Home Blog Page 18

महिला से लूट का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में बदमाश के पैर में लगी गोली

प्रतापगढ़। जनपद के महेशगंज थाना क्षेत्र में महिला से सोने का लॉकेट लूटने की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। थाना महेशगंज पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में सोमवार देर शाम गंगा एक्सप्रेसवे के पास हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का लॉकेट, अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।

जानकारी के अनुसार 28 जून को थाना महेशगंज क्षेत्र के टेंडा सरैया के पास ई-रिक्शा में सवार एक महिला के गले से बाइक सवार बदमाशों ने सोने का लॉकेट छीन लिया था। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम और स्वाट टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

सोमवार को थाना प्रभारी महेशगंज संदीप तिवारी अपनी टीम तथा स्वाट टीम के साथ क्षेत्र में गश्त एवं चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल दोनों आरोपी गंगा एक्सप्रेसवे के निकट सर्विस रोड स्थित आईटीडी प्लांट के सामने आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय भागने का प्रयास किया। इसी बीच आरोपी अंकित जोशी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत गोली चलाई, जो अंकित जोशी के पैर में लगी। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल प्रतापगढ़ भेजा गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित जोशी पुत्र मुक्तिलाल जोशी निवासी ग्राम वासुपुर पौड़ियां थाना लीलापुर के रूप में हुई है। वहीं उसके साथ मौजूद एक बाल अपचारी को पुलिस ने संरक्षण में ले लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

मौके से पुलिस ने महिला से छीना गया सोने का लॉकेट, एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामदगी के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत हुई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान का असर भी अब दिखाई देने लगा है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना महेशगंज पुलिस के साथ स्वाट टीम के उपनिरीक्षक अमित कुमार चौरसिया, उपनिरीक्षक दिनेश सिंह, उपनिरीक्षक अजीत तथा अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बाइक से गिरकर महिला गंभीर रूप से घायल, मेडिकल कॉलेज रेफर

प्रतापगढ़। जनपद के फतनपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक सड़क हादसे में बाइक से गिरकर महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार फतनपुर थाना क्षेत्र के मडुवाडीह गांव निवासी संगीता (28) पत्नी अजय किसी आवश्यक कार्य से बाइक पर सवार होकर बाजार जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती बाइक से नीचे गिर गईं। हादसा इतना गंभीर था कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घायल महिला संगीता

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए तथा घायल महिला को आनन-फानन में उपचार के लिए रानीगंज ट्रामा सेंटर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया।

डॉक्टरों ने जांच के दौरान महिला की स्थिति गंभीर पाई, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। परिजन महिला को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज लेकर रवाना हो गए।

हादसे की खबर मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में चिंता का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण यह दुर्घटना हुई। फिलहाल महिला का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है और चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने तथा दोपहिया वाहन पर संतुलन बनाकर यात्रा करने की अपील की है, जिससे इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

भूमि विवाद ने लिया हिंसक रूप, लाठी-डंडों से खूनी संघर्ष में दर्जनों घायल, युवक की हालत गंभीर

प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र के थाहीपुर स्थित फकीर बस्ती में शनिवार को मामूली जमीनी और निर्माण संबंधी विवाद अचानक हिंसक संघर्ष में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे, रॉड तथा ईंट-पत्थर चलने लगे। इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के दर्जनों लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार थाहीपुर निवासी मोहम्मद शकील अपने घर के पास शौचालय का निर्माण करा रहे थे। इसी दौरान पड़ोसियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग एकत्र हो गए और कहासुनी के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटनास्थल पर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से जमकर हमला किया गया, जिससे कई लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने तत्काल घायलों को उपचार के लिए रानीगंज ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

घायल शहंशाह को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया

प्रथम पक्ष की ओर से सन्नो पत्नी मोहम्मद शकील ने रानीगंज थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि वह अपने घर में शौचालय का निर्माण करा रही थीं। इसी दौरान विपक्षी पक्ष के लोग एक राय होकर मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

घायल मो शकील

पीड़िता के अनुसार इस हमले में उनके पति मोहम्मद शकील (45), पुत्र शहंशाह (20), सैफ (12), अफजल (16) तथा स्वयं सन्नो घायल हो गईं। आरोप है कि मारपीट के दौरान शहंशाह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके कपड़े फाड़ दिए तथा मोबाइल फोन और मंगलसूत्र भी छीन लिया।

दूसरी ओर, दूसरे पक्ष से हमीदुल निशा पत्नी कासिम ने भी थाने में तहरीर देकर अपनी बात रखी है। उनका कहना है कि शौचालय निर्माण के दौरान नाली बंद होने की आशंका को लेकर विवाद शुरू हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष द्वारा मारपीट की गई, जिसमें उनके परिवार के सदस्य साबिर अली (26), अरमान (30) पुत्रगण कासिम तथा इसराइल घायल हो गए। घायलों का इलाज रानीगंज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।

घटना के दौरान सबसे अधिक गंभीर चोट मोहम्मद शकील के 20 वर्षीय पुत्र शहंशाह को आई। चिकित्सकों के अनुसार उसके सिर में गंभीर चोट लगी है। ट्रॉमा सेंटर में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए तत्काल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। चिकित्सकों का कहना है कि सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसे बेहतर इलाज और विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी की आवश्यकता है।

दूसरे पक्ष से घायल साबिर अली ट्रामा सेंटर में भर्ती

घटना के बाद फकीर बस्ती में तनाव का माहौल बना हुआ है। एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद की स्थिति बनी थी, लेकिन इस बार मामला हिंसक झड़प में बदल गया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज करने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों की ओर से दी गई तहरीरों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

थाना प्रभारी रानीगंज विजयकांत सत्यार्थी ने बताया कि थाहीपुर गांव में दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस हर गतिविधि पर नजर रखे हुए है।

ड्रंक एंड ड्राइव, प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 8.88 लाख का जुर्माना

प्रतापगढ़। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के उद्देश्य से प्रतापगढ़ पुलिस ने रविवार रात बड़ा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में जिले में ‘ड्रंक एंड ड्राइव’, प्रेशर हॉर्न, नाबालिग वाहन चालकों और मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार एवं क्षेत्राधिकारी यातायात अनिल कुमार राय के पर्यवेक्षण में थाना हथिगवां क्षेत्र के कोटिला अख्तियारी टोल प्लाजा पर रात 8 बजे से 11 बजे तक सघन वाहन चेकिंग की गई। यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने लगभग 773 वाहनों की जांच की।

ब्रीथ एनालाइजर से जांच के दौरान चार वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिन पर 40 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। एक वाहन पर अवैध हूटर मिलने पर 10 हजार रुपये का चालान किया गया।

अभियान के दौरान 49 वाहनों में प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न पाए गए, जिन पर 4.90 लाख रुपये का शमन शुल्क लगाया गया। वहीं 57 वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट न होने पर कार्रवाई करते हुए 2.85 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। 17 वाहनों पर काली फिल्म तथा दो वाहनों पर मॉडिफाइड साइलेंसर पाए जाने पर भी चालान किया गया।

इस विशेष अभियान में कुल 129 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 8 लाख 88 हजार रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया। प्रतापगढ़ पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा शराब पीकर वाहन न चलाने की अपील की है।

सेतापुर हत्याकांड में नामजद महिला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस को मिली बड़ी सफलता

प्रतापगढ़। थाना आसपुर देवसरा पुलिस ने चर्चित सेतापुर हत्याकांड में नामजद महिला आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता प्राप्त की है। घटना के बाद से आरोपी महिला लगातार फरार चल रही थी।


जानकारी के अनुसार ग्राम सेतापुर में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने रामआसरे गौतम और उनके परिजनों पर लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल रामआसरे की उपचार के दौरान मौत हो गई थी।


घटना के बाद पुलिस ने कई नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसी मामले में आरोपी शांता देवी पत्नी रामदौर का नाम भी सामने आया था।


पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरोपी महिला कहीं जाने की फिराक में है। इसके बाद पुलिस ने सेतापुर मोड़ के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।


पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि मुकदमे में नाम आने के बाद वह लगातार इधर-उधर छिपकर रह रही थी।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी कार्रवाई जारी है। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।

अंतू पुलिस ने मोबाइल झपटमारी कांड का किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

प्रतापगढ़। थाना अंतू पुलिस ने मोबाइल झपटमारी की घटना का सफल अनावरण करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।


बताया जाता है कि चार अप्रैल 2026 को बैजलपुर गांव के पास ट्रैक्टर चालक से झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लिया गया था। घटना के बाद पीड़ित ने थाना अंतू में मुकदमा दर्ज कराया था।


मामले की जांच के दौरान पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लोहंगपुर ओवरब्रिज के पास से रामेंद्र मणि त्रिपाठी उर्फ लल्ला को गिरफ्तार कर लिया।


पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर सुनसान स्थानों पर लोगों को निशाना बनाता था और मोबाइल, नकदी तथा अन्य सामान छीनकर फरार हो जाता था।


पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल और अपाचे मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।


थाना पुलिस का कहना है कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

हथिगवां पुलिस ने वांछित वारंटी रोहित सरोज को गिरफ्तार कर भेजा जेल

प्रतापगढ़। थाना हथिगवां पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर एक वांछित वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी काफी समय से न्यायालय में विचाराधीन मुकदमे में वांछित चल रहा था।


पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना हथिगवां पुलिस क्षेत्र में जांच और वांछित अभियुक्तों की तलाश में जुटी हुई थी।


पुलिस को सूचना मिली कि रोहित सरोज अपने गांव बलीपुर में मौजूद है। इसके बाद उपनिरीक्षक विवेक पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है तथा न्यायालय द्वारा उसके विरुद्ध वारंट जारी किया गया था।


गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने लाया गया जहां आवश्यक कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।


पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।

एनडीपीएस एक्ट के वारंटी अभियुक्त को कोतवाली देहात पुलिस ने किया गिरफ्तार

प्रतापगढ़। थाना कोतवाली देहात पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित चल रहे वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।


पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर जिले भर में अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना कोतवाली देहात पुलिस को सूचना मिली कि वारंटी अभियुक्त अपने घर के पास मौजूद है।


उपनिरीक्षक अतुल यादव अपने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने भुपियामऊ निवासी विजय सिंह उर्फ मुन्ना को गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में न्यायालय द्वारा वारंट जारी किया गया था। आरोपी लगातार न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहा था, जिसके चलते उसकी गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।


गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में वारंटियों और फरार अपराधियों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

लीलापुर पुलिस ने दो वारंटी अभियुक्तों को किया गिरफ्तार, न्यायालय में किया पेश

प्रतापगढ़। जनपद में अपराधियों और वारंटियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना लीलापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों अभियुक्त लंबे समय से न्यायालय में विचाराधीन एक मामले में वांछित चल रहे थे।


पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में जिले भर में फरार अभियुक्तों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना लीलापुर पुलिस की टीम क्षेत्र में जांच, संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश तथा वारंटियों की धरपकड़ में जुटी हुई थी।


पुलिस टीम को सूचना मिली कि वर्ष 2018 में दर्ज मुकदमे से संबंधित दो वारंटी अपने गांव में मौजूद हैं। इसके बाद उपनिरीक्षक दीपक कुमार यादव और उपनिरीक्षक विपिन चंद्र यादव ने पुलिस बल के साथ ग्राम हदिराही में दबिश दी।


पुलिस ने विजय उर्फ दिग्विजय पुत्र रामअंजोर तथा राकेश कुमार वर्मा पुत्र हरीलाल वर्मा को उनके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। दोनों अभियुक्त मारपीट, गाली-गलौज, धमकी तथा एससी-एसटी एक्ट से संबंधित मुकदमे में न्यायालय से वांछित चल रहे थे।


पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय द्वारा वारंट जारी किया गया था, लेकिन वे काफी समय से अदालत में उपस्थित नहीं हो रहे थे। गिरफ्तारी के बाद दोनों को मेडिकल परीक्षण के उपरांत न्यायालय में पेश किया गया।


थाना लीलापुर पुलिस ने बताया कि जिले में अपराधियों और वारंटियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी वांछित आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

ऑपरेशन प्रहार में बड़ी सफलता, 101 ग्राम स्मैक के साथ दो गिरफ्तार

नशे के सौदागरों पर पुलिस का बड़ा प्रहार
101 ग्राम स्मैक संग दो तस्कर गिरफ्तार
ऑपरेशन प्रहार में कोतवाली पुलिस की बड़ी कामयाबी
रेलवे लाइन के पास पकड़ी गई स्मैक की खेप
नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा


प्रतापगढ़। जनपद में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 101.39 ग्राम स्मैक के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।


पुलिस ने सैंयाबांध रेलवे लाइन के पास मुखबिर की सूचना पर रतन केशरवानी और दीपांशु सिंह को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार रतन केशरवानी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध जुआ अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले भी मुकदमे दर्ज हैं।


पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की बिक्री की सूचना तत्काल पुलिस को दें।