प्रतापगढ़। जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया जनरेटर, समरसेबल इंजन (पम्पिंग सेट), वारदात में प्रयुक्त मैजिक डाला और चोरी के जेवरात बेचने से प्राप्त नकदी बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जबकि मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय तथा क्षेत्राधिकारी लालगंज राजीव द्विवेदी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सरायजगत सिंह प्राथमिक विद्यालय के पास से दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद सद्दीक और मोहम्मद कैफ निवासी खानापट्टी तकिया, थाना लालगंज के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी का एक जनरेटर, एक समरसेबल इंजन, वारदात में प्रयुक्त मैजिक डाला तथा जेवरात बेचने से प्राप्त 3,200 रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपने एक अन्य साथी दाऊद उर्फ अरबाज के साथ मिलकर सलेम भदारी गांव स्थित एक निर्माणाधीन मकान से जनरेटर चोरी किया था। इसके अलावा थाना लीलापुर क्षेत्र से समरसेबल इंजन भी चोरी किया गया था। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि कुछ माह पहले लालगंज क्षेत्र के पूरेवाचन लकुरी गांव में एक मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए थे, जिन्हें बेचकर आपस में रकम का बंटवारा कर लिया था। बरामद नकदी उसी हिस्से की बची हुई राशि बताई गई है।
पुलिस द्वारा बरामद जनरेटर की पहचान उसके वास्तविक मालिक ने अपने चोरी हुए जनरेटर के रूप में की है। जांच में यह भी सामने आया कि बरामद सामान विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी की घटनाओं से संबंधित है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस टीम की इस सफलता को चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
प्रतापगढ़। आसपुर देवसरा क्षेत्र में महिला को बंधक बनाकर घर में हुई लूट और चोरी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से वारदात में लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के बर्तन तथा मंदिर की सजावट में प्रयुक्त झूमर समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान घटना को अंजाम देने, चोरी किए गए माल के बंटवारे और फरारी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। इस प्रकरण में इससे पहले दो अन्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
जानकारी के अनुसार, 2 अगस्त को आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के गोदलपट्टी गांव की रहने वाली महिला अपने घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान तीन से चार नकाबपोश बदमाश घर के पीछे से अंदर घुस गए और कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात, कपड़े और अन्य कीमती सामान समेटने लगे। खटपट की आवाज सुनकर जब महिला कमरे में पहुंची तो बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर हाथ-पैर बांध दिए।
किसी तरह महिला खुद को छुड़ाकर बाहर निकली और शोर मचाया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक बदमाश लूटा गया सामान लेकर फरार हो चुके थे। घटना के बाद पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया और घटना के खुलासे के लिए विशेष टीमें गठित की गईं।
जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और तकनीकी मदद के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से एक कंगन, चार अंगूठियां, दो जोड़ी कान के टप्स, दो जोड़ी झुमके, मांगटीका, दो जोड़ी बालियां, तीन चेन, एक लॉकेट, कमरपेटी, कमर का छल्ला, पांच जोड़ी पायल, 17 बिछिया, चांदी की थाली, गिलास, प्लेट, कटोरी, चम्मच तथा मंदिर की सजावट में प्रयुक्त दो बड़े और दो छोटे झूमर बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए चोरी किए गए सामान के बंटवारे और फरारी के संबंध में भी जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। इस सफल कार्रवाई के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है, जबकि पुलिस ने अपराधियों के विरुद्ध सख्त अभियान जारी रखने की बात कही है।
“जब समाज की बेटियां रास्ते में भी सुरक्षित न रहें, तो सवाल सिर्फ एक घटना का नहीं, पूरे समाज की संवेदनाओं का होता है। 13 साल की एक मासूम की दहशत भरी चीखें आज हर उस इंसान के दिल को झकझोर रही हैं, जो बेटियों की सुरक्षा पर भरोसा करना चाहता है।”
प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र में एक 13 वर्षीय मासूम बालिका के साथ कथित दुष्कर्म के प्रयास की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से राशन लेकर साइकिल से घर लौट रही बच्ची को रास्ते में रोककर जंगल की ओर खींच ले जाने का आरोप एक युवक पर लगा है। घटना सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश है और हर वर्ग के लोग पीड़ित परिवार के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं।
राशन लेकर लौट रही थी, रास्ते में बना ली दरिंदगी की साजिश
जानकारी के अनुसार, रानीगंज थाना क्षेत्र के तिवारीपुर गांव के पास सराय रतऊ बाग के निकट 13 वर्षीय बालिका सरकारी राशन लेकर साइकिल से अपने घर लौट रही थी। आरोप है कि गांव निवासी राजू गौतम पुत्र बुद्धिराम ने रास्ते में उसे रोक लिया और जबरन जंगल की ओर खींच ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया।
बताया जाता है कि भयभीत बच्ची ने पूरी ताकत से चीख-पुकार शुरू कर दी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े। लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया और मासूम किसी तरह उसकी गिरफ्त से बच सकी।
घटनास्थल के हालात ने बढ़ाई गंभीरता
सूत्रों के अनुसार, घटनास्थल के पास सड़क किनारे बालिका की साइकिल और राशन से भरी बोरी गिरी मिली। वहीं जंगल के अंदर कथित रूप से एक कंडोम का पैकेट,बोतलें , पीड़ित बालिका का चप्पल,एक अन्य चप्पल और अन्य संदिग्ध सामग्री मिलने की भी चर्चा है। हालांकि इन वस्तुओं के संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। पुलिस मौके से मिले साक्ष्यों की जांच कर रही है।
हर समाज के लोग पहुंचे, मासूम के लिए उठी न्याय की आवाज
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में विभिन्न समाजों के लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। लोगों का कहना है कि अपराधी की कोई जाति या धर्म नहीं होता और ऐसी घटनाओं पर पूरा समाज एकजुट होकर पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई और शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
पहले भी सामने आ चुकी है ऐसी वारदात
रानीगंज थाना क्षेत्र में यह पहली घटना नहीं है। कुछ समय पहले सडौरा हरिहरगंज गांव में सुबह कोचिंग जा रही एक छात्रा के साथ भी छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया था। उस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को बाद में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब एक बार फिर सामने आई इस घटना ने क्षेत्र में बेटियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस कर रही जांच, आरोपी की तलाश तेज
पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर रानीगंज थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। मेडिकल परीक्षण, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
सबसे बड़ा सवाल—क्या बेटियां सुरक्षित हैं?
यह घटना केवल एक परिवार का दर्द नहीं, बल्कि पूरे समाज के सामने खड़ा एक बड़ा प्रश्न है। आखिर कब तक मासूम बेटियां स्कूल, कोचिंग या राशन लेकर घर लौटते समय भी डर के साए में जीने को मजबूर रहेंगी? अपराधियों में कानून का भय कब पैदा होगा? हर ऐसी घटना समाज के जख्मों को और गहरा कर देती है।
यदि आरोप सही साबित होते हैं, तो दोषी के खिलाफ कानून के तहत सबसे कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी हैवान किसी मासूम की जिंदगी से खेलने की हिम्मत न कर सके।
(नोट: यह समाचार स्थानीय लोगों और परिजनों से प्राप्त जानकारी पर आधारित है। मामले की जांच जारी है। आरोपों की अंतिम पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।)
महुली त्रासदी: एक रात में उजड़ गया पूरा परिवार, 100 साल पुराने मकान ने ली 6 जिंदगियां, प्रशासन से लेकर एडीजी-आईजी तक पहुंचे गांव, ₹26.20 लाख की राहत सहायता
बारिश, जर्जर मकान और एक पल में मातम… प्रतापगढ़ के महुली गांव की वह रात जिसे लोग कभी नहीं भूल पाएंगे
प्रतापगढ़। जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित महुली गांव में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार देर रात हुआ हादसा पूरे प्रदेश को झकझोर गया। करीब 100 वर्ष पुराना जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा और कुछ ही सेकेंड में एक ही परिवार के छह सदस्य मलबे में दब गए। जब तक ग्रामीण और राहत टीमें मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकाल पातीं, तब तक छह लोगों की सांसें हमेशा के लिए थम चुकी थीं। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ा दी। हादसे के बाद प्रशासन, पुलिस और शासन पूरी तरह सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, एडीजी और आईजी समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा पीड़ित परिवार को कुल ₹26.20 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
रात दो बजे मौत बनकर टूटा मकान
जानकारी के अनुसार महुली गांव निवासी प्रमोद श्रीवास्तव का लगभग 100 वर्ष पुराना मकान लगातार बारिश के कारण बेहद कमजोर हो चुका था। बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे पूरा परिवार घर के भीतर सो रहा था। अचानक मकान की दीवारें और छत भरभराकर गिर गईं। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े, लेकिन तब तक पूरा मकान मलबे में तब्दील हो चुका था।
ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए अपने स्तर पर राहत कार्य शुरू किया। पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। कुछ ही देर में पुलिस, राजस्व विभाग, फायर सर्विस तथा अन्य राहत टीमें मौके पर पहुंचीं और मलबा हटाने का अभियान शुरू किया गया।
एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत
इस भीषण हादसे में परिवार के छह सदस्यों की जान चली गई। मृतकों में—
प्रमोद श्रीवास्तव (60 वर्ष)
रीता श्रीवास्तव (55 वर्ष)
नितिन श्रीवास्तव (25 वर्ष)
माधुरी श्रीवास्तव (23 वर्ष)
मासूम माधव (1 वर्ष)
अद्विक उर्फ बाबू (10 माह)
की मौके पर ही अथवा अस्पताल ले जाते समय मृत्यु हो गई।
हादसे में परिवार के सदस्य अमन श्रीवास्तव (28 वर्ष) सुरक्षित बच गए। एक ही परिवार के छह लोगों की मौत से गांव में मातम पसर गया। हर आंख नम थी और पूरे गांव में चीख-पुकार का माहौल था।
महज कुछ सेकेंड में खत्म हो गया पूरा आशियाना
जिस मकान में वर्षों से परिवार हंसी-खुशी रह रहा था, वही मकान कुछ ही पलों में मौत का कारण बन गया। लगातार बारिश के कारण मकान की दीवारें कमजोर हो चुकी थीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मकान काफी पुराना था और लगातार हो रही वर्षा के चलते उसकी हालत और खराब हो गई थी।
हादसे के बाद पूरे गांव में भय का माहौल बन गया। कई लोगों ने अपने पुराने मकानों को खाली करना शुरू कर दिया।
ग्रामीणों ने दिखाई इंसानियत, रातभर चलता रहा राहत अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही गांव के सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए। किसी ने फावड़ा उठाया तो किसी ने ईंटें हटानी शुरू कर दीं। लोग अपने हाथों से मलबा हटाकर परिजनों को बचाने की कोशिश करते रहे।
बाद में पुलिस, प्रशासन और राहत दल भी मौके पर पहुंचे। जेसीबी मशीनों और अन्य संसाधनों की मदद से मलबा हटाया गया। हालांकि तब तक छह लोगों की जान जा चुकी थी।
पोस्टमार्टम के बाद नम आंखों से हुआ अंतिम संस्कार
पुलिस ने सभी शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। गुरुवार को जब शव गांव पहुंचे तो पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों और ग्रामीणों की आंखों से आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। मासूम बच्चों के शव देखकर हर किसी का कलेजा कांप उठा।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक पहुंचे महुली
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने संयुक्त रूप से घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की तथा पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को शासन द्वारा अनुमन्य सभी सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने कहा कि घटना से संबंधित सभी आवश्यक विधिक कार्रवाई नियमानुसार पूरी कराई गई है तथा पुलिस पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।
पीड़ित परिवार को मिली ₹26.20 लाख की सहायता
जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध करा दी गई है।
राहत सहायता का विवरण इस प्रकार है—
छह मृतकों के लिए दैवीय आपदा राहत मद से ₹24 लाख (प्रति मृतक ₹4 लाख)
पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त पक्के मकान के लिए ₹1.20 लाख
मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना सहायता योजना के अंतर्गत ₹1 लाख
इस प्रकार कुल ₹26.20 लाख की राहत सहायता स्वीकृत कर पीड़ित परिवार को उपलब्ध करा दी गई।
बारिश को देखते हुए प्रशासन ने जारी किए निर्देश
जिलाधिकारी ने लगातार हो रही बारिश को देखते हुए सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों और अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण करें।
उन्होंने विशेष रूप से जर्जर एवं असुरक्षित मकानों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने तथा लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
एडीजी और आईजी ने भी किया निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए ज्योति नारायण तथा अजय कुमार मिश्रा भी महुली गांव पहुंचे।
दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से पूरी जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एडीजी और आईजी ने हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भी जताया दुख
हादसे के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों तथा जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव भी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इससे पहले समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी और अन्य पदाधिकारी भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर सांत्वना दे चुके हैं।
पूरे जिले में शोक, उठने लगे कई सवाल
महुली हादसे ने प्रशासनिक व्यवस्था और जर्जर मकानों की निगरानी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर इतने पुराने और कमजोर मकान में परिवार क्यों रह रहा था? क्या समय रहते इसकी पहचान कर लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजा जा सकता था? क्या ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर मकानों का नियमित सर्वे हो रहा है?
हालांकि प्रशासन का कहना है कि अब सभी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर ऐसे मकानों की पहचान की जाएगी और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
एक ऐसी त्रासदी जिसे प्रतापगढ़ लंबे समय तक नहीं भूल पाएगा
महुली गांव की यह घटना केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि एक ऐसा दर्द है जिसने पूरे प्रतापगढ़ को झकझोर दिया। एक ही परिवार के छह सदस्यों का एक साथ दुनिया से चले जाना हर किसी की आंखें नम कर गया। मासूम बच्चों से लेकर बुजुर्ग दंपती तक की मौत ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया।
अब प्रशासन राहत, पुनर्वास और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के प्रयासों में जुटा है। लेकिन महुली की उस भयावह रात की चीखें, मलबे में दबी उम्मीदें और उजड़ चुके परिवार का दर्द शायद वर्षों तक लोगों के दिलों में जिंदा रहेगा।
प्रतापगढ़। जनपद के मानिकपुर थाना क्षेत्र में युवती को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना मानिकपुर पुलिस ने उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित सोनकर को ग्राम पाटीहार से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
पुलिस के अनुसार, मुबारकपुर पाटीहार निवासी युवक ने 4 अगस्त को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बहन का अमित कुमार सोनकर से कई वर्षों से प्रेम संबंध था और वह उससे विवाह करना चाहती थी। आरोप है कि अमित ने शादी से साफ इनकार कर दिया और उसके साथ अपमानजनक बातें कीं। इससे आहत होकर युवती 3 अगस्त को घर से निकल गई और करेंटी गंगा पुल से गंगा नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।
मामले में थाना मानिकपुर पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनंदन राय एवं क्षेत्राधिकारी कुंडा शिव नारायण वैस के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार राय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह ने अपनी टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि युवती उससे शादी करने का दबाव बना रही थी, लेकिन उसने स्पष्ट इनकार कर दिया था। उसने यह भी बताया कि युवती ने जान देने की बात कही थी, जिस पर उसने गंभीरता नहीं दिखाई। बाद में आत्महत्या की जानकारी मिलने पर वह गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपता फिर रहा था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए लगातार दबिश देकर आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया। उनकी सक्रियता और पेशेवर कार्यशैली से पीड़ित परिवार को समय पर न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
प्रतापगढ़। जनपद के आसपुर देवसरा क्षेत्र में चोरी के एक चर्चित मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से बचने के लिए भाग रहे आरोपी ने कथित रूप से फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, चोरी के मामले में वांछित आरोपी की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान वाहन चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की और पीछा किए जाने पर कथित रूप से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद हुई मुठभेड़ में जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोविंद सिंह पुत्र सुरेश बहादुर सिंह, निवासी ग्राम गोड़े, थाना कोतवाली नगर, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। घायल आरोपी को तत्काल पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी के मुकदमे से संबंधित सोने और चांदी के जेवर बरामद किए गए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त एक अवैध .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस भी बरामद हुए। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम समेत अन्य धाराओं में भी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि आरोपी चोरी के मामले में लंबे समय से वांछित था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। पुलिस को देखते ही उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग कर दी, लेकिन घेराबंदी के चलते भागने में सफल नहीं हो सका। मुठभेड़ के बाद उसकी गिरफ्तारी से चोरी के मामले का खुलासा हो गया है।
पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए जेवरों की पहचान कर उन्हें उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। वहीं आरोपी से पूछताछ के आधार पर यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी की अन्य घटनाओं में उसकी संलिप्तता रही है या नहीं। यदि पूछताछ में नए तथ्य सामने आते हैं तो मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप की स्थिति है। चोरी की वारदातों से परेशान लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी को राहत भरा कदम बताया है। फिलहाल घायल आरोपी अस्पताल में उपचाराधीन है और उसके स्वस्थ होने के बाद न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
महुली में 6 मौतों के बाद फिर टला बड़ा हादसा, रानीगंज में भरभराकर गिरा कच्चा मकान, बाल-बाल बचा पूरा परिवार
प्रतापगढ़। नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली गांव में जर्जर मकान गिरने से एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत का गम अभी जिले के लोगों के दिलों से उतरा भी नहीं था कि गुरुवार दोपहर रानीगंज थाना क्षेत्र में एक और बड़ा हादसा होते-होते टल गया। महुली की घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया था, वहीं कुछ ही घंटों बाद पंडितपुर हरिनाहपुर गांव में बारिश के कारण एक कच्चा मकान का पिछला हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। राहत की बात यह रही कि इस बार परिवार के सभी सदस्य कुछ मिनट पहले ही घर से बाहर निकल गए थे, जिससे उनकी जान बच गई। महुली जैसी त्रासदी दोहराने से बच गई।
जानकारी के अनुसार पंडितपुर हरिनाहपुर निवासी रिंकी मिश्रा, जिनके पति स्वर्गीय पुष्पराज मिश्र का करीब पांच वर्ष पहले निधन हो चुका है, अपनी चार बेटियों और बुजुर्ग ससुर दिवाकर मिश्रा के साथ कच्चे मकान में रहती हैं। परिवार का गुजारा बुजुर्ग ससुर की छोटी सी पान-गुटखा की गुमटी से होने वाली आमदनी पर चलता है।
गुरुवार दोपहर करीब दो बजे लगातार बारिश के चलते मकान की दीवारें कमजोर हो गईं और देखते ही देखते पूरा कच्चा मकान का पिछला हिस्सा भरभराकर जमीन पर गिर पड़ा। तेज धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। शुरुआत में सभी को यही आशंका थी कि कहीं परिवार मलबे में तो नहीं दब गया। लेकिन कुछ ही देर में पता चला कि रिंकी मिश्रा अपनी बेटियों—आस्था (14), आराध्या (12), आयुषी (10) और आरोही (8)—के साथ किसी काम से घर से बाहर थीं। यह सुनकर पूरे गांव ने राहत की सांस ली।
महुली की सुबह और रानीगंज की दोपहर ने जिले को एक बड़ा संदेश दिया है। एक ओर महुली में छह लोगों की जान नहीं बच सकी, वहीं दूसरी ओर रानीगंज में किस्मत ने एक पूरे परिवार को नया जीवन दे दिया। लगातार हो रही बारिश के बीच जर्जर और कच्चे मकानों में रह रहे परिवारों के लिए खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
अब रिंकी मिश्रा का परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है। सिर पर छत नहीं बची है और सबसे बड़ी चिंता चार मासूम बेटियों के सुरक्षित भविष्य की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता, अस्थायी आवास और सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाए ताकि उन्हें दोबारा ऐसी भयावह स्थिति का सामना न करना पड़े।
महुली की दर्दनाक चीखें अभी थमी नहीं थीं कि रानीगंज में मौत फिर दरवाजे तक पहुंच गई। फर्क सिर्फ इतना रहा कि इस बार किस्मत ने समय रहते एक मां और उसकी चार बेटियों को अपनी आगोश में समेट लिया, लेकिन उनका आशियाना मलबे में बदल गया।
पीड़ित परिवार से मिले सपा जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी, बंधाया ढांढस
प्रतापगढ़। नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मोहल्ले में मकान गिरने की दर्दनाक घटना की जानकारी मिलते ही समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी अपने साथियों के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
अब्दुल कादिर जिलानी ने कहा कि एक ही परिवार के छह लोगों की असमय मौत अत्यंत दुखद और हृदयविदारक घटना है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को हर संभव आर्थिक सहायता और राहत उपलब्ध कराने की मांग भी की।
इस दौरान उनके साथ समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सभी ने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया।इस मौके पर सचिव वकार अहमद,फौजन नेता, अधिवक्ता असलम खान,सहित अन्य सपा के लोग मौजूद रहे
घटना की जानकारी: गुरुवार तड़के नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मोहल्ले में लगातार बारिश के बीच करीब 100 वर्ष पुराना जर्जर मकान अचानक ढह गया। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। मलबे में दबने से प्रमोद श्रीवास्तव, उनकी पत्नी रीता श्रीवास्तव, पुत्र नितिन श्रीवास्तव, बहू माधुरी तथा दो मासूम बच्चों माधव और अद्विक की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि परिवार का एक सदस्य अमन श्रीवास्तव सुरक्षित बाहर निकल आया। हादसे के बाद पुलिस और राहत-बचाव टीम ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।
झांसी जाते समय सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान की मौत, दोस्त ने भी तोड़ा दम
झांसी। पूर्व सांसद बाहुबली अतीक अहमद के परिवार पर एक और दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गुरुवार को झांसी-कानपुर हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में अतीक अहमद के 21 वर्षीय बेटे अबान अहमद की मौत हो गई। हादसे में उसके साथ कार में सवार दोस्त सोनू की भी जान चली गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पूर्व सांसद अतीक अहमद के छोटे बेटे
जानकारी के अनुसार, अबान अहमद अपने बड़े भाई अली अहमद, जो झांसी जेल में बंद है, उससे मुलाकात करने जा रहा था। कार में कुल पांच लोग सवार थे। जब उनकी कार पूंछ थाना क्षेत्र में झांसी-कानपुर हाईवे से गुजर रही थी, तभी अचानक सड़क पर एक जानवर आ गया। चालक ने जानवर को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज रफ्तार में डिवाइडर से जा टकराई।
हादसा इतना भीषण था कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और सभी सवार उसमें फंस गए। सूचना मिलते ही पूंछ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने कार में फंसे सभी युवकों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने अबान अहमद और उसके दोस्त सोनू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल उमर अहमद, मोहम्मद जैद और असलम का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना की वजह सड़क पर अचानक आए जानवर को बचाने के दौरान कार का अनियंत्रित होना माना जा रहा है।
अतीक अहमद की हत्या के बाद यह घटना एक बार फिर उसके परिवार को सुर्खियों में ले आई है। अबान की असमय मौत की खबर फैलते ही परिचितों और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
बारिश बनी काल! 100 साल पुराना मकान ढहा, पलभर में उजड़ गया पूरा परिवार; माता-पिता, बेटा, बहू और दो मासूमों समेत 6 की दर्दनाक मौत
https://youtu.be/M2NMcO8Pujs
प्रतापगढ़। लगातार हो रही बारिश ने बुधवार देर रात प्रतापगढ़ में ऐसा दर्दनाक मंजर पैदा कर दिया, जिसे देखकर हर आंख नम हो गई। नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मोहल्ले में करीब 100 साल पुराना जर्जर मकान आधी रात के बाद अचानक भरभराकर ढह गया। मलबे के नीचे दबकर एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी, उनका बेटा, बहू और दो मासूम बच्चे शामिल हैं। इस हादसे ने पूरे शहर को गहरे सदमे में डाल दिया।
बताया जा रहा है कि रात में भीषण गर्मी और उमस के कारण परिवार के सात सदस्य घर के एसी वाले कमरे में सो रहे थे। रात करीब दो बजे अचानक तेज धमाके के साथ मकान की छत भरभराकर गिर पड़ी। देखते ही देखते पूरा कमरा मलबे में बदल गया और सभी लोग उसके नीचे दब गए। चारों ओर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य शुरू कर दिया। पुलिस, दमकल और बचाव दल ने करीब दो घंटे तक लगातार मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में मकान मालिक प्रमोद श्रीवास्तव (60), उनकी पत्नी रीता श्रीवास्तव (55), बेटा नितिन श्रीवास्तव (25), बहू माधुरी श्रीवास्तव (23) तथा मासूम माधव (2 वर्ष) और अद्विक (10 माह) की मौत हो गई। परिवार का बड़ा बेटा अमन (28) कमरे के किनारे सो रहा था। छत गिरते ही वह किसी तरह मलबे से बाहर निकल आया और उसकी जान बच गई। लेकिन जब उसने अपने माता-पिता, भाई, भाभी और दोनों भतीजों को मलबे में दबा देखा, तो उसकी चीखें सुनकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें भर आईं।
महुली मोहल्ले में गुरुवार सुबह मातम पसरा रहा। जिस घर में कभी बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब सिर्फ सन्नाटा और अपनों को खोने का दर्द बचा है। पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और हर कोई इस दर्दनाक हादसे पर दुख व्यक्त करता नजर आया।
लगातार हो रही बारिश के बीच यह हादसा जर्जर और पुराने मकानों की भयावह हकीकत भी सामने लाता है। सवाल उठता है कि आखिर ऐसे खतरनाक भवनों की समय रहते पहचान और जांच क्यों नहीं हो पाती? यदि कमजोर भवनों को पहले ही चिन्हित कर आवश्यक कदम उठाए गए होते, तो शायद छह जिंदगियां बचाई जा सकती थीं।
प्रतापगढ़ का यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि एक ऐसी त्रासदी है जिसने एक ही पल में पूरे परिवार का अस्तित्व मिटा दिया। मासूम बच्चों से लेकर बुजुर्ग माता-पिता तक, किसी को भी संभलने का मौका नहीं मिला। यह दर्दनाक घटना लंबे समय तक लोगों के दिलों में टीस बनकर रहेगी।
प्रमोद श्रीवास्त और प्रमोद श्रीवास्त की पत्नी रीता अमन और माधुरी के दोनों बेटे माधव और अद्विक प्रमोद का छोटा बेटा नितिन प्रमोद के बड़े बेटे अमन की पत्नी माधुरी