदूक से युवक को मारी गोली; प्रतापगढ़ में सनसनी


प्रतापगढ़। जनपद के लालगंज कोतवाली क्षेत्र में रविवार शाम मामूली सड़क दुर्घटना ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। स्कूटी में कार की टक्कर लगने के बाद शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि कार सवार युवक ने अपनी लाइसेंसी बंदूक निकालकर स्कूटी सवार युवक पर फायर झोंक दिया। गोली युवक के कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव के दौरान उसके साथ मौजूद साथी को भी चोटें आईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बाजार में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, लालगंज कोतवाली क्षेत्र के पूरे बोधी सिंह का पुरवा निवासी सौरभ सिंह (26) पुत्र सुभाष सिंह रविवार शाम अपने बुआ के लड़के सक्षम के साथ किसी काम से रानीगंज कैथौला बाजार गया था। दोनों ने पुलिस चौकी के पास अपनी स्कूटी खड़ी कर खरीदारी शुरू की थी। इसी दौरान वहां पहले से खड़ी एक कार अचानक पीछे की ओर बैक होने लगी और स्कूटी से टकरा गई।

टक्कर के बाद स्कूटी क्षतिग्रस्त होने पर सौरभ ने कार चालक से विरोध जताया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि कार सवार युवक ने अपना आपा खो दिया। आरोप है कि उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाली और सौरभ को दौड़ाकर गोली मार दी। गोली उसके कंधे में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा। अचानक हुई फायरिंग से बाजार में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

गोली चलने के बाद भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। इस दौरान सौरभ के साथ मौजूद सक्षम को भी चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल हस्तक्षेप कर किसी तरह विवाद को शांत कराया और दोनों घायलों को निजी वाहन से रानीगंज ट्रामा सेंटर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने सौरभ की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जबकि सक्षम का उपचार कर घर भेज दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही लालगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है। फायरिंग करने वाले आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि विवाद किन परिस्थितियों में इतना बढ़ा कि गोली चलाने की नौबत आ गई।

घटना की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृज नंदन राय भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपित की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि तहरीर और जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रविवार शाम बाजार के बीच हुई इस सनसनीखेज फायरिंग की घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी रही। मामूली टक्कर से शुरू हुआ विवाद जिस तरह गोलीबारी तक पहुंचा, उसने कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

नेता जी सुभाष चंद्र बोस वेलफेयर सोसाइटी ने किसानों को बांटे 500 आम के पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

नेता जी सुभाष चंद्र बोस वेलफेयर सोसाइटी ने किसानों को बांटे 500 आम के पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

प्रतापगढ़/कोहंडौर। पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा के उद्देश्य से कार्यरत नेता जी सुभाष चंद्र बोस वेलफेयर सोसाइटी द्वारा नगर पंचायत कोहंडौर एवं आसपास के गांवों के किसानों और ग्रामीणों को 500 आम के पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया।

इस पहल को ग्रामीणों और किसानों ने सराहते हुए इसे पर्यावरण और कृषि के लिए उपयोगी कदम बताया।

सोसाइटी के संस्थापक हबीबुर्रहमान, निवासी नगर पंचायत कोहंडौर, ने बताया कि संस्था की स्थापना वर्ष 2021-22 में समाज सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से की गई थी।

संस्था लगातार पौधरोपण और पौधा वितरण अभियान चलाकर लोगों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित कर रही है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में संस्था की ओर से 250 आम के पौधे वितरित किए गए थे, जबकि वर्ष 2026 में इस अभियान का विस्तार करते हुए 500 आम के पौधे किसानों और ग्रामीणों को निःशुल्क उपलब्ध कराए गए।

उन्होंने कहा कि फलदार वृक्ष न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक हैं, बल्कि भविष्य में किसानों की आय बढ़ाने का भी एक प्रभावी माध्यम बन सकते हैं।

इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की।

वक्ताओं ने कहा कि हर व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाए, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है।

कार्यक्रम में संस्था के प्रबंधक हबीबुर्रहमान, अध्यक्ष एडवोकेट अजीम उल्ला, उपाध्यक्ष कयामुद्दीन सहित सदस्य नूरूल हसन, इस्तखार, एडवोकेट जावेद, एडवोकेट आमिर, आरूफ, इमामुद्दीन, अरमान, एजाज, वशीम, डॉ. एजाज, अतीक, इलियास एवं इस्तियाक उपस्थित रहे। सभी ने भविष्य में भी जनहित, पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा से जुड़े ऐसे अभियानों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।

बुजुर्ग ने लगाया जमीन हड़पने का आरोप, तहसील दिवस में पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार

oplus_142606336

प्रतापगढ़। रानीगंज थाना क्षेत्र के बुढ़ौरा गांव निवासी अमीर उल्ला पुत्र वाजिद अली ने अपनी कृषि भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस (तहसील दिवस) में अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित बुजुर्ग ने तहसील प्रशासन को दिए गए शिकायती पत्र में गांव के ही इक़रार  पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

अमीर उल्ला का कहना है कि उनकी पुश्तैनी कृषि भूमि की मेड़ को आरोपित ने जोतकर अपने खेत में मिला लिया है, जिससे उनकी जमीन का हिस्सा कम हो गया है। उनका आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया और मेड़ को पूर्व स्थिति में करने की बात कही तो उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की गई। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद से वह लगातार परेशान हैं और न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाने को मजबूर हो गए हैं।



पीड़ित ने तहसील दिवस में अधिकारियों से मांग की कि उनकी भूमि की पैमाइश कराकर वास्तविक सीमा का निर्धारण कराया जाए तथा यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी जमीन पर किसी प्रकार का अवैध कब्जा न होने दिया जाए और उन्हें न्याय दिलाया जाए।

तहसील दिवस में मौजूद अधिकारियों ने बुजुर्ग की शिकायत प्राप्त कर संबंधित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से शिकायतकर्ता को आश्वस्त किया गया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मामला जांच के अधीन है। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और प्रशासन जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट करेगा। पीड़ित बुजुर्ग का कहना है कि उन्हें प्रशासन से निष्पक्ष जांच और न्याय मिलने की उम्मीद है। वहीं, इस मामले को लेकर क्षेत्र में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

प्रतापगढ़ से जौनपुर तक फैले कफ सिरप कनेक्शन में बड़ा एक्शन, इनामी आरोपी पकड़ा गया

25 हजार के इनामी आयुष सिंह पर पुलिस का शिकंजा, कोडीनयुक्त कफ सिरप मामले में स्पेशल टीम ने दबोचा

प्रतापगढ़। कोडीनयुक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार के मामले में लंबे समय से तलाशे जा रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी आयुष सिंह पुत्र विनोद सिंह निवासी चौरिया, जनपद जौनपुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों के अनुसार स्पेशल टीम और महेशगंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को पकड़ा गया है। हालांकि गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

बताया जा रहा है कि आयुष सिंह के खिलाफ प्रतापगढ़ सहित अन्य जनपदों में भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस और संबंधित विभागों की जांच में सामने आया था कि कोडीनयुक्त औषधि (कफ सिरप) का गैर चिकित्सकीय उपयोग और अवैध बिक्री के मामले में आरोपी की भूमिका संदिग्ध पाई गई थी।

मामला उस समय सामने आया जब औषधि विभाग ने कोडीनयुक्त कफ सिरप के क्रय-विक्रय की जांच शुरू की। जांच में प्रतापगढ़ स्थित एक फर्म महादेव फार्मा के नाम पर बड़े पैमाने पर कफ सिरप की खरीद का रिकॉर्ड मिला। विभागीय जांच में सामने आया कि प्रयागराज, जौनपुर, आजमगढ़, बलिया और गाजीपुर सहित कई जनपदों से बड़ी मात्रा में न्यू फैंसीडिल कफ सिरप की खरीद दिखाई गई थी।

जांच के दौरान औषधि निरीक्षक जब फर्म के बताए गए पते पर पहुंचे तो मौके पर मेडिकल स्टोर संचालित नहीं मिला। स्थानीय लोगों से पूछताछ में भी फर्म के संचालन की पुष्टि नहीं हो सकी। जांच में यह भी सामने आया कि लाइसेंस हासिल करने के लिए कथित रूप से दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया था।

विभागीय रिपोर्ट के अनुसार करीब 1.73 लाख से अधिक कफ सिरप की खरीद से जुड़े दस्तावेज सामने आए थे। इसके बाद लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई थी।

सूत्रों के मुताबिक इसी मामले में वांछित चल रहे आयुष सिंह की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। संभावना है कि मामले में आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

अपाचे बाइक से वारदात करने वाला बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार

मुठभेड़ में झपटमारी का बदमाश घायल, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

प्रतापगढ़। जेठवारा थाना क्षेत्र में मंगलवार को झपटमारी की घटना में शामिल एक बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई के दौरान उसके दाहिने पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा, कारतूस और अन्य सामान बरामद किया गया। इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार 23 जुलाई को सरायबाबू गांव निवासी नईम पुत्र मोहम्मद हनीफ दुकान बंद कर मोबाइल फोन पर बात करते हुए घर जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल की चाबी छीन ली तथा मौके से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर जेठवारा थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। मंगलवार को गजराही नहर पुलिया के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक अपाचे मोटरसाइकिल सवार युवक को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि युवक ने रुकने के बजाय भागने का प्रयास किया और खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। घायल बदमाश की पहचान शुभम तिवारी उर्फ बच्चा पुत्र अवध कुमार तिवारी निवासी मनेहूं, थाना जेठवारा के रूप में हुई। उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

गिरफ्तार बदमाश के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अपाचे मोटरसाइकिल, एक अवैध .315 बोर तमंचा, तीन खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा तमंचे में फंसा एक मिस कारतूस बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बताया गया कि इसी झपटमारी की घटना में शामिल आरोपी हर्ष तिवारी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

अभिलेखों के अनुसार गिरफ्तार बदमाश शुभम तिवारी के खिलाफ पहले से भी मारपीट, धमकी तथा एससी/एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। झपटमारी का यह मामला भी उसके आपराधिक रिकॉर्ड में शामिल हो गया है।

पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।