प्रतापगढ़। जनपद के थाना जेठवारा पुलिस ने तत्परता और तकनीकी सहायता के बल पर महज तीन घंटे के भीतर गुम मोबाइल फोन बरामद कर एक सराहनीय कार्य किया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से आमजन में विश्वास बढ़ा है।
जानकारी के अनुसार ग्राम आशापुर निवासी मोहम्मद शमशाद पुत्र मोहम्मद रईस ने थाना जेठवारा पहुंचकर बताया कि उनका मोबाइल कटरा बाजार क्षेत्र में कहीं गिर गया है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
सर्विलांस और तकनीकी सहायता के जरिए मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की गई। सीसीटीएनएस कर्मचारी मिथिलेश तिवारी ने लगातार प्रयास करते हुए महज तीन घंटे के भीतर मोबाइल बरामद कर लिया।
बरामद मोबाइल को विधिवत उसके वास्तविक स्वामी मोहम्मद शमशाद को सौंप दिया गया। मोबाइल वापस मिलने पर उन्होंने प्रतापगढ़ पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।
प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र में लखनऊ-वाराणसी राज्यमार्ग पर शनिवार रात लगभग 9 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, रानीगंज थाना क्षेत्र के लखनऊ-वाराणसी राज्यमार्ग स्थित हर्ष ढाबा के पास यह सड़क दुर्घटना हुई। बताया जा रहा है कि प्रतापगढ़ की ओर से तेज रफ्तार से आ रही एक मोटरसाइकिल, जिस पर तीन लोग सवार थे, रानीगंज की तरफ से जा रही दूसरी बाइक से आमने-सामने टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मोटरसाइकिलें सड़क पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सवार लोग दूर जा गिरे।
दुर्घटना में मंजीत (45) पुत्र छोटेलाल निवासी बभनमई थाना रानीगंज गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरी बाइक पर सवार नितिन यादव (23) पुत्र नंदलाल यादव निवासी रूपीपुर थाना रानीगंज भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और तत्काल पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी गई।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को पहले उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर रानीगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार और लापरवाही दुर्घटना की मुख्य वजह हो सकती है।
हादसे के बाद दोनों मोटरसाइकिलों को परिजन अपने साथ लेकर चले गए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सड़क दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए राज्यमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।
इस हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों ने राज्यमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
प्रतापगढ़। जनपद के पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। पुलिस विभाग में हुए इस तबादला आदेश के बाद जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की कवायद तेज हो गई है। नए अधिकारियों की तैनाती के बाद संबंधित क्षेत्रों में पुलिसिंग व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
तबादला सूची के अनुसार आईपीएस अधिकारी प्रशांत राज को रानीगंज क्षेत्र का नया क्षेत्राधिकारी (सीओ) बनाया गया है। प्रशांत राज इससे पूर्व पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के साथ-साथ सीओ सिटी की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। उनकी कार्यशैली, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था के प्रति सक्रियता को लेकर जिले में उनकी अलग पहचान रही है। अब उन्हें रानीगंज जैसे महत्वपूर्ण सर्किल की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग की उम्मीद बढ़ गई है।
वहीं लालगंज क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे क्षेत्राधिकारी आशुतोष मिश्रा को अब नगर क्षेत्र (सीओ सिटी) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर क्षेत्र को जिले का सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र माना जाता है, जहां कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था और विभिन्न प्रशासनिक गतिविधियों की लगातार निगरानी करनी होती है। आशुतोष मिश्रा के अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
इसी क्रम में गैर जनपद से स्थानांतरित होकर प्रतापगढ़ पहुंचे राजीव द्विवेदी को लालगंज का नया क्षेत्राधिकारी नियुक्त किया गया है। अब वे लालगंज सर्किल की कानून-व्यवस्था की कमान संभालेंगे। पुलिस विभाग को उम्मीद है कि उनके अनुभव का लाभ क्षेत्र की जनता को मिलेगा और अपराध नियंत्रण में प्रभावी कार्रवाई देखने को मिलेगी।
उधर रानीगंज के क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर साहनी का गैर जनपद स्थानांतरण कर दिया गया है। उनके कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण मामलों का निस्तारण किया गया था। इसके अलावा सीओ सदर करिश्मा गुप्ता तथा सीओ कुंडा अमर नाथ गुप्ता का भी अन्य स्थानों पर स्थानांतरण किया गया है।
पुलिस विभाग में हुए इस व्यापक फेरबदल को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों के बदलने से पुलिसिंग व्यवस्था में नई ऊर्जा और नई कार्यशैली देखने को मिल सकती है। जिले के विभिन्न सर्किलों में नई तैनातियों के बाद पुलिस अधिकारियों के समक्ष कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण करने और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने की चुनौती रहेगी।
जनपद के लोगों को उम्मीद है कि नए अधिकारियों की तैनाती से पुलिस प्रशासन और अधिक सक्रिय एवं जनहितकारी भूमिका में दिखाई देगा। आने वाले दिनों में इन अधिकारियों की कार्यशैली और निर्णयों पर जिलेवासियों की नजर बनी रहेगी।
प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र के खाखापुर गांव में मकान निर्माण को लेकर विवाद उस समय बढ़ गया जब निर्माण कार्य रुकवाने पहुंचे लोगों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की मारपीट की घटना हो गई। मामले में पुलिस ने प्रधान सहित नौ नामजद तथा पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार खाखापुर निवासी राजेंद्र प्रसाद पटेल ने अपने पुराने कच्चे मकान को गिराकर नया पक्का मकान बनवाने का कार्य शुरू कराया था। बताया जाता है कि मकान निर्माण को लेकर पड़ोसियों द्वारा आपत्ति जताई जा रही थी और निर्माण कार्य रुकवा दिया गया था। बाद में विवाद बढ़ने पर मामला राजस्व विभाग तक पहुंचा, जहां जांच के बाद राजस्व टीम ने राजेंद्र पटेल के पक्ष में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की।
राजस्व विभाग की रिपोर्ट मिलने के बाद राजेंद्र प्रसाद पटेल ने पुनः अपने मकान का निर्माण कार्य शुरू कराया। शुक्रवार सुबह निर्माण कार्य चल रहा था कि इसी दौरान दर्जनों से भी अधिक की संख्या में पुरुष और महिलाएं मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि लोगों ने निर्माण कार्य रुकवाने का प्रयास करते हुए मजदूरों और परिजनों से गाली-गलौज शुरू कर दी तथा धमकियां देने लगे।
स्थिति तनावपूर्ण होने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम तथा रानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने के बाद भी विवाद शांत नहीं हुआ। आरोप है कि कुछ लोगों ने पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की मारपीट की और सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए बांस और डंडा उठाकर हमलावर हो गये। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दबंगों ने भीड़ जुटा कार्य में लगी उपकरणों को तोड़ने का प्रयास करने लगे।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। रानीगंज थाना में पवन पटेल, उमाशंकर, कृपाशंकर, ब्रह्म कुमार, उमा देवी, ऊषा देवी, अर्चना देवी, रामरती और रविंद्र यादव सहित चार से पांच अज्ञात लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। दर्ज मुकदमे में सरकारी कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज, मारपीट,धमकी देने तथा पुलिस से अभद्रता करने जैसी धाराएं शामिल की गई हैं।
सूत्रों के अनुसार, घटना के दौरान ग्राम प्रधान के मौके पर पहुंचने के बाद माहौल और तनावपूर्ण हो गया। बताया जा रहा है कि उनके पहुंचने के बाद कुछ लोगों को आगे बढ़ने और विरोध करने के लिए उकसाया गया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। हालांकि, इस संबंध में पुलिस जांच कर रही है और आधिकारिक तौर पर किसी भी भूमिका की पुष्टि अभी नहीं की गई है।
थाना पुलिस का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। वायरल वीडियो में हंगामे और विवाद की तस्वीरें सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की। हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की भूमिका की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
ई-रिक्शा की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, परिवार में मचा कोहराम
प्रतापगढ़। जनपद के कटरा मेदनीगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर तेज रफ्तार ई-रिक्शा की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति ने मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार कटरा मेदनीगंज थाना क्षेत्र के भुलई पंडित का पुरवा, संसारपुर निवासी 45 वर्षीय संतोष कुमार यादव शुक्रवार शाम विश्वनाथगंज बाजार से साइकिल द्वारा अपने घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि जब वह प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर रंगोली कनेस्ता गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रहे एक ई-रिक्शा ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि संतोष कुमार यादव सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल उनके परिजनों को घटना की सूचना दी और घायल को सड़क से उठाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से 108 एंबुलेंस को बुलाया गया, जिसके माध्यम से गंभीर रूप से घायल संतोष कुमार यादव को मेडिकल कॉलेज भेजा गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें होने के कारण उनकी हालत लगातार नाजुक बनी रही।
उपचार के दौरान संतोष कुमार यादव ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा दुर्घटना करने वाले ई-रिक्शा चालक की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने और तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और क्षेत्र में शोक की लहर फैला दी। मृतक के परिजनों ने दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप अपहरण मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई वांछित आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
प्रतापगढ़। पट्टी थाना क्षेत्र में नाबालिग के अपहरण के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी अमित कश्यप को ढकवा तिराहा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया।
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया था कि उनकी नाबालिग भतीजी को बहला-फुसलाकर घर से भगा लिया गया। मामले में कई लोगों को नामजद करते हुए थाना पट्टी में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान उपनिरीक्षक अनीस कुमार और उनकी टीम को सूचना मिली कि वांछित आरोपी क्षेत्र में मौजूद है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर अमित कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिगों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जा रहा है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रतापगढ़। उदयपुर थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
14 जून को उदयपुर बाजार से एक मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। पीड़ित द्वारा काफी खोजबीन किए जाने के बाद भी वाहन नहीं मिला तो उसने थाना उदयपुर में तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर थाना प्रभारी दीप नारायण के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक चोरी की बाइक लेकर जा रहा है।
पुलिस ने कुसौली मार्ग के पास घेराबंदी कर राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी लवकुश के साथ मिलकर बाइक चोरी की थी और वह मोटरसाइकिल को बेचने के लिए गौरीगंज जा रहा था।
पुलिस अब दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया है। ब्रेकिंग: चोरी की बाइक के साथ आरोपी गिरफ्तार बेचने जा रहा था चोरी का वाहन साथी की तलाश में जुटी पुलिस
प्रतापगढ़। जनपद के लीलापुर थाना क्षेत्र में दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से वांछित चल रहे आरोपी अभिषेक सरोज को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अभिषेक सरोज पुत्र दयाराम सरोज निवासी बल्दियान हंडौर थाना लीलापुर के विरुद्ध दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनंदन राय एवं क्षेत्राधिकारी लालगंज आशोष मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी अमला सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय थी।
उपनिरीक्षक सौरभ यादव अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी ढकवा मोड़ के आसपास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रतापगढ़। कुंडा थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। शराब के लिए पैसे न मिलने पर एक बेटे ने अपनी ही मां पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए भर्ती कराया गया था।
घटना 15 जून की रात की बताई जा रही है। आरोप है कि रामकृष्ण नामक युवक शराब पीने के लिए अपनी मां से रुपये मांग रहा था। मां द्वारा पैसे देने से मना करने पर उसने लाठी-डंडे, लोहे की रॉड तथा अन्य हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में महिला के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। नाक और कान से खून निकलने के कारण वह बेहोश हो गईं। पीड़िता की शिकायत पर थाना कुंडा में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी रामकृष्ण को चौसा गैस गोदाम के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने मां को डंडे से पीटा था और बाद में डंडा घर के पीछे फेंककर फरार हो गया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर डंडा भी बरामद कर लिया।
प्रतापगढ़। जनपद के मानिकपुर थाना क्षेत्र में दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे और उनकी तलाश की जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत थाना मानिकपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भोला पुत्र दयाराम निवासी गौरी थाना बिंदकी जनपद फतेहपुर तथा बिल्लू उर्फ अभिषेक पुत्र सुखलाल निवासी केशवपुर थाना मानिकपुर को गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों को लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर भड़चक बाजार के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 70(2), 3(5) बीएनएस तथा 5(g)/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनंदन राय और क्षेत्राधिकारी कुंडा शिवनारायण वैस के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी पंकज कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर टीम ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।