Home Blog Page 17

रानीगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फर्जी इकरारनामे से जमीन हड़पने की साजिश का आरोपी गिरफ्तार


प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़पने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लगभग आठ माह से फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर कूटरचना, धोखाधड़ी और फर्जी इकरारनामा तैयार कर संपत्ति पर अवैध कब्जा करने की साजिश रचने का आरोप है।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।


पुलिस के अनुसार, बाबागंज निवासी वादी ने रानीगंज थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसने वर्ष 2018 में ग्राम दिवैनी स्थित एक भूमि विधिवत खरीदी थी। आरोप है कि इसी भूमि को हड़पने की नीयत से 24 नवंबर 2025 को कुछ लोगों ने वादी का प्रतिरूपण कर फर्जी इकरारनामा तैयार करा दिया।


शिकायत में बताया गया कि तैयार किए गए इकरारनामे पर न तो वादी का फोटो था, न उसके वास्तविक हस्ताक्षर और न ही अंगूठे का निशान। इतना ही नहीं, दस्तावेज में दर्ज बैंक खाता और भुगतान संबंधी विवरण भी वादी अथवा उसकी कंपनी से किसी प्रकार संबंधित नहीं पाए गए। इससे स्पष्ट हुआ कि सुनियोजित तरीके से फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए रानीगंज थाने में पांच नामजद आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही।


जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली कि मामले का एक आरोपी बभनमई तिराहे के आसपास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर जौनपुर जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र निवासी विजय बहादुर यादव (37 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।


पूछताछ में आरोपी ने आर्थिक तंगी और अपने पिता की बीमारी का हवाला देते हुए अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी इकरारनामा तैयार कराने और साजिश में शामिल होने की बात स्वीकार की। हालांकि पुलिस आरोपी के बयान का सत्यापन कर पूरे गिरोह की भूमिका की जांच कर रही है।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही फर्जी दस्तावेज तैयार करने में किन-किन लोगों की भूमिका रही, इसकी भी गहन जांच की जा रही है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।


रानीगंज पुलिस की इस कार्रवाई को जमीन संबंधी धोखाधड़ी और कूटरचना के मामलों पर बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कर किसी की संपत्ति हड़पने की कोशिश करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

सीएम योगी के प्रतापगढ़ दौरे के बीच सपा जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी नजरबंद, बोले- लोकतंत्र की हत्या कर रही भाजपा सरकार

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रतापगढ़ दौरे के दौरान राजनीतिक हलचल तेज हो गई। समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी को पुलिस ने उनके आवास पर ही रोक दिया। सपा नेता के अनुसार, उनके घर के बाहर पुलिस बल तैनात कर उन्हें हाउस अरेस्ट कर दिया गया, जिससे वह पार्टी की निर्धारित मासिक बैठक में शामिल नहीं हो सके।

सपा जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी ने पुलिस कार्रवाई को लेकर प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को रोकना, उन्हें पुलिस हिरासत में लेना और उनके घरों पर पुलिस का पहरा लगाना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।

अब्दुल कादिर जिलानी ने बयान जारी करते हुए कहा कि, “डरी हुई तानाशाह भाजपा सरकार द्वारा समाजवादी पार्टी की प्रतापगढ़ जिला इकाई की मासिक बैठक में प्रतिभाग करने वाले पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पुलिस हिरासत में लेना तथा उनके घरों पर पुलिस का पहरा लगाना घोर निंदनीय है। यह लोकतंत्र और संविधान की हत्या है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी राजनीतिक दलों को अपनी बात रखने और संगठनात्मक कार्यक्रम करने का अधिकार है, लेकिन सरकार प्रशासनिक दबाव बनाकर विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोक रही है।

सपा नेता के मुताबिक, पार्टी की जिला इकाई की मासिक बैठक प्रस्तावित थी, जिसमें पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होने वाले थे। लेकिन मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कई नेताओं की गतिविधियों पर नजर रखी और उन्हें घरों से बाहर निकलने से रोका गया।

वहीं, पुलिस प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाती है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाते हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रतापगढ़ दौरे के बीच सपा नेता की नजरबंदी को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी ने इसे विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास बताया है, जबकि प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था का हवाला दे रहा है। मामले को लेकर जिले में सियासी माहौल गरमा गया है।

रानीगंज पुलिस का बड़ा प्रहार: थानेदार विजय कांत सत्यार्थी की रणनीति रंग लाई, ₹25 हजार का इनामी आखिरकार गिरफ्तार

oplus_2097152

25 हजार का इनामी फर्जीवाड़ा आरोपी गिरफ्तार, रानीगंज पुलिस को मिली बड़ी सफलता

प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आ रही है। सूत्रों के अनुसार, रानीगंज थाना पुलिस ने ₹25 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था और उसकी तलाश की जा रही थी।आरोपी जनपद के अजीत नगर कोतवाली नगर प्रतापगढ़ का रहने वाला मुईदउद्दीन बताया जा रहा

प्रतापगढ़। अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही रानीगंज थाना पुलिस को सोमवार को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली। थाना प्रभारी विजय कांत सत्यार्थी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जमीन की खरीद-बिक्री के नाम पर कथित धोखाधड़ी के मामलों में वांछित चल रहे ₹25 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी को रानीगंज पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक चर्चा है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े कई मामलों में कार्रवाई चल रही थी और वह काफी समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। उसकी गिरफ्तारी पर ₹25 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी और उसके संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

बताया जाता है कि थाना प्रभारी विजय कांत सत्यार्थी ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता देते हुए लगातार निगरानी और सूचना तंत्र को सक्रिय रखा। इसी रणनीति का परिणाम रहा कि लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा इनामी आरोपी आखिरकार कानून के शिकंजे में आ गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर आगे की विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पर जमीन की खरीद-बिक्री के नाम पर कथित धोखाधड़ी करने के आरोप हैं। इन मामलों में वह लगातार वांछित चल रहा था। पुलिस अब उससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि पूरे मामले की कड़ियों को जोड़कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

रानीगंज थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में अपराधियों के खिलाफ लगातार हो रही कार्रवाई से पुलिस की सक्रियता स्पष्ट दिखाई दे रही है। थाना प्रभारी विजय कांत सत्यार्थी के नेतृत्व में फरार और इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में इस इनामी आरोपी की गिरफ्तारी को भी पुलिस की एक अहम सफलता माना जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की लगातार सक्रियता से अपराधियों में कानून का भय बढ़ा है और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है। वहीं पुलिस का कहना है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी गंभीरता और सख्ती के साथ जारी रहेगा। किसी भी फरार या इनामी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून से बचने का प्रयास करने वालों के खिलाफ इसी तरह प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

रानीगंज पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि फरार रहने या इनाम घोषित होने के बाद भी अपराधी कानून की पकड़ से अधिक समय तक नहीं बच सकते। पुलिस का अभियान लगातार जारी है और अपराधियों के विरुद्ध आगे भी ऐसी ही प्रभावी कार्रवाई होने की बात कही जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, रानीगंज थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कांत सत्यार्थी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस कथित फर्जीवाड़े में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।सूत्रों की माने तो कई चौंकाने वाले नाम सामने आ सकते है

जेठवारा में पुलिस का एक्शन: मुठभेड़ में ₹25-25 हजार के इनामी बदमाश ढेर जैसे दबोचे, एक के पैर में लगी गोली!

हत्या के मामले में फरार दो ₹25-25 हजार के इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

प्रतापगढ़। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जेठवारा थाना पुलिस और स्वाट टीम ने बुधवार देर शाम बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या के मामले में फरार चल रहे ₹25-25 हजार के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को मौके से दबोच लिया गया। दोनों आरोपियों पर हत्या के मुकदमे में लंबे समय से फरार रहने के कारण पुलिस अधीक्षक द्वारा इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि हत्या के मुकदमे में वांछित इनामी बदमाश गजराही पुलिया स्थित एसएनएस स्कूल के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही जेठवारा थाना पुलिस और स्वाट टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दोनों को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें चंदेश उर्फ पिंटू वर्मा के बाएं पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। वहीं उसका साथी तेज बहादुर उर्फ तेजे को पुलिस ने घेरकर मौके से गिरफ्तार कर लिया।

घायल बदमाश को पुलिस अभिरक्षा में तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों की पहचान चंदेश उर्फ पिंटू वर्मा पुत्र ललई वर्मा तथा तेज बहादुर उर्फ तेजे पुत्र संतलाल वर्मा, निवासी ग्राम पूरेचंदन खटवारा, थाना जेठवारा, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है।

पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामदगी के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपी हत्या के मुकदमे में लंबे समय से फरार चल रहे थे। इनकी गिरफ्तारी पर ₹25-25 हजार का इनाम घोषित था। इसी मुकदमे में एक अन्य आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब इस मामले में कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय तथा क्षेत्राधिकारी सदर करिश्मा गुप्ता के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में जेठवारा थाना पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से की। पुलिस ने कहा कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रंगदारी मांगने वाला 29 मुकदमों का हिस्ट्रीशीटर चढ़ा पुलिस के हत्थे

रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने वाला 29 मुकदमों का हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, महिला का बैग और नकदी बरामद

प्रतापगढ़। जनपद के फतनपुर थाना क्षेत्र में रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, जबरन वसूली, एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट, आईटी एक्ट, एससी/एसटी एक्ट और गुंडा एक्ट समेत करीब 29 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीड़िता का लेडीज बैग, आधार कार्ड और 1260 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, थाना फतनपुर क्षेत्र के ग्राम अमरई निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 जून की रात उसके पड़ोसी अखिलेश पाण्डेय उर्फ मनोज पाण्डेय अपने एक साथी के साथ घर पहुंचा और स्वयं को थाना फतनपुर का “टॉप बदमाश” बताते हुए 10 हजार रुपये की रंगदारी मांगने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने महिला तथा उसके बेटे-बेटी को जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि आरोपी महिला का पर्स लेकर फरार हो गया और पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।

शिकायत के आधार पर थाना फतनपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार एवं क्षेत्राधिकारी रानीगंज प्रशांत राज के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी मनीष कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बाबा गणेश दास मंदिर, गारापुर के पास से आरोपी अखिलेश पाण्डेय उर्फ मनोज पाण्डेय (45 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के सामने रंगदारी मांगने और महिला का पर्स लेकर भागने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण उसने वारदात की योजना बनाई थी। पर्स में मिले 1900 रुपये में से कुछ रुपये खर्च कर दिए थे, जबकि शेष रकम उसके पास से बरामद हुई। आरोपी ने यह भी बताया कि पर्स को चांदपुर नहर पुलिया के पास झाड़ियों में फेंक दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास है। वर्ष 1999 से लेकर 2026 तक उसके खिलाफ फतनपुर थाने में हत्या के प्रयास, डकैती, लूट, मारपीट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आईटी एक्ट, गुंडा एक्ट तथा एससी/एसटी एक्ट सहित कुल 29 मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजनाथ यादव, महिला मुख्य आरक्षी विमला देवी, कांस्टेबल आशुतोष तिवारी, देवेंद्र कुमार तथा रिजर्व कांस्टेबल सचिन पाण्डेय, अर्पित गुप्ता और अजय शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

25 हजार का इनामी बदमाश आखिरकार पुलिस के शिकंजे में


₹25 हजार का इनामी बदमाश गुफरान गिरफ्तार, रानीगंज पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई से मिली बड़ी सफलता
बलवा, मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को नरसिंहगढ़ पुल के पास से दबोचा, कई संगीन मामलों का है आपराधिक इतिहास


बलवा, मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को नरसिंहगढ़ पुल के पास से दबोचा, कई संगीन मामलों का है आपराधिक इतिहास

प्रतापगढ़। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रानीगंज पुलिस और स्वाट (एसओजी) टीम ने बुधवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए बलवा, मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में वांछित ₹25 हजार के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को थाना क्षेत्र के नरसिंहगढ़ पुल के पास से दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मो. गुफरान उर्फ वकील (24 वर्ष) पुत्र अब्दुल रकीब निवासी ग्राम कसेरुआ, थाना रानीगंज के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 31 मई 2026 को ग्राम कसेरुआ में मकान गिराने के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष हुआ था। आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने वादिनी के मकान को गिराने का प्रयास किया और विरोध करने पर उसके परिजनों के साथ लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। इस मामले में थाना रानीगंज पर मुकदमा अपराध संख्या 101/2026 विभिन्न गंभीर धाराओं में दर्ज किया गया था। घटना के बाद से मो. गुफरान फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी रानीगंज प्रशान्त राज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजयकान्त सत्यार्थी एवं एसओजी टीम ने संयुक्त रणनीति बनाई। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर नरसिंहगढ़ पुल के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक रिकॉर्ड बेहद लंबा है। उसके खिलाफ प्रतापगढ़ और प्रयागराज जनपद के विभिन्न थानों में डकैती, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, मारपीट तथा अन्य गंभीर अपराधों के 10 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है और उसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार एवं इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। रानीगंज पुलिस और एसओजी की इस संयुक्त कार्रवाई को जनपद में अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

आसपुर देवसरा में थानेदार राकेश चौरसिया का एक और बड़ा धमाका, फरार आरोपी गिरफ्तार

2021 से फरार गोवध के दो वांछित आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे, आसपुर देवसरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

प्रतापगढ़। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना आसपुर देवसरा पुलिस ने एक बार फिर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। वर्ष 2021 से गोवध निवारण अधिनियम के मुकदमे में फरार चल रहे दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर थाना आसपुर देवसरा पुलिस ने यह साबित कर दिया कि अपराधी चाहे जितने समय तक कानून से बचने की कोशिश करें, लेकिन पुलिस की पकड़ से बच पाना आसान नहीं है।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2021 में थाना क्षेत्र के ग्राम कोपा के समीप सड़क किनारे करीब 15 बोरों में गोवंशीय मांस बरामद होने के बाद गोवध निवारण अधिनियम और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि एक संगठित गिरोह गोवंशीय पशुओं का अवैध वध कर उनका मांस दूसरे क्षेत्रों और गैर-प्रांतों में भेजने का काम करता था। इसके बाद पुलिस लगातार इस गिरोह से जुड़े फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

इसी क्रम में थाना प्रभारी राकेश कुमार चौरसिया के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए ग्राम मल्लूपुर के पास से दो वांछित अभियुक्तों मुख्तार पुत्र दीनू तथा कल्लू उर्फ फैय्याज पुत्र स्वर्गीय हदीस उर्फ गुज्जुर, निवासी मल्लूपुर थाना सिंगरामऊ जनपद जौनपुर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।

थाना प्रभारी राकेश कुमार चौरसिया के आसपुर देवसरा थाने की कमान संभालने के बाद से अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी अभियान देखने को मिल रहा है। फरार और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो, अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसना हो या संगठित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई, थाना पुलिस लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। हाल के दिनों में एक के बाद एक सफल पुलिस कार्रवाई ने अपराधियों में भय और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा मजबूत किया है।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के पर्यवेक्षण में चल रहे अभियान को थाना प्रभारी राकेश कुमार चौरसिया के नेतृत्व में धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस पहले से अधिक सक्रिय दिखाई दे रही है और अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस का कहना है कि अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन पर सपा कार्यालय मीराभवन में धूमधाम से हुआ समारोह, मेडिकल कॉलेज में मरीजों को बांटे फल

प्रतापगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को मीराभवन स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। अखिलेश यादव का जन्म 1 जुलाई 1973 को हुआ था और इस वर्ष उन्होंने अपना 53वां जन्मदिन मनाया।

कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ केक काटकर जन्मदिन मनाया तथा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान सभी नेताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं और समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

समारोह में रानीगंज विधायक डॉ. आर. के. वर्मा, सदर के पूर्व विधायक नागेंद्र यादव ‘मुन्ना’, सदर के पूर्व विधायक राजकुमार पाल, जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी, नगर पंचायत पृथ्वीगंज अध्यक्ष प्रतिनिधि संजय सरोज सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के बाद समाजवादी पार्टी के नेताओं ने मेडिकल कॉलेज, प्रतापगढ़ पहुंचकर भर्ती मरीजों के बीच फल वितरित किए और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। नेताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा सेवा और जनहित की राजनीति में विश्वास करती है तथा समाज के हर वर्ग के साथ खड़ी रहती है।

इस अवसर पर जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी ने कहा, “अखिलेश यादव केवल एक नेता नहीं बल्कि प्रदेश के युवाओं, किसानों, गरीबों और पिछड़ों की उम्मीद हैं। उनका विकासवादी और समाजवादी सोच आज भी लाखों लोगों को प्रेरित करती है। हम सभी कार्यकर्ता संकल्प लेते हैं कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाकर अखिलेश यादव को पुनः उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाएंगे। पार्टी का हर कार्यकर्ता बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करेगा और जनता के बीच जाकर समाजवादी नीतियों को पहुंचाएगा। जनता बदलाव चाहती है और आने वाला समय समाजवादी पार्टी का होगा।

कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने, जनसमस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रखने तथा समाजवादी पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह का माहौल रहा और कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

बाबा बेलखरनाथ धाम ब्लॉक में भावुक पल, बीडीओ सुरेंद्र बहादुर सिंह को दी गई शानदार विदाई

30 वर्षों की सेवा के बाद बीडीओ सुरेंद्र बहादुर सिंह हुए सेवानिवृत्त, भावभीनी विदाई में छलके जज़्बात

प्रतापगढ़ | बाबा बेलखरनाथ धाम

विकास खंड बाबा बेलखरनाथ धाम के खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र बहादुर सिंह के सेवानिवृत्त होने पर मंगलवार को ब्लॉक सभागार में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। 30 वर्षों से अधिक की सरकारी सेवा पूर्ण करने के बाद अधिकारी एवं कर्मचारियों ने उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और माल्यार्पण कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एडीओ पंचायत आईएसबी कृष्ण कुमार यादव ने की। वक्ताओं ने कहा कि सुरेंद्र बहादुर सिंह का कार्यकाल एक ईमानदार, कर्मठ और मिलनसार अधिकारी के रूप में हमेशा याद रखा जाएगा। उनके नेतृत्व में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, पंचायत भवन निर्माण और स्वच्छ भारत मिशन जैसे विकास कार्यों को नई गति मिली।

अपने विदाई संबोधन में सुरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि “स्टाफ के सहयोग के बिना कोई भी अधिकारी सफल नहीं हो सकता। सेवा के दौरान मिला प्यार और सम्मान मैं जीवनभर नहीं भूलूंगा।” उनके संबोधन के दौरान कई अधिकारी और कर्मचारी भावुक हो गए।

समारोह में सुनील प्रभाकर पाण्डेय, अभिजीत यादव, दुर्गेश यादव, ग्राम प्रधान असफाक अहमद, समशुल हक, दीपक सिंह, सोनू सिंह, ग्राम विकास अधिकारी अभिजीत सिंह, सचिव रोहित सिंह, तुषार शुक्ला, संतोष कुमार, निलेश कुमार, भारत सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, सचिव एवं ब्लॉक कर्मचारी उपस्थित रहे।

चार साल तक रानीगंज की कमान संभालने वाले सीओ विनय प्रभाकर साहनी को भावभीनी विदाई, अधिवक्ताओं ने किया सम्मानित

प्रतापगढ़। रानीगंज क्षेत्र में लगभग चार वर्षों तक क्षेत्राधिकारी (सीओ) के पद पर अपनी सेवाएं देने वाले विनय प्रभाकर साहनी का हाल ही में सोनभद्र जनपद में स्थानांतरण हो गया। उनके सम्मान में सोमवार शाम करीब 5 बजे रानीगंज तहसील परिसर में भव्य विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक मिश्र उर्फ पप्पू ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं, गणमान्य नागरिकों और क्षेत्र के सम्मानित लोगों ने भाग लिया।

समारोह के दौरान अधिवक्ताओं ने श्री साहनी को अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके कार्यकाल की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि विनय प्रभाकर साहनी ने अपने चार वर्षों के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, आमजन की समस्याओं को सुनने और निष्पक्ष कार्यशैली के कारण लोगों के बीच विशेष पहचान बनाई। बताया गया कि रानीगंज में उनका यह कार्यकाल अब तक का सबसे लंबा कार्यकाल माना जा रहा है। यह उनकी पहली पोस्टिंग भी थी, जहां उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिवक्ता अशोक मिश्र उर्फ पप्पू, बृंदर मिश्रा और देवेश प्रताप सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि विनय प्रभाकर साहनी ने पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया। उन्होंने हर वर्ग के लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कानून के दायरे में रहते हुए न्यायपूर्ण कार्रवाई की। वक्ताओं ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि रानीगंज की जनता उन्हें हमेशा याद रखेगी।

इस अवसर पर सीओ विनय प्रभाकर साहनी भी भावुक नजर आए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि रानीगंज में बिताए गए चार वर्ष उनके जीवन के सबसे यादगार पल रहेंगे। यहां के लोगों, अधिवक्ताओं, जनप्रतिनिधियों, मीडिया और पुलिस टीम से उन्हें हमेशा सहयोग और स्नेह मिला। उन्होंने कहा कि स्थानांतरण नौकरी का हिस्सा है, लेकिन रानीगंज से मिला अपनापन और सम्मान जीवनभर याद रहेगा। उन्होंने सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां से उन्हें जो प्रेम और विश्वास मिला, वह उनकी सबसे बड़ी पूंजी है।

अधिवक्ता अशोक मिश्र उर्फ पप्पू ने कहा, “सीओ विनय प्रभाकर साहनी ने अपने पूरे कार्यकाल में निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उन्होंने हर वर्ग के लोगों की बात सुनी और कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखा। उनका स्थानांतरण रानीगंज के लिए एक बड़ी क्षति है, लेकिन हमें विश्वास है कि वह नई जिम्मेदारी भी पूरी निष्ठा से निभाएंगे।

अधिवक्ता बृंदर मिश्रा ने कहा, “चार वर्षों में सीओ साहनी ने जनता, अधिवक्ताओं और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया। उनका व्यवहार हमेशा सरल और सहयोगात्मक रहा। ऐसे अधिकारी बहुत कम देखने को मिलते हैं।

देवेश प्रताप सिंह ने कहा, रानीगंज में सीओ विनय प्रभाकर साहनी का कार्यकाल ऐतिहासिक रहा। उन्होंने कानून व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ आम लोगों का भरोसा भी जीता। उनकी कार्यशैली हमेशा प्रेरणादायक रहेगी।

समारोह का समापन सभी अतिथियों द्वारा सीओ विनय प्रभाकर साहनी के सफल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ। विदाई के दौरान मौजूद कई लोग भावुक दिखाई दिए और सभी ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।