Home Blog Page 16

प्रतापगढ़ पुलिस का साइबर नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, 12.18 करोड़ की ऑनलाइन ठगी से जुड़े अंतरराज्यीय गिरोह के 17 आरोपी गिरफ्तार

प्रतापगढ़। जनपद पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ऑनलाइन ठगी नेटवर्क से जुड़े 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह देशभर में सक्रिय साइबर अपराधियों को बैंक खाते, सिम कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर करोड़ों रुपये की ऑनलाइन ठगी को अंजाम दिलाने में सहयोग कर रहा था। जांच में अब तक 12 करोड़ 18 लाख रुपये की साइबर ठगी का खुलासा हुआ है।

अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि जिले के 10 अलग-अलग थानों में दर्ज 14 साइबर अपराध के मुकदमों की जांच के दौरान इस संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी स्वयं लोगों से ऑनलाइन ठगी नहीं करते थे, बल्कि अपने नाम से खुले बैंक खाते, सिम कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इन खातों और सिम कार्डों का इस्तेमाल दूसरे राज्यों में बैठे ठग ऑनलाइन फ्रॉड करने के लिए करते थे।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों को प्रत्येक बैंक खाते या सिम कार्ड के बदले 5 हजार से 10 हजार रुपये तक का भुगतान किया जाता था। इस माध्यम से साइबर अपराधी देशभर के लोगों को अपना शिकार बनाकर करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग लेनदेन की जांच के आधार पर पूरे नेटवर्क तक पहुंच बनाई।

एएसपी आलोक कुमार ने बताया कि मामले की विवेचना अभी जारी है और पुलिस गिरोह के मुख्य सरगना की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। साथ ही ठगी की गई रकम की बरामदगी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस नेटवर्क के मुख्य संचालक समेत अन्य फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस कार्रवाई में पुलिस ने श्रीराम गौतम, सचिन सिंह, सचिन पटेल, विराज सिंह, लवकुश सरोज, रवि कुमार, मुकेश कुमार, दीपक सिंह, अर्पित कुमार, अंकित त्रिवेदी, अंकित कुमार पटेल सहित कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

एक्शन मोड में प्रतापगढ़ पुलिस, साइबर अपराधियों समेत कई आरोपी सलाखों के पीछे

बीडीसी सदस्य गुलसहीम उर्फ बुद्धन समेत तीन वारंटी गिरफ्तार, रानीगंज पुलिस की कार्रवाई


प्रतापगढ़। रानीगंज थाना पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंट के अनुपालन में बड़ी कार्रवाई करते हुए बीडीसी सदस्य गुलसहीम उर्फ बुद्धन समेत उनके दो पुत्रों फैसल और कैफ को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी थाना रानीगंज क्षेत्र के जगदीशपुर (मेदौली) गांव के निवासी हैं और एक पुराने आपराधिक मामले में न्यायालय से वांछित चल रहे थे। पुलिस टीम ने तीनों को उनके घर के पास से दबोच लिया।

पिता पुत्र को जेल भेजती पुलिस

1. वारंटी पर शिकंजा: लालगंज पुलिस ने 21 साल पुराने मामले के आरोपी को दबोचा

प्रतापगढ़। अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत लालगंज पुलिस ने वर्षों से लंबित वारंट का सफल अनुपालन करते हुए एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने आरोपी राकेश कुमार निवासी कैथौला को उसके घर के पास से दबोच लिया। आरोपी वर्ष 2004 में दर्ज मारपीट और गाली-गलौज के मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर चल रही कार्रवाई में लालगंज पुलिस लगातार फरार और वारंटी अभियुक्तों की धरपकड़ कर रही है।

2. मान्धाता पुलिस की कार्रवाई: वारंटी अभियुक्त आखिरकार कानून के शिकंजे में

प्रतापगढ़। मान्धाता थाना पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंट का पालन करते हुए एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने रामसुन्दर यादव निवासी छेमीपुर को उसके घर के निकट से दबोचा। आरोपी मारपीट और धमकी से जुड़े मुकदमे में लंबे समय से वांछित था। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत पुलिस लगातार ऐसे आरोपियों की तलाश कर रही है जो न्यायालय से जारी वारंट के बावजूद गिरफ्तारी से बच रहे थे।

3. एनडीपीएस केस का वारंटी गिरफ्तार, मान्धाता पुलिस की सटीक कार्रवाई

प्रतापगढ़। मादक पदार्थ अधिनियम से जुड़े पुराने मुकदमे में फरार चल रहे वारंटी अभियुक्त को मान्धाता पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने मोहम्मद जिब्राइल निवासी तरौल को उसके घर के पास से दबोच लिया। आरोपी एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में न्यायालय से वांछित था। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर चल रहे विशेष अभियान के दौरान यह सफलता मिली। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय भेज दिया गया।

4. गैंगस्टर एक्ट का वारंटी चढ़ा पुलिस के हत्थे, सांगीपुर पुलिस की बड़ी सफलता

प्रतापगढ़। अपराधियों पर लगातार शिकंजा कस रही सांगीपुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित वारंटी अभियुक्त विक्रम सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से न्यायालय में पेश नहीं हो रहा था। पुलिस टीम ने उसे उसके गांव शीताली का पुरवा स्थित घर के पास से पकड़ लिया। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

5. हत्या के प्रयास में पांच आरोपी गिरफ्तार, दो डंडे भी बरामद

प्रतापगढ़। भगवतगंज बाजार में पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट के मामले में मान्धाता पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो डंडे भी बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने मारपीट की घटना स्वीकार करते हुए गिरफ्तारी से बचने के लिए भागने की तैयारी की बात कही। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।

पांच आरोपी भेजे गए जेल

6. लीलापुर पुलिस का बड़ा अभियान, चार वारंटी एक साथ गिरफ्तार

प्रतापगढ़। लीलापुर थाना पुलिस ने न्यायालय से वांछित चार अभियुक्तों को एक साथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन लोग मारपीट के पुराने मुकदमे तथा एक आरोपी हत्या के मामले में वांछित था। पुलिस टीम ने सभी को उनके घरों के पास से दबोच लिया। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर जिलेभर में चल रहे अभियान के तहत फरार और वारंटी अभियुक्तों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

सरकारी काम में बाधा डालने वालों पर कड़ा प्रहार, हथिगवां पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा


प्रतापगढ़। सरकारी कार्य में बाधा, लोक सेवक के साथ मारपीट और धमकी देने के मामले में हथिगवां पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार विद्युत उपकेंद्र हथिगवां में ड्यूटी कर रहे अवर अभियंता के साथ विवाद के बाद मारपीट और अभद्रता की गई थी। मामले में मो. रईस और अनीस को पुलिस ने कैमा क्षेत्र से पकड़ लिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

फतनपुर पुलिस की कार्रवाई, पुराने मुकदमे के दो वारंटी गिरफ्तार


प्रतापगढ़। न्यायालय से जारी वारंट के अनुपालन में फतनपुर पुलिस ने अभियान चलाकर दो वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने रंजीत यादव और तेजबहादुर यादव निवासी पटहटिया खुर्द को उनके घर के पास से दबोचा। दोनों आरोपी मारपीट और धमकी से जुड़े पुराने मुकदमे में न्यायालय से वांछित चल रहे थे। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत लगातार फरार आरोपियों की धरपकड़ की जा रही है।

₹2.26 करोड़ साइबर फ्रॉड का खुलासा, लीलापुर पुलिस ने मास्टरमाइंड को पकड़ा


प्रतापगढ़। साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लीलापुर पुलिस ने करोड़ों रुपये की ऑनलाइन ठगी के मामले में मुख्य आरोपी विराज सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बैंक खाते और डिजिटल माध्यमों की जानकारी साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराकर अवैध लेन-देन में शामिल था। जांच में करीब 2 करोड़ 26 लाख रुपये से अधिक के साइबर फ्रॉड का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपी को सगरा सुंदरपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

करोड़ो का खेल करने वाला गया जेल

सर्राफा लूट का खुलासा, कोतवाली नगर पुलिस ने तीन लुटेरों को दबोचा


प्रतापगढ़। सर्राफा व्यवसायी से तमंचे के बल पर हुई लूट की घटना का कोतवाली नगर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट का सामान, नकदी, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने रेकी कर सुनसान स्थान पर वारदात को अंजाम दिया था। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चांदी के आभूषण, नगदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा है।

58 वर्षीय वारंटी गिरफ्तार, देल्हूपुर पुलिस ने पुराने मामले में की कार्रवाई


प्रतापगढ़। देल्हूपुर थाना पुलिस ने पुराने आपराधिक मामले में फरार चल रहे एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने राकेश पुत्र रामलाल पासी निवासी पवारपुर डिहवा को उसके घर के पास से दबोचा। आरोपी वर्ष 1998 के एक मामले में न्यायालय से वांछित चल रहा था। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत देल्हूपुर पुलिस लगातार न्यायालय के आदेशों का पालन कर रही है।

साइबर अपराधियों के नेटवर्क पर प्रहार, दिलीपपुर पुलिस ने गिरोह के सदस्य को दबोचा


प्रतापगढ़। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में दिलीपपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी कराने वाले गिरोह के एक वांछित सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी म्यूल बैंक खातों और सिम कार्ड की व्यवस्था कर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराता था, जिसके जरिए ठगी की रकम का लेन-देन किया जाता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर साइबर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है।

अपराधियों पर लगातार शिकंजा, प्रतापगढ़ पुलिस अभियान में कई बड़ी गिरफ्तारियां


प्रतापगढ़। अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए वारंटी, वांछित और गंभीर मामलों में शामिल आरोपियों पर शिकंजा कसा गया। पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों से आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

पुराने मामलों में फरार आरोपियों की खैर नहीं, पुलिस ने तेज किया गिरफ्तारी अभियान


प्रतापगढ़। न्यायालय से जारी वारंटों के अनुपालन को लेकर पुलिस ने जिलेभर में अभियान तेज कर दिया है। लगातार कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने वर्षों पुराने मामलों में फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार ऐसे सभी अभियुक्तों की सूची तैयार कर उनकी तलाश की जा रही है, जो लंबे समय से कानून की पकड़ से बाहर थे। पुलिस की इस कार्रवाई से फरार आरोपियों में हड़कंप मचा हुआ है।

थाना स्तर पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस अलर्ट


प्रतापगढ़। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर थाना स्तर पर विशेष अभियान चलाकर वांछित और वारंटी अभियुक्तों की धरपकड़ की जा रही है। पुलिस टीमों द्वारा क्षेत्र में गश्त, जांच और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि अपराध करने वालों और कानून से बचने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

प्रतापगढ़ पुलिस की लगातार कार्रवाई, अपराधियों में मचा हड़कंप


प्रतापगढ़। जिले में पुलिस की लगातार कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गिरफ्तारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने गंभीर अपराधों, साइबर अपराध, लूट, मारपीट और पुराने मुकदमों में वांछित आरोपियों पर कार्रवाई करते हुए कानून का शिकंजा मजबूत किया है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान बिना किसी भेदभाव के लगातार जारी रहेगा।

साइबर ठगों के गिरोह का पर्दाफाश, कोतवाली नगर पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोचा


प्रतापगढ़। साइबर अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान में कोतवाली नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी करने वाले संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी अपने बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए करते थे। पुलिस के अनुसार गिरोह साइबर अपराधियों के संपर्क में रहकर अवैध आर्थिक लाभ कमा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों से साइबर ठगी के नेटवर्क, बैंक खातों और अन्य साथियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

यूपीआई और बैंक खातों से ठगी का नेटवर्क, कुण्डा पुलिस ने खोला साइबर खेल का राज


प्रतापगढ़। साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुण्डा पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के नेटवर्क से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने यूपीआई, क्यूआर कोड और बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि के ट्रांसफर में करता था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि साइबर अपराधियों से मिली रकम को खातों के जरिए आगे भेजा जाता था और इसके बदले कमीशन लिया जाता था। पुलिस ने आरोपी के पास से ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस अब साइबर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

साइबर ठगी के देशव्यापी नेटवर्क पर प्रतापगढ़ पुलिस का सबसे बड़ा प्रहार, 8 थानों की संयुक्त कार्रवाई

प्रतापगढ़: साइबर ठगी पर पुलिस का सबसे बड़ा प्रहार, संगठित गिरोह के 16 सदस्य गिरफ्तार

बैंक खाते, सिम कार्ड और दस्तावेज उपलब्ध कराकर देशभर में करोड़ों की ऑनलाइन ठगी कराने वाले नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई


प्रतापगढ़। जनपद पुलिस ने साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए संगठित साइबर ठगी गिरोह के 16 सदस्यों को विभिन्न थाना क्षेत्रों से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में जनपद के अलग-अलग थानों द्वारा की गई।

पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सीधे तौर पर ऑनलाइन ठगी करने के बजाय साइबर अपराधियों को अपने नाम से खुलवाए गए बैंक खाते, एटीएम, चेकबुक, नेट बैंकिंग, मोबाइल सिम कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराते थे। इन खातों के माध्यम से देशभर में साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि का लेन-देन किया जाता था। इसके बदले आरोपियों को प्रत्येक बैंक खाते और सिम कार्ड के एवज में कमीशन दिया जाता था।


राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) और अन्य तकनीकी जांच के दौरान इन आरोपियों से जुड़े बैंक खातों एवं मोबाइल नंबरों के विरुद्ध देश के विभिन्न राज्यों से ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की अनेक शिकायतें दर्ज मिलीं। जांच के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया।


गिरफ्तार किए गए आरोपियों में थाना लीलापुर से विराज सिंह, दिलीपपुर से कन्हैयालाल, बाघराय से सचिन पटेल, आसपुर देवसरा से श्रीराम गौतम एवं सचिन सिंह, पट्टी से मुकेश कुमार वर्मा एवं रवि कुमार, जेठवारा से दीपक सिंह, कृष्ण लाल प्रजापति और हरिश्चंद्र, नगर कोतवाली से श्रेयांश द्विवेदी, अर्पित उपाध्याय, अंकित द्विवेदी, अंकित कुमार पटेल और युवराज सिंह, तथा कुंडा से प्रदीप कुमार सोनकर शामिल हैं।


पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इन खातों के माध्यम से अब तक कितनी धनराशि का लेन-देन हुआ और गिरोह का नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है।


पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि जनपद में साइबर अपराधियों एवं उनके सहयोगियों के विरुद्ध अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि कोई भी व्यक्ति लालच में आकर अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल सिम, ओटीपी या नेट बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी अन्य को उपलब्ध न कराए। ऐसा करना न केवल साइबर अपराध को बढ़ावा देता है, बल्कि संबंधित व्यक्ति को भी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।


जनपद पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर अपराधियों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी हो सकती है।

देशभर में साइबर ठगी का नेटवर्क बेनकाब, मास्टरमाइंड विराज सिंह प्रतापगढ़ के लीलापुर से गिरफ्तार

प्रतापगढ़: ₹2.26 करोड़ की साइबर ठगी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, लीलापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

प्रतापगढ़। जनपद की थाना लीलापुर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए करोड़ों रुपये की ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी देशभर में सक्रिय साइबर अपराधियों को बैंक खाते, नेट बैंकिंग और मोबाइल नंबर उपलब्ध कराकर साइबर ठगी के नेटवर्क को संचालित करने में सहयोग करता था। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को साइबर अपराध के संगठित नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान विराज सिंह के रूप में हुई है। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी कमीशन के लालच में अपने और अन्य लोगों के बैंक खाते, एटीएम, नेट बैंकिंग तथा मोबाइल नंबर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराता था। इन खातों का इस्तेमाल देशभर में ऑनलाइन ठगी से प्राप्त रकम को विभिन्न खातों में ट्रांसफर करने और उसे निकालने के लिए किया जाता था।

थाना लीलापुर पुलिस द्वारा की गई जांच में एनसीआरपी (National Cyber Crime Reporting Portal) पर संबंधित बैंक खाते के विरुद्ध देश के विभिन्न राज्यों से 08 शिकायतें दर्ज मिलीं। इन शिकायतों में कुल ₹2,26,68,490.80 की साइबर वित्तीय धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय तथा क्षेत्राधिकारी लालगंज राजीव द्विवेदी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी अमला सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को सगरा सुन्दरपुर पहाड़पुर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक गिरजाशंकर यादव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अंकुर कैथवास, उपनिरीक्षक सौरभ यादव, हेड कांस्टेबल अजय यादव, कांस्टेबल महेश यादव तथा कांस्टेबल राजीव मौर्या की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, मोबाइल नंबर, ओटीपी या नेट बैंकिंग की जानकारी साझा न करें। यदि कोई संदिग्ध साइबर गतिविधि सामने आए तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

पुरानी रंजिश में हमला करने वाले 5 आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे, हत्या के प्रयास के केस में दो डंडे भी बरामद

प्रतापगढ़: हत्या के प्रयास के मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त दो डंडे भी बरामद

प्रतापगढ़। मांधाता थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो डंडे भी बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को थाना मांधाता क्षेत्र के भगवतगंज बाजार स्थित एक सीमेंट-सरिया की दुकान के सामने पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों ने वादी के पुत्र पर लाठी-डंडों और हॉकी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के दौरान आसपास के लोगों के जुटने पर सभी आरोपी घायल को मौके पर छोड़कर फरार हो गए थे। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना मांधाता में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई थी।

पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री आलोक कुमार तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी रानीगंज श्री प्रशान्त राज के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी मांधाता अरविन्द कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भगवतगंज बाजार के पास घेराबंदी कर पांचों वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिन्देश्वरी सोनी (31), सूरज सोनी (31), आर्यन सोनी (19), शिवा सोनी (21) तथा संदीप सोनी (25) निवासी ग्राम भगवतगंज, थाना मांधाता, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि एक दिन पहले अकारीपुर गांव में मारपीट की घटना हुई थी, जिसमें राजू सिंह घायल हो गए थे और उसी मामले में उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ था। गिरफ्तारी के डर से वे क्षेत्र छोड़कर भागने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो डंडे भी बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन विवेचना की जा रही है तथा घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।


तेज रफ्तार का कहर! चौकी प्रभारी अंकित श्रीवास्तव की कार को पिकअप ने मारी भीषण टक्कर

रानीगंज चौकी प्रभारी की कार को पिकअप ने मारी जोरदार टक्कर, सिर में गंभीर चोट

प्रतापगढ़। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें रानीगंज बाजार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अंकित श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार पिकअप की जोरदार टक्कर से उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर लगते ही कार के एयरबैग खुल गए और वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।



जानकारी के अनुसार, चौकी प्रभारी अंकित श्रीवास्तव अपनी निजी कार से दरियापुर पावर हाउस चौकी की ओर जा रहे थे। जैसे ही उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग से चौकी की ओर वाहन मोड़ा, उसी दौरान प्रतापगढ़ से बादशाहपुर की दिशा में तेज गति से जा रही एक पिकअप ने ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिकअप की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सीधी टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सड़क पर ही झटके के साथ रुक गई और उसके एयरबैग तुरंत खुल गए। आसपास मौजूद लोगों और दरियापुर पावर हाउस चौकी के पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। घायल चौकी प्रभारी को कार से बाहर निकाला गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया और कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

घायल उपनिरीक्षक अंकित श्रीवास्तव को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से रानीगंज ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। जांच के दौरान उनके सिर में गंभीर चोट लगी है । चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। पुलिस विभाग के अधिकारी लगातार उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं।

हादसे के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया। वाहन को भी कब्जे में लेकर थाने भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में ओवरटेक करने के दौरान लापरवाही सामने आने की बात कही जा रही है।

थाना रानीगंज प्रभारी निरीक्षक विजयकांत सत्यार्थी ने बताया कि घायल उपनिरीक्षक का उपचार जारी है। पिकअप चालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के संबंध में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार सड़क हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। इसी मार्ग पर दो दिन पहले भी तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से एक कार में सवार सगे भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई थी। लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन संचालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर प्रभावी यातायात नियंत्रण, सख्त निगरानी और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

रानीगंज पुलिस का बड़ा प्रहार, पॉक्सो केस का फरार आरोपी दबोचा

रानीगंज पुलिस की बड़ी सफलता: अपहरण, दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट का वांछित आरोपी गिरफ्तार, इंस्पेक्टर विजयकांत सत्यार्थी की टीम ने दिखाई मुस्तैदी

प्रतापगढ़। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रानीगंज पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी को थाना रानीगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को थाना क्षेत्र के नरसिंहगढ़ पुलिया के पास से दबोच लिया। इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में रानीगंज पुलिस की सक्रियता और थाना प्रभारी निरीक्षक विजयकांत सत्यार्थी के नेतृत्व की सराहना की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में जनपदभर में अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी रानीगंज प्रशान्त राज के कुशल पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक विजयकांत सत्यार्थी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक विश्वकर्मा (20 वर्ष) पुत्र श्रीनाथ विश्वकर्मा, निवासी ग्राम कौलापुर नन्द पट्टी, थाना रानीगंज, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध थाना रानीगंज में भारतीय न्याय संहिता की धारा तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

पुलिस के अनुसार शनिवार को क्षेत्र में नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विजयकांत सत्यार्थी के निर्देशन में उपनिरीक्षक राजेश कुमार यादव, कांस्टेबल योगेन्द्र सिंह तथा आरक्षी श्याम कन्हैया सरोज ने घेराबंदी कर नरसिंहगढ़ पुलिया के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

रानीगंज थाना प्रभारी विजयकांत सत्यार्थी के नेतृत्व में पिछले कुछ समय से लगातार अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, इनामी बदमाशों पर शिकंजा, वारंटियों की धरपकड़ तथा गंभीर अपराधों के त्वरित खुलासे ने थाना रानीगंज पुलिस की कार्यशैली को नई पहचान दी है। स्थानीय लोगों का भी कहना है कि पुलिस की बढ़ी सक्रियता से अपराधियों में भय का माहौल बना है, जबकि आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार कठोर और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

अयोध्या से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार खड़ी पिकअप में घुसी, सगे भाई-बहन की दर्दनाक मौत; दो माह बाद होनी थी युवती की शादी



प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र में बुधवार गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां पल भर में उजाड़ दीं। लखनऊ-वाराणसी राज्यमार्ग पर रानीगंज चौराहे के पास हाईवे किनारे खड़ी पलाई (लकड़ी) लदी पिकअप में पीछे से तेज रफ्तार वैगनआर कार जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिकअप के नीचे समा गया और पिकअप डिवाइडर पर चढ़कर कार के ऊपर आ गिरी। इस भयावह हादसे में कार में फंसे सगे भाई-बहन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृत युवती की दो माह बाद शादी होनी थी और कार चला रहा युवक उसका मंगेतर बताया जा रहा है।



बुधवार गुरुवार की रात करीब 12:30 बजे हुए इस हादसे की तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। सबसे पहले रानीगंज ट्रामा सेंटर के कर्मचारी रजनीश वर्मा और शिवम गौतम मौके पर पहुंचे। दोनों ने बिना समय गंवाए स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में चौकी कस्बा प्रभारी अंकित श्रीवास्तव, एसआई शिवेंद्र यादव, भारी पुलिस बल तथा फायर विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई।

कार की हालत देखकर हर कोई सन्न रह गया। टक्कर के बाद कार पूरी तरह पिकअप के पिछले हिस्से में धंस चुकी थी। चालक को किसी तरह बाहर निकाल लिया गया, लेकिन कार के अंदर दो लोग बुरी तरह फंस गए थे। उन्हें निकालना आसान नहीं था। करीब एक घंटे से अधिक समय तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में जेसीबी मशीन बुलानी पड़ी। कार और पिकअप को अलग करने के बाद कड़ी मशक्कत से दोनों को बाहर निकाला गया और तत्काल ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे की मुख्य बातें

अयोध्या दर्शन कर लौट रहे परिवार की कार रानीगंज में खड़ी पिकअप से टकराई।

सगे भाई-बहन की मौत, जबकि युवती की दो माह बाद होनी थी शादी।

जेसीबी की मदद से एक घंटे से अधिक चले रेस्क्यू के बाद निकाले गए शव।


जानकारी के अनुसार मोहित सोनी (29) पुत्र दीपकनाथ, निवासी कटरा मुंगरा बादशाहपुर, जनपद जौनपुर, अपनी मंगेतर रोली सोनी (26) पुत्री राजेंद्र प्रसाद तथा उसके भाई आकाश सोनी उर्फ मोनू (23) पुत्र राजेंद्र प्रसाद, निवासी मनकापुर, जनपद गोण्डा के साथ वैगनआर कार से अयोध्या दर्शन कर वापस लौट रहे थे। परिवार के अन्य सदस्य, जिनमें रोली की बहन, जीजा और उनके बच्चे शामिल थे, दूसरी कार से आगे चल रहे थे। दोनों गाड़ियां एक साथ अयोध्या से निकली थीं और मुंगरा बादशाहपुर की ओर लौट रही थीं।

जैसे ही वैगनआर रानीगंज चौराहे से आगे सीओ कार्यालय के पास पहुंची, सड़क किनारे खड़ी पलाई लदी पिकअप से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप उछलकर डिवाइडर पर चढ़ गई और उसका पिछला हिस्सा कार के ऊपर आ गिरा। कार चला रहे मोहित सोनी को स्थानीय लोगों ने शीशा तोड़कर बाहर निकाला और तत्काल ट्रामा सेंटर भेज दिया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।

दूसरी ओर कार में फंसे रोली और उसके भाई आकाश को निकालने के लिए राहत दल को काफी संघर्ष करना पड़ा। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो चुका था। लोहे की चादरों में दोनों बुरी तरह फंस गए थे। जेसीबी से पिकअप को हटाने और कार को काटने के बाद दोनों को बाहर निकाला जा सका। हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी।

हादसे के दौरान बचाव कार्य में पुलिसकर्मियों, ट्रामा सेंटर के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने साहस का परिचय दिया। कांस्टेबल दिलीप, आशीष, ट्रामा सेंटर के कर्मचारी रजनीश वर्मा, शिवम गौतम तथा स्थानीय लोगों के साथ रुबरु इंडिया के संपादक रुस्तम अली भी राहत कार्य में जुटे रहे। सभी ने मिलकर जेसीबी की सहायता से कार और पिकअप को अलग कराया तथा फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया।


हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह रही कि मृतक रोली सोनी की शादी मात्र दो महीने बाद मोहित सोनी के साथ होनी थी। दोनों की सगाई पहले ही हो चुकी थी और परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था। लेकिन एक पल में खुशियां मातम में बदल गईं। बताया गया कि रोली और आकाश के पिता राजेंद्र प्रसाद का कई वर्ष पहले ही निधन हो चुका था। अब परिवार पर दुखों का एक और पहाड़ टूट पड़ा।

जब हादसे की जानकारी आगे चल रही दूसरी कार में सवार रोली की बहन और जीजा को मिली तो वे तुरंत घटनास्थल पहुंचे। बहन अपनी बहन और भाई की हालत देखकर बदहवास हो गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। बाद में मुंगरा बादशाहपुर और अन्य स्थानों से भी परिजन मौके पर पहुंच गए। पूरे घटनास्थल पर चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया।

सूचना मिलने पर चौकी कस्बा प्रभारी अंकित श्रीवास्तव और एसआई शिवेंद्र यादव पुलिस बल के साथ पूरी कार्रवाई में जुटे रहे। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लिया, घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा और दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया।

पुलिस की कार्रवाई

घायल चालक को तत्काल अस्पताल भेजा गया।

दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर वाहन कब्जे में लिए गए।

हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि ट्रामा सेंटर के कर्मचारी, स्थानीय लोग और पुलिस समय रहते मौके पर नहीं पहुंचते तो राहत कार्य और अधिक देर से शुरू होता। सभी ने मिलकर पूरी रात रेस्क्यू अभियान चलाया। इस घटना ने एक बार फिर हाईवे किनारे खड़े वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और सड़क पर बरती जाने वाली सावधानियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रानीगंज की यह दर्दनाक दुर्घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। जिस परिवार में दो माह बाद शहनाई बजने वाली थी, वहां अब मातम पसरा है। सगे भाई-बहन की एक साथ हुई मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। देर रात तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटी रही और हर कोई इस हृदयविदारक हादसे की चर्चा करता नजर आया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

रेस्क्यू के असली हीरो: ट्रामा सेंटर के कर्मचारी रजनीश वर्मा और शिवम गौतम


हादसे की तेज आवाज सुनते ही सबसे पहले रानीगंज ट्रामा सेंटर के कर्मचारी रजनीश वर्मा और शिवम गौतम मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना अपनी जान की परवाह किए कार में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास शुरू किया, स्थानीय लोगों को इकट्ठा किया और तत्काल पुलिस व फायर टीम को सूचना दी। पूरी रात दोनों लगातार राहत कार्य में जुटे रहे। स्थानीय लोगों ने उनके साहस और मानवता की जमकर सराहना की।

पुलिस ने अंधेरे में संभाली कमान, घंटों चलाया राहत अभियान


चौकी कस्बा प्रभारी अंकित श्रीवास्तव और एसआई शिवेंद्र यादव , दिलीप सिंघानिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे रेस्क्यू अभियान की कमान संभाली। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया, जेसीबी मंगवाई, फायर टीम के साथ समन्वय बनाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने से लेकर शवों को बाहर निकलवाने तक पूरी कार्रवाई कराई। पुलिस की तत्परता से राहत कार्य व्यवस्थित ढंग से पूरा हो सका।

पत्रकार भी बने मददगार, सिर्फ कवरेज नहीं बल्कि बचाव में भी निभाई भूमिका


घटनास्थल पर पहुंचे वरिष्ठ पत्रकार अजय ओझा अज्जू और रुबरु इंडिया के संपादक रुस्तम अली ने केवल समाचार कवरेज तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि स्थानीय लोगों, पुलिस और ट्रामा सेंटर स्टाफ के साथ मिलकर कार में फंसे लोगों को निकालने के बचाव अभियान में भी सक्रिय सहयोग किया। जेसीबी की मदद से वाहन अलग कराने और घायलों को बाहर निकालने तक वह मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान पत्रकारिता के साथ मानवीय जिम्मेदारी निभाने की भी चर्चा रही।

चौकी प्रभारी कस्बा अंकित श्रीवास्तव ने बताया रात्रि लगभग 12:30 बजे सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त होते ही मैं पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। मौके पर एक वैगनआर कार हाईवे किनारे खड़ी पिकअप में पीछे से टकराई हुई थी, जिसमें लोग फंसे हुए थे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।फंसे लोगों को बाहर निकालकर तत्काल ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल चालक का उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रतापगढ़ में जमीन विवाद बना खूनी संग्राम: घर में घुसकर परिवार पर जानलेवा हमला

इलाज के दौरान 14 वर्षीय किशोर की मौत; गांव में तनाव, पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

रिपोर्टर मुदस्सिर मेंहदी टीपू प्रतापगढ़

प्रतापगढ़। जनपद के कंधई थाना क्षेत्र के कोनी गांव में वर्षों से चला आ रहा जमीन का विवाद बुधवार को उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया, जब कथित तौर पर पड़ोसी पक्ष ने घर में घुसकर एक ही परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। कुल्हाड़ी, सरिया, लाठी और अन्य धारदार हथियारों से किए गए हमले में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें 14 वर्षीय किशोर प्रवेश पटेल की प्रयागराज में इलाज के दौरान मौत हो गई। किशोर की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों के अनुसार, जिस जमीन को लेकर लंबे समय से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था, वही विवाद आखिरकार एक मासूम की जान पर भारी पड़ गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस एहतियात के तौर पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।

जानकारी के अनुसार, कोनी गांव निवासी पृथ्वीपाल पटेल का अपने पड़ोसियों के साथ जमीन के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। मामला तहसील में विचाराधीन बताया जा रहा है और दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी थी। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे पृथ्वीपाल पटेल किसी कार्य से तहसील गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी परमीला देवी (45), पुत्र प्रवेश पटेल (14), इंद्रेश (11) और पुत्री प्रतिभा (16) मौजूद थे।

आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी पक्ष के लोग विवादित जमीन पर जबरन मेड़ बनाकर कब्जा करने की कोशिश करने लगे। जब परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया तो पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। देखते ही देखते विवाद हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी, डंडे, सरिया, कुल्हाड़ी और अन्य धारदार हथियारों से परिवार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से परिवार के लोग संभल भी नहीं पाए और घर में चीख-पुकार मच गई।

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोहंडौर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए सभी को जिला अस्पताल प्रतापगढ़ रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने प्रवेश पटेल की हालत अत्यंत गंभीर बताई। उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें होने के कारण उसे तत्काल प्रयागराज मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। परिजनों को उम्मीद थी कि बेहतर इलाज से उसकी जान बच जाएगी, लेकिन उपचार के दौरान किशोर ने दम तोड़ दिया। जैसे ही मौत की सूचना गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। मां परमीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पिता पृथ्वीपाल पटेल सदमे में हैं। गांव के लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

हमले में घायल परमीला देवी, प्रतिभा और इंद्रेश का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी), क्षेत्राधिकारी पट्टी और कंधई थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य भी एकत्र किए हैं।

पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

क्षेत्राधिकारी पट्टी मनोज रघुवंशी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि छोटी-छोटी बातों और जमीन के विवादों को यदि समय रहते सुलझाया न जाए तो वे कितनी बड़ी त्रासदी का रूप ले सकते हैं। एक परिवार ने अपना मासूम बेटा खो दिया, जबकि तीन अन्य सदस्य अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है। अब सभी की निगाहें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर कब तक आरोपी कानून की गिरफ्त में आएंगे और पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा।

प्रतापगढ़: 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से इंटर के छात्र की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

प्रतापगढ़ जनपद के हीरागंज बाजार क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। घर के सामने बने शौचालय की छत पर काम कर रहे 16 वर्षीय छात्र की 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई, जबकि घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।

मृतक की पहचान राज यादव (16) पुत्र बबलू यादव, निवासी बलीपुर वार्ड, हीरागंज बाजार के रूप में हुई है। राज इंटर (11वीं) का छात्र था और पढ़ाई के साथ अपने परिवार की जिम्मेदारियों में भी हाथ बंटाता था। परिवार में उसके पिता बबलू यादव और एक बहन हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे राज अपने घर के सामने बने शौचालय की छत पर किसी कार्य से गया था। बताया जा रहा है कि वह वहां रखे एक लोहे के पाइप को नीचे उतारने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान पाइप का ऊपरी हिस्सा घर के बेहद नजदीक से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया। लाइन के संपर्क में आते ही पाइप में तेज करंट दौड़ गया और राज उसकी चपेट में आ गया।

हाईटेंशन करंट लगने से राज बुरी तरह झुलस गया। हादसा इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग भी कुछ पल के लिए सहम गए। परिजन और स्थानीय लोग तुरंत उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आबादी के बीच से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइनें लगातार हादसों का कारण बन रही हैं। उन्होंने विद्युत विभाग से ऐसी लाइनों को सुरक्षित दूरी पर स्थानांतरित करने तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

फिलहाल पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, इस हृदयविदारक हादसे से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और हर कोई छात्र की असमय मौत पर गहरा दुख व्यक्त कर रहा है।