Home Blog Page 20

प्रतापगढ़ पुलिस की बड़ी कामयाबी, बाइक चोर गैंग बेनकाब

दिलीपपुर पुलिस का बड़ा खुलासा: बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 4 शातिर गिरफ्तार, चोरी की बाइकें व तमंचा बरामद

रिपोर्ट: मुदस्सिर मेंहदी

प्रतापगढ़। जनपद की दिलीपपुर थाना पुलिस एवं स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश कर चार शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार चोरी की मोटरसाइकिलें, एक अवैध 315 बोर का तमंचा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इस कार्रवाई को जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार तथा क्षेत्राधिकारी पट्टी मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत थाना दिलीपपुर पुलिस और स्पेशल टीम को यह सफलता मिली। थाना प्रभारी बलराम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध युवक चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ खीरी बीर मंदिर के पास ग्राम चौखड़ा क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रियांशु वर्मा उर्फ कल्लू, नितिल यादव उर्फ रितिक यादव, सूरज मौर्य तथा सत्यम उर्फ बच्चा वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे और बाद में उन्हें कम कीमत पर बेच देते थे। चोरी की गाड़ियों को बेचकर प्राप्त धनराशि से वे अपने निजी खर्च और शौक पूरे करते थे।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तीन हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक यामाहा एमटी-15 तथा एक हीरो होंडा सीडी डीलक्स सहित कुल चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इसके अतिरिक्त आरोपियों के कब्जे से एक अवैध 315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह के अन्य सदस्य भी इस नेटवर्क में शामिल हैं या नहीं। साथ ही बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में विभिन्न थानों में दर्ज चोरी के मुकदमों का भी मिलान कराया जा रहा है।

इस मामले में थाना दिलीपपुर में मु.अ.सं. 148/26 के तहत संबंधित धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

दिलीपपुर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल अपराधियों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि आगे भी इसी तरह अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रतापगढ़:गुंडा एक्ट में बड़ी कार्रवाई, रानीगंज पुलिस ने जनपद बदर अभियुक्त को जिले की सीमा से किया निष्कासित

Oplus_16908288

प्रतापगढ़। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रानीगंज पुलिस ने गुंडा नियंत्रण अधिनियम के अंतर्गत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद बदर किए गए अभियुक्त को जिले की सीमा से बाहर निष्कासित कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने तथा अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने का संदेश गया है।

पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना रानीगंज पुलिस ने उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम, 1970 के तहत जनपद बदर घोषित अभियुक्त मनोज कुमार पुत्र मोहनलाल यादव निवासी ग्राम भागीपुर विराहिमपुर, थाना रानीगंज, जनपद प्रतापगढ़ के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार अभियुक्त मनोज कुमार के विरुद्ध थाना रानीगंज में विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी लगातार आपराधिक गतिविधियों, असामाजिक आचरण तथा क्षेत्र में भय और आतंक का वातावरण उत्पन्न करने की प्रवृत्ति को देखते हुए उसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम, 1970 की धारा 3(1) के अंतर्गत कार्रवाई की गई थी।

प्रशासनिक जांच एवं रिपोर्ट के आधार पर सक्षम प्राधिकारी द्वारा अभियुक्त को जनपद की सीमा से निष्कासित करने का आदेश पारित किया गया। आदेश के अनुपालन में थाना रानीगंज पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए अभियुक्त को जनपद प्रतापगढ़ की सीमा से बाहर निष्कासित कर दिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद बदर की कार्रवाई उन व्यक्तियों के विरुद्ध की जाती है जिनकी गतिविधियों से आम जनमानस में भय का माहौल उत्पन्न होता है तथा जिनकी उपस्थिति से कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है। ऐसे व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखी जाती है और न्यायालय अथवा सक्षम प्राधिकारी के आदेशों का कड़ाई से पालन कराया जाता है।

थाना रानीगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि जनपद बदर किया गया अभियुक्त निर्धारित अवधि के दौरान बिना अनुमति जिले की सीमा में प्रवेश करता है तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा ऐसे व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

जनपद पुलिस का कहना है कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और समाज में भय एवं आतंक का वातावरण उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

रानीगंज में बड़ा हादसा टला, खाई में पलटी कार, पांच लोग बाल-बाल बचे


प्रतापगढ़। रानीगंज थाना क्षेत्र के देल्हूपुर-रानीगंज मार्ग पर गुरुवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। नरसिंहगढ़ पुल के पास एक अनियंत्रित कार सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई। हादसे के समय कार में चालक सहित पांच लोग सवार थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी लोग सुरक्षित बच गए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।


जानकारी के अनुसार बस्ती जनपद निवासी ईदउल्लाह खान (35) पुत्र अकरम खान अपने साथियों के साथ कार से मुंबई जा रहे थे। वह रानीगंज क्षेत्र के पावर हाउस मार्ग से देल्हूपुर होते हुए प्रयागराज के रास्ते मुंबई के लिए निकले थे। गुरुवार सुबह करीब तीन बजे जब उनकी कार नरसिंहगढ़ पुल के समीप पहुंची तो सड़क पर बने तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए तथा कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि किसी के भी गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि नरसिंहगढ़ पुल के पास स्थित यह मोड़ पहले भी कई दुर्घटनाओं का गवाह बन चुका है। घटना स्थल के पास पहले से एक क्षतिग्रस्त कार भी पड़ी हुई है, जो कुछ समय पूर्व हुए हादसे की याद दिलाती है। ग्रामीणों ने इस स्थान पर चेतावनी बोर्ड, स्पीड ब्रेकर और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।


लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस खतरनाक मोड़ पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। फिलहाल इस दुर्घटना में पांचों यात्रियों की जान बच जाने से परिजनों ने राहत की सांस ली है।

नाबालिग को भगाकर झारखंड ले गया युवक, पुलिस ने सकुशल बरामद कर आरोपी को दबोचा


शादी करने के लिए घर से भगाने की बात कबूली, रायपुर तियाई चौराहे से गिरफ्तारी


प्रतापगढ़। लालगंज थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अपहृत किशोरी को सकुशल बरामद कर परिजनों को राहत दी है।


मामला उस समय सामने आया जब गोविंदपुर गांव की रहने वाली एक महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री 21 जून को अचानक घर से गायब हो गई। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला।


परिजनों ने आरोप लगाया कि गांव का ही रहने वाला संतोष यादव उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।


पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी लालगंज आशुतोष मिश्रा के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई।
उपनिरीक्षक दीपक कुमार अपनी टीम के साथ लगातार आरोपी की तलाश कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर रायपुर तियाई चौराहे के पास घेराबंदी कर आरोपी संतोष यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।


पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह किशोरी को शादी करने के उद्देश्य से झारखंड लेकर गया था। पुलिस ने अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार नाबालिग से जुड़े मामलों में कानून बेहद सख्त है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाती है। किशोरी का चिकित्सीय परीक्षण और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष यादव पुत्र राममिलन यादव निवासी इदिलपुर थाना लालगंज के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दीपक कुमार, कांस्टेबल नितीश यादव और महिला आरक्षी रोली पाण्डेय शामिल रहीं।


पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार के अपराध में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस मामले का वारंटी गिरफ्तार, मोहनगंज बाजार से दबोचा गया आरोपी


कई वर्षों से चल रहे मामलों में न्यायालय से जारी था वारंट
प्रतापगढ़। कोतवाली देहात पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के गंभीर मामलों में न्यायालय द्वारा वारंट जारी किया गया था।


पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर जिले में अपराधियों, वारंटियों तथा वांछित अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली देहात पुलिस लगातार क्षेत्र में निगरानी और जांच अभियान चला रही थी।


उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार वर्मा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वारंटी अभियुक्त मोहनगंज बाजार में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मुन्ना शर्मा पुत्र किशोरी लाल निवासी लोका का पुरवा मोहनगंज के रूप में हुई। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2019 में आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हुए थे।


मामले में न्यायालय द्वारा वारंट जारी किया गया था, लेकिन आरोपी लगातार गिरफ्तारी से बच रहा था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आवश्यक पूछताछ की तथा न्यायालय में पेश किया।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में ऐसे अपराधियों की सूची तैयार की गई है, जिनके विरुद्ध न्यायालय से वारंट जारी हैं। सभी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।


गिरफ्तारी करने वाली टीम में हेड कांस्टेबल शत्रुजय शर्मा और कांस्टेबल नवीन गौतम भी शामिल रहे।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि अपराध और मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कानून से बचने का प्रयास करने वालों को किसी भी हालत में छोड़ा नहीं जाएगा।

शादी का झांसा, दुष्कर्म, गर्भपात और धमकी; फतनपुर पुलिस ने आरोपी को दबोचा



प्रतापगढ़। फतनपुर थाना क्षेत्र में एक युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, गर्भवती होने पर उसकी इच्छा के विरुद्ध गर्भपात कराने तथा बाद में शादी से इनकार कर धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।


पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उसकी पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से जौनपुर निवासी मनीष यादव से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने युवती को प्रेम जाल में फंसाया और शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।


पीड़िता का आरोप है कि कुछ समय बाद वह गर्भवती हो गई। इस दौरान आरोपी उसे एक निजी अस्पताल ले गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध गर्भपात करा दिया गया। जब युवती ने विवाह करने का दबाव बनाया तो आरोपी ने शादी करने से इंकार कर दिया।


पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर फतनपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।


पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार तथा क्षेत्राधिकारी रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी मनीष कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की।


मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक सुनील कुमार गुप्ता, कांस्टेबल सुजीत यादव तथा आरक्षी यशवंत कन्नौजिया ने तारडीह प्राइमरी स्कूल के पास घेराबंदी कर आरोपी मनीष यादव को गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष यादव पुत्र श्याम बहादुर यादव निवासी गोठांव थाना बरसठी जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मामले की विवेचना जारी है और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।

घर में घुसकर दुष्कर्म का आरोप, मानिकपुर पुलिस ने आरोपी को दबोचा

हिल्ला चौराहे के पास पुलिस ने की गिरफ्तारी, पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म

प्रतापगढ़। जनपद के मानिकपुर थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। घर में घुसकर महिला के साथ जबरन दुष्कर्म करने के आरोप में वांछित चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर धर दबोचा। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

पुलिस के अनुसार थाना मानिकपुर क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि गांव के ही रहने वाले महेश यादव ने उसके घर में घुसकर जबरन उसके साथ गलत काम किया। पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर ने संबंधित अधिकारियों को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय तथा क्षेत्राधिकारी कुंडा शिवनारायण वैस के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी पंकज कुमार राय के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

बुधवार को निरीक्षक रामवृक्ष यादव, उपनिरीक्षक अचिंत्य शुक्ल तथा कांस्टेबल संजीव कुमार क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश और गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी मानिकपुर से लालाबाजार जाने वाली सड़क पर हिल्ला चौराहे के आगे ब्रह्म बाबा स्थान के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान महेश यादव पुत्र रामदेव यादव निवासी चैनी काका पुरवा बडेरा थाना मानिकपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 333 तथा 351(3) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 22 जून की सुबह वह पीड़िता के घर गया था और उसके साथ जबरदस्ती की थी। आरोपी के इस कथित स्वीकारोक्ति के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर कठोर कार्रवाई आवश्यक है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि महिला अपराधों के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

पुलिस का कहना है कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सभी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।

थाना प्रभारी मानिकपुर ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी महिला के साथ अपराध करने वालों को कानून के दायरे में लाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों और वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

एक युवक को पुलिस ने उसके घर के पास से दबोचा न्यायालय में पेश किया

लालगंज में वारंटी गिरफ्तार, घर के पास से दबोचा गया आरोपी
प्रतापगढ़। अपराधियों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत लालगंज पुलिस ने एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।


पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में जनपद में लगातार वारंटियों और वांछित अभियुक्तों की धरपकड़ की जा रही है। इसी अभियान के अंतर्गत थाना लालगंज के उपनिरीक्षक ध्रुव सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे।


मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पूरे बक्तावर गांव निवासी विकास पुत्र भरत को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध परिवाद संख्या 1960/20 के तहत मुकदमा दर्ज था और वह न्यायालय से जारी वारंट के बावजूद फरार चल रहा था।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक पूछताछ की और बाद में उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारंटियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।


गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ध्रुव सिंह, कांस्टेबल रविन्द्र चौधरी तथा आरक्षी शिवम गौड़ शामिल रहे।
क्षेत्र में पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अन्य फरार आरोपियों में भी हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून से बचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी

प्रतापगढ़:आर्म्स एक्ट के वारंटी को घर से दबोचा, पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई


प्रतापगढ़। जनपद में अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कुंडा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से न्यायालय द्वारा जारी वारंट के बावजूद फरार चल रहे एक अभियुक्त को पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।


पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कुंडा के उपनिरीक्षक मनोज राय अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और वारंटियों की तलाश कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम रहबई निवासी मोहतसिम उर्फ छोटू को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध वर्ष 2014 में हथिगवां थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में न्यायालय से वारंट जारी होने के बाद अभियुक्त की तलाश की जा रही थी। पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी वारंटी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।


गिरफ्तार अभियुक्त मोहतसिम उर्फ छोटू पुत्र मुश्तकीम निवासी रहबई थाना कुंडा बताया गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनोज राय तथा मुख्य आरक्षी दीपक कुमार दुबे शामिल रहे।


थाना पुलिस का कहना है कि न्यायालय से जारी वारंटों का तामील कराना प्राथमिकता में है। आने वाले दिनों में अन्य फरार वारंटियों के खिलाफ भी अभियान तेज किया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

खेत में बेहन निकालने के विवाद में दबंगों का हमला, मां-बेटा और बहू घायल, दो की हालत गंभीर

Oplus_16908288

प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह खेत में बेहन निकालने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दबंगों ने लाठी-डंडों और गहदाला से हमला कर एक ही परिवार के तीन लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों को उपचार के लिए पहले रानीगंज ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां से दो लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

मामला रानीगंज थाना क्षेत्र के रामगढ़ केवटान बस्ती का है। गांव निवासी विजय कुमार पुत्र जगन्नाथ ने रानीगंज थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि गुरुवार सुबह करीब छह बजे उनके पड़ोसी अजय कुमार एवं अन्य लोग उनके खेत में जबरन बेहन निकालने लगे। विजय कुमार ने इसका विरोध किया तो आरोपित आगबबूला हो गए।

पीड़ित के अनुसार, विरोध करने पर आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मां-बहन की अभद्र गालियां देते हुए लाठी-डंडों तथा गहदाला से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से परिवार के लोग घबरा गए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव करने का प्रयास किया।

हमले में विजय कुमार (40 वर्ष), उनकी पत्नी निशा देवी तथा उनकी मां शांति देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपितों ने काफी देर तक मारपीट की, जिससे पीड़ित पक्ष के लोगों को गंभीर चोटें आईं। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह पीड़ितों की जान बच सकी।

घटना की सूचना मिलने पर रानीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए रानीगंज ट्रामा सेंटर भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने विजय कुमार और शांति देवी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जबकि निशा देवी का उपचार स्थानीय स्तर पर कराया गया।

पीड़ित विजय कुमार ने तीन लोगों के खिलाफ रानीगंज थाने में नामजद तहरीर दी है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपितों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया और परिवार को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित पक्ष ने आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद गांव में लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि खेत और जमीन से जुड़े विवाद अक्सर तनाव का कारण बनते हैं, लेकिन छोटी-सी कहासुनी का इस तरह हिंसक रूप लेना चिंता का विषय है।

रानीगंज पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दोनों पक्षों से जानकारी जुटानी शुरू कर दी है और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

वहीं, घायलों के परिजनों ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा है कि यदि समय रहते ग्रामीण मौके पर नहीं पहुंचते तो कोई बड़ी घटना भी हो सकती थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घायलों का उपचार जारी है।