Home Blog Page 10

डीएम से मिले पूर्व विधायक धीरज ओझा, रिंकी मिश्रा के परिवार को मिली सरकारी योजनाओं की सौगात

प्रतापगढ़। रानीगंज क्षेत्र के ग्राम हरनाहपुर निवासी श्रीमती रिंकी मिश्रा के परिवार की आर्थिक स्थिति और आवासीय समस्याओं को लेकर रानीगंज के पूर्व विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा ने रविवार को जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय से मुलाकात की। उन्होंने जिलाधिकारी को परिवार की दयनीय आर्थिक स्थिति से अवगत कराते हुए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का अनुरोध किया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी और नायब तहसीलदार की टीम ने गांव पहुंचकर परिवार की वास्तविक स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सामने आया कि श्रीमती रिंकी मिश्रा पत्नी स्वर्गीय पुष्पराज मिश्र अपनी चार पुत्रियों और वयोवृद्ध ससुर दिवाकर मिश्र के साथ 4 से 5 कमरों वाले खपरैल मकान में रहती हैं। मकान के एक कमरे की पिछली दीवार आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त पाई गई। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कई योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

श्रीमती रिंकी मिश्रा को आपदा राहत कोष से अहैतुक सहायता उपलब्ध कराई गई है। साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत उनका आवेदन कराया गया है, जिससे आवास निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ सके। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण और उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क एलपीजी कनेक्शन के लिए भी ऑनलाइन आवेदन कराया गया है।

परिवार की दो पुत्रियों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना का लाभ दिलाने के लिए आवेदन किया गया है। योजना के तहत पात्र बालिकाओं को प्रतिमाह 2,500 रुपये की सहायता मिलने का प्रावधान है। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से रिंकी मिश्रा को स्वयं सहायता समूह से भी जोड़ा गया है, ताकि वह स्वरोजगार के माध्यम से आय अर्जित कर सकें।

प्रशासन के अनुसार रिंकी मिश्रा पहले से निराश्रित महिला पेंशन का लाभ प्राप्त कर रही हैं, जबकि उनके ससुर दिवाकर मिश्र को वृद्धावस्था पेंशन मिल रही है। 75 वर्ष से अधिक आयु होने के कारण उनका आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए भी आवेदन कराया गया है।

पूर्व विधायक धीरज ओझा ने कहा कि गरीब, असहाय और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए आगे भी हरसंभव प्रयास जारी रहेगा।

पुरानी रंजिश में युवक को गोली मारने वाले 24 घंटे में गिरफ्तार, तमंचा-खोखा बरामद; प्रयागराज में चल रहा घायल का इलाज

प्रतापगढ़। रानीगंज थाना क्षेत्र के जरियारी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर युवक को गोली मारने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गोली लगने से घायल लक्ष्मी निधि यादव उर्फ बच्चा यादव (28 वर्ष) का प्रयागराज में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा और घटना में प्रयुक्त खोखा भी बरामद किया है।

पुरानी रंजिश में फिर गरजी बंदूक

मामला रानीगंज थाना क्षेत्र के जरियारी गांव का है। बताया जाता है कि पुरानी रंजिश को लेकर गांव में विवाद चल रहा था। इसी बीच आरोपी पक्ष ने लक्ष्मी निधि यादव उर्फ बच्चा यादव को निशाना बनाते हुए गोली मार दी। गोली लगते ही युवक घायल होकर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो वहां अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उसे प्रयागराज रेफर किया गया।

घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही रानीगंज थाना पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू कर दी।

एक साल पहले भी हुई थी गोलीबारी

इस गोलीकांड की पृष्ठभूमि भी काफी पुरानी बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार 24 जुलाई 2025 को भी घायल युवक के परिवार को निशाना बनाकर गोलीबारी की घटना हुई थी, जिसमें दो लोग घायल हुए थे। करीब एक साल बाद उसी परिवार के युवक पर दोबारा गोली चलने से पुरानी रंजिश एक बार फिर चर्चा में आ गई।

लगातार दूसरी बार हुई गोलीबारी ने पुलिस के सामने भी चुनौती खड़ी कर दी थी। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी।

अमरीश यादव की तहरीर पर मुकदमा

घटना के संबंध में अमरीश यादव की तहरीर पर पांच नामजद प्रमुमन ,रोहित, अनूप, शक्ति,बृजेश और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू किया।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाके से अहम सुराग जुटाए। सर्विलांस और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश की गई। पुलिस की सक्रियता का नतीजा यह रहा कि घटना के महज 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

दरोगा शिवेंद्र यादव की टीम ने दबोचे दो आरोपी

रानीगंज पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अभिषेक यादव उर्फ प्रदुम्न यादव और रोहित यादव, दोनों निवासी जरियारी, थाना रानीगंज, जनपद प्रतापगढ़ को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा और खोखा बरामद किया गया है। बरामदगी के बाद पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि गोलीबारी में इसी हथियार का इस्तेमाल हुआ था या नहीं।

घटना के 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। वहीं, मुकदमे में नामजद अन्य आरोपियों और दो अज्ञात लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।

पुरानी दुश्मनी का अंत कब?

जरियारी गांव में करीब एक वर्ष के अंतराल पर हुई दो गोलीबारी की घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पहले परिवार के दो लोगों के घायल होने और अब लक्ष्मी निधि यादव उर्फ बच्चा यादव को गोली लगने की घटना से ग्रामीणों में दहशत है।

फिलहाल घायल युवक का प्रयागराज में उपचार चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है तथा घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

मासूम से दरिंदगी के प्रयास का आरोपी दूसरे दिन गिरफ्तार, भेजा गया जेल; रात में डरकर उठ जाती है 13 वर्षीय बच्ची

प्रतापगढ़। रानीगंज थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय मासूम के साथ कथित दुष्कर्म के प्रयास की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घटना के दूसरे ही दिन रानीगंज पुलिस ने मामले में वांछित आरोपी राजू गौतम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत बीएनएस की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

वहीं दूसरी ओर, घटना का असर मासूम बच्ची के मन पर गहरा पड़ा है। परिजनों के अनुसार बच्ची घटना के बाद से डरी और सहमी हुई है। रात में सोते समय कई बार डरकर अचानक उठ जाती है। परिवार के लोग उसे संभालते हैं, लेकिन बच्ची अभी भी उस भयावह घटना के सदमे से पूरी तरह बाहर नहीं निकल सकी है। परिजनों के मुताबिक घटना के बाद उसने ठीक से खाना भी नहीं खाया है।

राशन लेकर घर लौट रही थी मासूम

मामला रानीगंज थाना क्षेत्र के तिवारीपुर गांव और सराय रतऊ बाग के आसपास का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार 13 वर्षीय बच्ची सरकारी राशन की दुकान से राशन लेकर साइकिल से अपने घर लौट रही थी। आरोप है कि इसी दौरान तिवारीपुर गांव निवासी करीब 20 वर्षीय राजू गौतम पुत्र बुद्धिराम ने उसे रास्ते में रोक लिया और जबरन जंगल की ओर ले जाने लगा।

आरोप है कि जंगल के अंदर आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। इस दौरान बच्ची ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आता देख आरोपी वहां से भाग निकला और बच्ची किसी तरह उसके चंगुल से बच सकी।

सड़क किनारे पड़ी मिली साइकिल और राशन की बोरी

घटना के बाद आसपास के लोगों ने घटनास्थल के पास सड़क किनारे बच्ची की साइकिल और राशन से भरी बोरी पड़ी होने की बात बताई। वहीं जंगल के अंदर कुछ संदिग्ध सामान मिलने की भी चर्चा सामने आई थी। हालांकि इन सामानों के संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस ने मामले के सभी पहलुओं और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी।

घटना की जानकारी फैलते ही इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार के समर्थन में पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। लोगों ने कहा कि बच्ची किसी भी समाज की हो, उसके साथ हुई घटना पूरे समाज के लिए चिंता और शर्म का विषय है।

POCSO एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा

पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर रानीगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस प्रेस नोट के अनुसार आरोपी के खिलाफ धारा 65(2), 126(2), 352, 351(3) बीएनएस तथा 5M/6 पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर दबिश देने के साथ ही क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की।

मुखबिर की सूचना पर नर्बदा चौराहे से गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को सफलता मिली। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री आलोक कुमार तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी रानीगंज श्री प्रशान्त राज के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी रानीगंज श्री प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित आरोपी नर्बदा चौराहे के पास मौजूद है। सूचना पर उपनिरीक्षक अचिन्त्य शुक्ल ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी राजू गौतम को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस टीम में कांस्टेबल धीरज कुमार, रिजर्व कांस्टेबल शिवम श्रीवास्तव और रिजर्व कांस्टेबल शेरबहादुर यादव भी शामिल रहे।

पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल, अब मासूम को चाहिए भरोसा

घटना के दूसरे दिन आरोपी की गिरफ्तारी से परिवार को राहत जरूर मिली है, लेकिन मासूम की हालत अब भी परिवार के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। परिजनों के अनुसार बच्ची रात में कई बार डरकर उठ जाती है और घटना के बाद से सामान्य तरीके से खाना तक नहीं खा पा रही है।

जिस उम्र में बच्ची को किताबों, खेल और अपने सपनों की दुनिया में होना चाहिए, उस उम्र में उसके मन में डर का साया बैठ गया है।

आरोपी को पुलिस ने पकड़कर जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया, लेकिन मासूम के दिल में बैठा डर अभी भी जिंदा है।

अब जरूरत सिर्फ कानूनी कार्रवाई की नहीं, बल्कि मासूम को सुरक्षा, परिवार का भरोसा और संवेदनशील सहयोग देने की भी है, ताकि वह इस सदमे से धीरे-धीरे बाहर निकल सके।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है। मामले में आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगी।

रास्ते के विवाद में घर पर हमला, हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

प्रतापगढ़। रानीगंज थाना क्षेत्र के पूरे गोलिया गांव में रास्ते के विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज था।

बताया गया कि 29 जुलाई 2026 को रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया था। आरोप है कि अख्तर, अरबाज, रोशन, सलमान, गुफरान, शाहिद, सऊद, अफजल, अशरफ, शादाब, सुफियान और समा सहित अन्य लोग एकराय होकर विपक्षी के घर पहुँचे आरोपियों ने कुल्हाड़ी, धारदार हथियार और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घटना में अबरार के भतीजे शाहरुख और चचेरे भाई साजिद के सिर में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे मो. शोएब और आशमा बानो भी घायल हो गए। गंभीर घायलों को जिला अस्पताल से प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया था।

मामले में रानीगंज थाने पर मुकदमा संख्या 365/2026 दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार और क्षेत्राधिकारी रानीगंज प्रशान्त राज के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार की टीम सक्रिय थी।

इसी क्रम में उपनिरीक्षक अंकित श्रीवास्तव ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर देल्हूपुर-रानीगंज-पहाड़पुर मार्ग से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुफरान उर्फ अब्दुल रज्जाक (29), रोशन (24) और अरबाज उर्फ शहजाद (28) निवासी पूरे गोलिया, थाना रानीगंज के रूप में हुई है।

पुलिस की इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अंकित श्रीवास्तव की सक्रियता और टीम के सदस्य विकास की भूमिका की सराहना की जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी बरामद की है। तीनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

कुत्ते से टकराकर बाइक सवार लाइनमैन घायल, ट्रामा सेंटर में चल रहा इलाज



प्रतापगढ़। रानीगंज थाना क्षेत्र के रानीगंज कस्बे में शनिवार को अचानक सड़क पर कुत्ता आ जाने से बाइक सवार लाइनमैन हादसे का शिकार हो गए। हादसे में सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को उपचार के लिए रानीगंज ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार रानीगंज तहसील फीडर में तैनात लाइनमैन सौरभ पांडेय उर्फ विपिन पांडेय निवासी पचरास थाना रानीगंज प्रतापगढ़ बाइक से रानीगंज तहसील से पावर हाउस जा रहे थे। बताया गया कि जैसे ही दोनों लीलाहा के पास पहुंचे, उसी दौरान अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया। बाइक सवार लाइनमैन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बाइक कुत्ते से टकरा गई।



कुत्ते से टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित हो गई और  लाइनमैन सड़क पर गिर पड़े। हादसे में चोटें आईं। दुर्घटना देखकर आसपास मौजूद लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल की मदद की। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना संबंधित विभाग के कर्मचारियों को भी दी।

हादसे की जानकारी मिलते ही पावर हाउस से रिंकू पांडेय, रमेश पांडेय सहित अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों की स्थिति की जानकारी लेते हुए तत्काल उन्हें रानीगंज ट्रामा सेंटर पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा दोनों का उपचार किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन और विभागीय कर्मचारी भी ट्रामा सेंटर पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। फिलहाल  लाइनमैन का उपचार जारी है। हादसे के बाद आसपास के लोगों में सड़क पर अचानक आने वाले आवारा पशुओं को लेकर चिंता देखने को मिली।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे और आसपास की सड़कों पर आवारा कुत्तों व अन्य पशुओं के अचानक सड़क पर आ जाने से आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों ने संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों से आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

पुरानी रंजिश में फिर तड़तड़ाईं गोलियां, युवक को लगी गोली; जरियारी गांव में मचा हड़कंप

Oplus_16908288



प्रतापगढ़। रानीगंज थाना क्षेत्र के जरियारी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक बार फिर गोलियां चलने से इलाके में सनसनी फैल गई। फायरिंग की इस घटना में एक युवक के घायल होने की सूचना है। गोली चलने की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई।



सूत्रों के अनुसार, जरियारी गांव निवासी प्रदुम्न यादव और बच्चा यादव के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद बताया जा रहा है। इसी दौरान अचानक गोली चलने की बात सामने आई। फायरिंग में एक युवक लक्ष्मी निधि यादव उर्फ बच्चा यादव 28 को लगी गोलीघायल होने की सूचना है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की बात कही जा रही है। हालांकि, घटना के कारणों और फायरिंग में शामिल लोगों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

बताया जा रहा है कि इसी रंजिश को लेकर करीब एक वर्ष पहले भी गोली चलने की घटना सामने आई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उस समय भी इलाके में काफी चर्चा हुई थी। अब एक बार फिर उसी गांव में गोलियां चलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है।

घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस फायरिंग के पीछे की वास्तविक वजह, आरोपियों की भूमिका और घटना में प्रयुक्त हथियार के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

एक ही रंजिश को लेकर दोबारा गोली चलने की घटना ने पुलिस के सामने भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों में इस बात को लेकर चर्चा है कि आखिर पुरानी अदावत का सिलसिला कब थमेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है और जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

रानीगंज के जरियारी गांव में हुई इस सनसनीखेज फायरिंग की पूरी खबर और पुलिस कार्रवाई की जानकारी के लिए जुड़े रहिए…

भाई की आखिरी विदाई में शामिल होने की ख्वाहिश पर पिघला न्याय का दिल, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बंदियों को दी कस्टडी पैरोल की अनुमति

प्रयागराज। इंसानी रिश्तों की अहमियत और न्याय व्यवस्था में मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश करते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक ऐसा आदेश दिया है, जिसकी हर ओर चर्चा हो रही है। अदालत ने कहा कि किसी व्यक्ति को अपने सगे भाई की अंतिम विदाई और धार्मिक रस्मों में शामिल होने के अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता।

मामला उस समय सामने आया, जब न्यायिक अभिरक्षा में बंद दो भाइयों के सामने अपने ही भाई की मौत के बाद आखिरी बार उसे विदा करने की पीड़ा खड़ी हो गई। जेल की सलाखों के पीछे होने के कारण दोनों भाई अपने परिवार के इस दुख भरे समय में शामिल नहीं हो पा रहे थे। इसके बाद उन्होंने न्याय की चौखट पर दस्तक दी और अपने दिवंगत भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति मांगी।

भाई की मौत के बाद परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

इलाहाबाद हाईकोर्ट में दाखिल याचिका Criminal Misc. Writ Petition No. 19356 of 2026 (Parveen Qureshi बनाम State of U.P. व अन्य) में बताया गया कि मोहम्मद उमर और अली अहमद न्यायिक अभिरक्षा में अलग-अलग जेलों में निरुद्ध हैं। इसी बीच उनके भाई अबान अहमद का निधन हो गया।

भाई के निधन की खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। ऐसे समय में जब परिवार को अपनों के साथ की जरूरत थी, दोनों भाई जेल में होने के कारण अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पा रहे थे। उन्होंने अदालत से गुहार लगाई कि उन्हें कुछ समय के लिए अपने भाई की अंतिम विदाई में शामिल होने का अवसर दिया जाए, ताकि वे धार्मिक परंपराओं और अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी पूरी कर सकें।

हाईकोर्ट ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सुनी दोनों भाइयों की बात

मामले की सुनवाई के दौरान इलाहाबाद हाईकोर्ट ने संवेदनशीलता दिखाते हुए दोनों बंदियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत की। अदालत ने उनकी भावनाओं को समझा और उनसे अंतिम संस्कार में शामिल होने की इच्छा के बारे में जानकारी ली।

दोनों बंदियों ने न्यायालय के सामने अपने दिवंगत भाई को अंतिम विदाई देने की इच्छा जताई। उन्होंने बताया कि परिवार के इस कठिन समय में उनकी मौजूदगी बेहद जरूरी है।

वहीं, राज्य सरकार की ओर से भी इस मानवीय मांग पर कोई सिद्धांतगत आपत्ति नहीं जताई गई।

अदालत ने कहा- परिवार के दुख में शामिल होने का अधिकार छीना नहीं जा सकता

सभी परिस्थितियों पर विचार करने के बाद हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि मोहम्मद उमर और अली अहमद को उनके दिवंगत भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता।

न्यायालय ने टिप्पणी करते हुए कहा—

“Mohd. Umar and Ali Ahmad cannot be denied their rights to attend funeral rites of their deceased brother. Sinews of a nation are strengthened when the liberties of its citizens are protected.”

अर्थात, किसी भी व्यक्ति को अपने सगे भाई की अंतिम विदाई में शामिल होने के अधिकार से दूर नहीं किया जा सकता। किसी राष्ट्र की वास्तविक मजबूती तभी होती है, जब उसके नागरिकों के अधिकारों और स्वतंत्रता की रक्षा की जाती है।

08 अगस्त को अंतिम संस्कार में शामिल होंगे दोनों बंदी

हाईकोर्ट ने दोनों भाइयों को 08 अगस्त 2026 की रात 8 बजे प्रयागराज स्थित कसारी मसारी कब्रिस्तान में आयोजित अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति प्रदान की है।

हालांकि अदालत ने कानून व्यवस्था और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोनों को पुलिस अभिरक्षा में रखने का आदेश दिया है। उन्हें जेल से सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्यक्रम स्थल तक ले जाया जाएगा और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वापस संबंधित जेलों में भेज दिया जाएगा।

डीजीपी को सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश

न्यायालय ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिया है कि दोनों बंदियों की सुरक्षा के लिए एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की नियुक्ति की जाए। यह अधिकारी पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेगा, जिससे न्यायालय के आदेश का पालन भी हो और सुरक्षा व्यवस्था भी बनी रहे।

परिजनों से मिलने की भी मिली इजाजत

मानवीय पहलू को ध्यान में रखते हुए हाईकोर्ट ने दोनों बंदियों को अपने छोटे भाई एहजाम अहमद और बुआ परवीन कुरैशी से मिलने की भी अनुमति दी है।

यह मुलाकात पुलिस निगरानी में होगी और इसके लिए एक घंटे का समय निर्धारित किया गया है। अदालत ने साफ किया है कि अंतिम संस्कार और मुलाकात के अलावा दोनों बंदी किसी अन्य गतिविधि में शामिल नहीं होंगे।

हाईकोर्ट ने तय कीं सख्त शर्तें

अदालत ने कस्टडी पैरोल देते हुए कुछ आवश्यक शर्तें भी लगाई हैं। दोनों बंदी—

  • किसी भी सार्वजनिक सभा को संबोधित नहीं करेंगे।
  • मीडिया या सोशल मीडिया से बातचीत नहीं करेंगे।
  • अंतिम संस्कार के अलावा किसी अन्य कार्यक्रम में भाग नहीं लेंगे।
  • केवल धार्मिक अनुष्ठान कराने वाले व्यक्ति और निर्धारित परिजनों से ही बातचीत करेंगे।
  • पुलिस और प्रशासन के सभी निर्देशों का पालन करेंगे।

न्याय के साथ संवेदना का संदेश

इलाहाबाद हाईकोर्ट का यह आदेश केवल एक मामले तक सीमित नहीं है, बल्कि यह न्याय व्यवस्था के मानवीय चेहरे को भी सामने लाता है। अदालत ने दिखाया कि कानून का पालन करते हुए भी इंसानी भावनाओं और पारिवारिक रिश्तों की अहमियत को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

यह फैसला इस बात का संदेश देता है कि न्याय केवल नियमों और प्रक्रियाओं का नाम नहीं है, बल्कि उसमें संवेदनशीलता, करुणा और परिस्थितियों को समझने की भावना भी शामिल होती है।

जब कोई व्यक्ति अपने प्रियजन को खो देता है, तब अंतिम विदाई का अवसर उसके जीवन का बेहद भावुक पल होता है। ऐसे समय में हाईकोर्ट का यह आदेश न्याय और मानवता के सुंदर संतुलन का उदाहरण बनकर सामने आया है।

कलेक्ट्रेट में अतिक्रमण पर डीएम का सख्त रुख, एक सप्ताह में हटेंगे अवैध कब्जे; जाम, गंदगी और अव्यवस्था से मिलेगी राहत

प्रतापगढ़। कलेक्ट्रेट परिसर को व्यवस्थित, स्वच्छ और आम लोगों के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट परिसर में किए गए अवैध कब्जों और अनियमित वाहन पार्किंग को लेकर सार्वजनिक सूचना जारी कर सख्त निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि एक सप्ताह के भीतर सभी अवैध कब्जे स्वयं हटा लिए जाएं, अन्यथा प्रशासनिक टीम अभियान चलाकर बलपूर्वक कार्रवाई करेगी। कार्रवाई के दौरान आने वाला खर्च भी संबंधित अतिक्रमणकारियों से ही वसूला जाएगा।

जिलाधिकारी की इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल कब्जे हटाना नहीं, बल्कि कलेक्ट्रेट परिसर को ऐसी व्यवस्था देना है, जिससे यहां आने वाले वादकारियों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और आम नागरिकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। लंबे समय से परिसर में कई स्थानों पर अस्थायी निर्माण, छाजन, गुमटियां और अन्य प्रकार के कब्जे होने से व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।

कहां-कहां किए गए हैं अवैध कब्जे

जिला प्रशासन के अनुसार कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित विभिन्न राजकीय भवनों के आसपास, सेप्टिक टैंकों के पास, नवनिर्मित वादकारी शेड के नीचे बने पार्किंग स्थल, बाउंड्रीवाल के किनारे और अन्य खाली स्थानों पर अवैध रूप से कब्जे कर लिए गए हैं। कई लोगों ने अस्थायी छाजन बनाकर सामान रखने, दुकान लगाने या अन्य गतिविधियों के लिए जगह घेर रखी है।

इसके अलावा कलेक्ट्रेट परिसर में आने-जाने वाले मार्गों पर भी कई बार वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे रास्ते संकरे हो जाते हैं। इसका सीधा असर आम लोगों की आवाजाही पर पड़ता है। विशेषकर मुकदमों की सुनवाई के लिए आने वाले वादकारियों, बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग लोगों को अधिक परेशानी उठानी पड़ती है।

क्या दिक्कत आती है अतिक्रमण से

कलेक्ट्रेट जिले का सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक केंद्र होता है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपने कामों को लेकर पहुंचते हैं। ऐसे में परिसर में अवैध कब्जे और बेतरतीब पार्किंग कई समस्याओं को जन्म देती है।

सबसे बड़ी समस्या आवागमन की होती है। रास्तों पर वाहन खड़े होने और अस्थायी निर्माण होने से लोगों को निकलने में परेशानी होती है। कई बार भीड़ के समय जाम जैसी स्थिति बन जाती है। आपात स्थिति में एंबुलेंस या अन्य जरूरी वाहनों के निकलने में भी बाधा उत्पन्न हो सकती है।

इसके अलावा अवैध कब्जों के कारण परिसर की सुंदरता और स्वच्छता भी प्रभावित होती है। अस्थायी निर्माणों के आसपास गंदगी जमा होने, कूड़ा फैलने और सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। सरकारी भवनों के आसपास कब्जे होने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी असर पड़ता है।

कलेक्ट्रेट आने वाले लोगों में प्रशासनिक व्यवस्था की पहली छवि इसी परिसर से बनती है। ऐसे में अव्यवस्थित माहौल से आम लोगों में गलत संदेश जाता है।

वादकारियों और अधिवक्ताओं को होती है परेशानी

कलेक्ट्रेट में प्रतिदिन राजस्व, न्यायिक और प्रशासनिक कार्यों के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। जमीन विवाद, प्रमाण पत्र, शिकायत, सुनवाई और अन्य सरकारी कार्यों के लिए आने वाले लोगों को कई बार वाहन खड़ा करने की जगह नहीं मिलती।

अधिवक्ताओं और वादकारियों को भी अपने कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों तक पहुंचने में कठिनाई होती है। रास्तों पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण बुजुर्ग और दूर-दराज से आने वाले लोगों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ती है।

हटने के बाद क्या होगा फायदा

अतिक्रमण हटने के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में आवागमन आसान होगा। लोगों को चलने के लिए पर्याप्त जगह मिलेगी और वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर व्यवस्थित तरीके से खड़ा किया जा सकेगा।

खाली होने वाले स्थानों का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा। परिसर में सफाई व्यवस्था मजबूत होगी और सरकारी भवनों के आसपास बेहतर माहौल तैयार होगा। आम नागरिकों को अपने काम के लिए कार्यालयों तक पहुंचने में कम समय लगेगा।

इसके अलावा प्रशासनिक कार्यों में भी तेजी आएगी। अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। कलेक्ट्रेट परिसर अधिक साफ-सुथरा और व्यवस्थित नजर आएगा।

पहले भी दिए गए थे निर्देश

जिलाधिकारी ने बताया कि इससे पहले भी कार्यालय स्तर से अतिक्रमण हटाने के लिए निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन अपेक्षित परिणाम नहीं मिला। इसके बाद अब सार्वजनिक सूचना जारी कर अंतिम चेतावनी दी गई है।

प्रशासन ने सभी कब्जाधारियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के अंदर स्वयं अपने अवैध कब्जे हटा लें, ताकि किसी प्रकार की कार्रवाई की स्थिति न बने। साथ ही वाहन स्वामियों को भी निर्देश दिया गया है कि वे केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़े करें।

प्रशासन का अभियान होगा निर्णायक

जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि तय समय सीमा के बाद किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कब्जे नहीं हटाए गए तो अभियान चलाकर उन्हें हटाया जाएगा। इस दौरान होने वाले खर्च की वसूली संबंधित लोगों से की जाएगी और नियमों के अनुसार कार्रवाई भी की जाएगी।

डीएम के इस आदेश के बाद अब कलेक्ट्रेट परिसर में वर्षों से चली आ रही अव्यवस्था दूर होने की उम्मीद जताई जा रही है। प्रशासन का मानना है कि अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित परिसर से आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और सरकारी कार्यों में भी सुगमता आएगी।

प्रतापगढ़ में नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 6.190 किलो गांजा बरामद कर तीन आरोपी गिरफ्तार

प्रतापगढ़। जनपद में अपराध और नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना बाघराय पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को कुल 6 किलो 190 ग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बरामद गांजे के साथ प्रयुक्त चार पहिया वाहन को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय एवं क्षेत्राधिकारी सदर मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष श्रवण कुमार अपनी टीम के साथ थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक अवैध गांजा लेकर औतारपुर रामवन गमन मार्ग तिराहा की ओर जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी और तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 6 किलो 190 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों की पहचान युवराज सिंह (23 वर्ष) निवासी उमरी कोटिला, निखिल सिंह (20 वर्ष) निवासी कोर्रही तथा आलोक सिंह (20 वर्ष) निवासी कोर्रही, थाना बाघराय, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई।

बरामदगी के आधार पर थाना बाघराय में मु0अ0सं0 198/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, आरोपियों के कब्जे से बरामद चार पहिया वाहन को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह भी पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार और अपराधियों के विरुद्ध “ऑपरेशन प्रहार” लगातार प्रभावी ढंग से जारी रहेगा। किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई को सफल बनाने में थानाध्यक्ष श्रवण कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक दिनेश कुमार, मुख्य आरक्षी अभिषेक कुमार, आरक्षी सत्यप्रकाश, चालक अजीत कुमार, उपनिरीक्षक राजाराम सिंह, आरक्षी सिकन्दर मौर्य, राहुल यादव, महिला आरक्षी आँचल सिंह एवं मिली सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

उदयपुर पुलिस ने नकबजनी का किया खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार; चांदी की पायल, नकदी व ट्रैक्टर के पार्ट बरामद

प्रतापगढ़। उदयपुर थाना क्षेत्र में हुई नकबजनी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई चांदी की पायल, नकदी तथा ट्रैक्टर के चोरी किए गए लोहे के पार्ट बरामद किए गए हैं। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने इस वारदात के साथ-साथ अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है, जिनका पुलिस सत्यापन कर रही है।

जानकारी के अनुसार, उदयपुर थाना क्षेत्र के पूरे ओरी मजरा रेहुआलालगंज निवासी एक व्यक्ति ने 23 जुलाई को अपने घर में हुई चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया था कि अज्ञात चोर घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।

अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी लालगंज राजीव द्विवेदी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक दीप नारायण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साक्ष्य संकलन, मुखबिर की सूचना और सुरागरसी के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू सिंह उर्फ अमरेश सिंह (34 वर्ष) तथा शिवम सिंह (25 वर्ष), निवासी पूरे नेवली मजरा रेहुआलालगंज, थाना उदयपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की दो जोड़ी चांदी की पायल, छह हजार रुपये नकद तथा ट्रैक्टर के दो लोहे के पार्ट बरामद किए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 22 और 23 जुलाई की रात पीछे के दरवाजे की कुंडी और कमरे का ताला तोड़कर मकान में प्रवेश किया था। इसके बाद बक्से और अलमारी में रखे आभूषण तथा नकदी चोरी कर पीछे के रास्ते से फरार हो गए। चोरी के बाद दोनों बक्से को नदी किनारे ले गए, उसमें से सामान और नकदी निकाल ली तथा खाली बक्से को नदी में फेंक दिया। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि अधिकांश आभूषण पैसों की जरूरत के कारण अलग-अलग लोगों को कम कीमत पर बेच दिए थे।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने थाना सांगीपुर क्षेत्र में हुई कुछ अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस उन मामलों का सत्यापन कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

उदयपुर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।