Home Blog Page 21

प्रतापगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन, नशे के सौदागर को भेजा जेल

ऑपरेशन प्रहार में मानिकपुर पुलिस की बड़ी सफलता, 54.64 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

प्रतापगढ़। जनपद में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना मानिकपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 54.64 ग्राम स्मैक और एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.08 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में जनपदभर में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय तथा क्षेत्राधिकारी कुण्डा शिव नारायण वैस के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी पंकज कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

थाना मानिकपुर के उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह,तथा पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर खिन्नीतर हनुमान मंदिर वार्ड रानापट्टी, ग्राम मुंदीपुर के पास घेराबंदी कर दीपक मिश्रा (24) पुत्र कृष्ण कुमार मिश्रा निवासी मुंदीपुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 54.64 ग्राम स्मैक और एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना मानिकपुर में मु.अ.सं. 146/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले गांजा बेचता था और जेल भी जा चुका है। जेल से छूटने के बाद उसने स्मैक की तस्करी शुरू कर दी क्योंकि कम मात्रा में अधिक मुनाफा मिलने के साथ इसे छिपाना भी आसान होता है।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। क्षेत्र में अपराध एवं नशा तस्करी के खिलाफ उनकी सक्रियता और सतर्कता के चलते लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चौकी प्रभारी अमित सिंह की कार्यशैली के कारण क्षेत्र में अपराधियों और नशा तस्करों में भय का माहौल है।

पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी अथवा निर्माण की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

38 वर्षीय दूल्हे संग हो रही थी नाबालिग की शादी, पुलिस पहुंची

प्रतापगढ़। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग किशोरी की शादी रुकवा दी तथा तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस को 22 जून को सूचना मिली थी कि जोगापुर क्षेत्र के किना का पुरवा गांव में एक नाबालिग लड़की की जबरन शादी कराई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई।
जांच में पता चला कि खमपुर खभौर निवासी हरेन्द्र वर्मा ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर नाबालिग किशोरी का विवाह मध्य प्रदेश निवासी 38 वर्षीय व्यक्ति से तय कर दिया था। पुलिस के अनुसार यह बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन था।


पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर थाना प्रभारी सुभाष कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान नाबालिग किशोरी को सुरक्षित संरक्षण में लिया गया।


मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें मध्य प्रदेश के सिवनी निवासी सत्यम, छिंदवाड़ा निवासी भोनी सनोडिया तथा प्रतापगढ़ के खभौर निवासी हरेन्द्र शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बाल विवाह न केवल कानूनन अपराध है बल्कि यह बच्चों के भविष्य, शिक्षा और स्वास्थ्य पर भी गंभीर प्रभाव डालता है। समाज को ऐसी कुरीतियों के खिलाफ आगे आना चाहिए।


प्रतापगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि बाल विवाह मुक्त समाज बनाने के लिए प्रशासन और समाज दोनों को मिलकर प्रयास करना होगा।

प्रतापगढ़ में सक्रिय एटीएम गैंग का सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़ा

प्रतापगढ़। कोतवाली देहात पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खाते से धनराशि निकालने वाले एक शातिर गिरोह के सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता प्राप्त की है। आरोपी के कब्जे से तीन एटीएम कार्ड भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दिलशाद उर्फ शाहरूख पुत्र बसीर निवासी फुलपुर अकारीपुर थाना लीलापुर है। उसकी उम्र लगभग 24 वर्ष बताई गई है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न जनपदों में कई मुकदमे दर्ज हैं।


बुधवार को उपनिरीक्षक इंदेश कुमार प्रजापति पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एटीएम फ्रॉड गिरोह के सदस्य पीवी इंटर कॉलेज मोड़ के पास मौजूद हैं और किसी वारदात की तैयारी कर रहे हैं।


पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो कार चालक हिमांशु सिंह और उसका साथी इरशाद वाहन लेकर फरार हो गए, जबकि दिलशाद उर्फ शाहरूख को पकड़ लिया गया।


तलाशी के दौरान उसके पास से तीन एटीएम कार्ड बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ एटीएम मशीनों पर जाकर लोगों को बातों में उलझाकर उनका कार्ड बदल देता था और पिन नंबर याद कर बाद में खातों से पैसे निकाल लेता था।


पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी प्रतापगढ़ शहर के एटीएम पर कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है। इसके अलावा उसके विरुद्ध अयोध्या, लखनऊ तथा अन्य जनपदों में भी कई मुकदमे दर्ज हैं।


पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम पर किसी अनजान व्यक्ति की सहायता न लें और किसी को अपना पिन नंबर न बताएं।

10 हजार का इनामी दबोचा, महीनों से पुलिस को दे रहा था चुनौती

प्रतापगढ़। संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।
पुलिस के अनुसार ग्राम खनवारी में बीते फरवरी माह में प्रधान पद के चुनाव को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश के कारण मारपीट की घटना हुई थी। आरोप है कि नामजद तथा कुछ अज्ञात लोगों ने एक व्यक्ति को घेरकर लाठी-डंडों से हमला किया और जान से मारने की धमकी दी थी। घायल की तहरीर पर संग्रामगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के बाद आरोपी शीतला प्रसाद शुक्ला फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
बुधवार को थाना प्रभारी मनोज कुमार तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी प्रयागराज के महावीरपुरम कॉलोनी जाने वाले मार्ग के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी शीतला प्रसाद शुक्ला पुत्र रामनरेश शुक्ला निवासी खनवारी थाना संग्रामगढ़ का रहने वाला है। पुलिस ने उसे न्यायालय भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत फरार अपराधियों की लगातार गिरफ्तारी की जा रही है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विवेक यादव, मनोज कुमार जायसवाल, कांस्टेबल रामनरेश जाट, अभिनव द्विवेदी, महिला कांस्टेबल अमृता तिवारी तथा सर्विलांस टीम के आरक्षी सूर्य प्रताप सिंह की अहम भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

वर्दी पर दाग! महिला ने दरोगा पर लगाए सनसनीखेज आरोप

प्रतापगढ़। जिले के मान्धाता थाना में तैनात एक उपनिरीक्षक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप सामने आया है। पीड़िता ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपी उपनिरीक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। महिला के आरोपों के बाद पुलिस विभाग में भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी मुलाकात आरोपी उपनिरीक्षक से उस समय हुई थी, जब उसकी तैनाती भदोही जनपद में थी। महिला का आरोप है कि उपनिरीक्षक ने स्वयं को अविवाहित बताते हुए उससे नजदीकियां बढ़ाईं और शादी करने का वादा किया। आरोपी ने उसे भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही उससे विवाह करेगा।

महिला के अनुसार, शादी के वादे और भरोसे के कारण उसने आरोपी के साथ संबंध बनाए। पीड़िता का कहना है कि 5 जून 2025 से वह वाराणसी के टकटकपुर इलाके में आरोपी के साथ रहने लगी थी। इसी दौरान उसे जानकारी मिली कि आरोपी पहले से विवाहित है और उसके बच्चे भी हैं। इस सच्चाई के सामने आने के बाद महिला को गहरा मानसिक आघात पहुंचा।

पीड़िता का आरोप है कि जब उसने आरोपी से इस संबंध में सवाल किया और विरोध जताया, तब आरोपी तथा उसके परिजनों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। इसके बावजूद आरोपी लगातार उसे फोन कर प्रतापगढ़ बुलाता रहा और शादी का झांसा देकर कई बार होटलों में शारीरिक संबंध बनाता रहा।

महिला ने दावा किया है कि आरोपी ने कई बार कसम खाकर उससे विवाह करने का वादा किया था। उसके पास ऐसे कुछ फोटो और अन्य साक्ष्य भी मौजूद हैं, जिनमें आरोपी शादी का आश्वासन देता दिखाई दे रहा है। पीड़िता का कहना है कि वह लंबे समय तक आरोपी के आश्वासनों पर भरोसा करती रही।

महिला के अनुसार, 17 जून 2026 को उसने एक बार फिर आरोपी से शादी के संबंध में बात की, लेकिन इस बार आरोपी ने साफ तौर पर शादी से इनकार कर दिया। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी भी दी।

बुधवार को पीड़िता न्याय की उम्मीद लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और आरोपी उपनिरीक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की। उसने अपनी शिकायत के साथ कुछ दस्तावेज और साक्ष्य भी अधिकारियों को सौंपे हैं।

वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि महिला की शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इस मामले को लेकर जिले में चर्चाओं का दौर जारी है। पुलिस विभाग की छवि से जुड़े इस संवेदनशील प्रकरण पर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं और सभी को जांच रिपोर्ट का इंतजार है।

बीज विक्रेता की संदिग्ध मौत के बाद बवाल ,FIR न होने पर फूटा गुस्सा, शव रखकर धरने पर बैठे परिजन

रिपोर्ट: मुदस्सिर मेंहदी

प्रतापगढ़। आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के आकारीपुर गांव में बीज विक्रेता ओपी वर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। परिजनों द्वारा हत्या का आरोप लगाए जाने और पुलिस पर मुकदमा दर्ज न करने का आरोप लगाते हुए बुधवार को ग्रामीणों और परिजनों ने शव को घर पर रखकर धरना शुरू कर दिया। मामले को लेकर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को आकारीपुर गांव निवासी ओपी वर्मा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था। घटना के बाद परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए कुछ लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर आसपुर देवसरा थाने में दी थी। परिजनों का आरोप है कि तहरीर दिए जाने के बावजूद पुलिस ने अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया, जिससे परिवार में आक्रोश व्याप्त है।

बुधवार सुबह परिजन और गांव के दर्जनों लोग मृतक का शव घर पर रखकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। परिजनों का कहना है कि जब तक नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज नहीं किया जाएगा और दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

मृतक के परिजनों ने कहा कि ओपी वर्मा की मौत सामान्य नहीं है और इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। ग्रामीणों ने भी परिवार का समर्थन करते हुए न्याय की मांग की।

धरने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन खबर लिखे जाने तक परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे।

घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। अब सभी की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। यदि जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो आंदोलन और तेज होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।

प्रतापगढ़ में कुएं से निकली लावारिश अपाचे बाइक, इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म

रिपोर्ट – मुदस्सिर मेंहदी

प्रतापगढ़ जनपद के अंतू थाना क्षेत्र अंतर्गत गड़वारा चौकी के शिवराजपुर गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पुराने कुएं में लावारिश हालत में एक अपाचे बाइक पड़ी होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही गड़वारा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

बताया जा रहा है कि कुएं के अंदर खतरनाक जहरीली गैस भरी हुई थी, जिससे बाइक को निकालना काफी चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर सर्विस की टीम को मौके पर बुलाया गया। फायर कर्मियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से गड़वारा चौकी के कांस्टेबल जितेंद्र यादव एवं विनोद माथुर ने साहस का परिचय देते हुए काफी मशक्कत के बाद कुएं में गिरी अपाचे बाइक को बाहर निकाल लिया।

कुएं से बाइक निकलने की खबर पूरे इलाके में तेजी से फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लावारिश बाइक को लेकर स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कोई इसे किसी आपराधिक घटना से जोड़कर देख रहा है तो कोई इसे चोरी की बाइक होने की आशंका जता रहा है।

फिलहाल पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में लेकर उसकी जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। बाइक का नंबर और अन्य विवरण खंगाले जा रहे हैं, ताकि उसके मालिक और कुएं तक पहुंचने के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

फिलहाल शिवराजपुर गांव में कुएं से निकली इस रहस्यमयी अपाचे बाइक को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग पुलिस जांच के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।

व्यापारी की मौत से दहला इलाका, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

नहर किनारे मिला बीज विक्रेता का शव, साथी गंभीर घायल; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

प्रतापगढ़। जिले के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक बीज विक्रेता का शव नहर किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं उनके साथ मौजूद एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसे उपचार के लिए प्रयागराज रेफर किया गया है। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के अकारीपुर गांव निवासी ओम प्रकाश पटेल (45) दयालगंज बाजार में बीज भंडार की दुकान चलाते थे। वह क्षेत्र के एक जाने-माने बीज विक्रेता थे। परिजनों के मुताबिक सोमवार शाम करीब 7:30 बजे गांव के ही उमाशंकर यादव और बृजेश यादव उन्हें मोटरसाइकिल से अपने साथ लेकर गए थे।

परिजनों ने बताया कि रात काफी समय बीत जाने के बाद जब ओम प्रकाश घर नहीं लौटे तो उनकी बेटी ने करीब 8 बजे फोन किया। फोन उठाने पर बेटी ने बताया कि डेरी पर दूध देना है। इस पर ओम प्रकाश ने कहा कि दूध गरम कर लो, आज नहीं दे पाएंगे, वह बाहर हैं और देर हो जाएगी। इसके बाद परिजनों ने कई बार फोन मिलाया, लेकिन उनका मोबाइल फोन नहीं उठा।

रात भर परिवार के लोग उनकी तलाश में जुटे रहे। मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे परिजनों को सूचना मिली कि नहर के पास दो लोग पड़े हुए हैं। सूचना मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहां का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए।

मौके पर ओम प्रकाश पटेल का शव पड़ा हुआ था, जबकि उनके साथ गए बृजेश यादव अचेत अवस्था में गंभीर रूप से घायल मिले। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें प्रयागराज रेफर कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपुर देवसरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को भी एकत्र किया गया।

मृतक के बेटे शिवम पटेल ने पुलिस को तहरीर देकर पिता की हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि जिन लोगों के साथ उनके पिता घर से गए थे, उन्हीं परिस्थितियों में यह घटना हुई है, इसलिए मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

घटना के बाद अकारीपुर गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक और आक्रोश का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं। लोगों ने पुलिस से जल्द घटना का खुलासा करने और दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घायल व्यक्ति के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। घटना के पीछे दुर्घटना, आपसी रंजिश अथवा अन्य किसी कारण की भी जांच की जा रही है।

थाने में मचा बवाल, महिला सिपाही की फटी वर्दी, दहेज विवाद ने लिया हिंसक रूप

थाने में बवाल: महिला सिपाही की वर्दी फाड़ी, दहेज विवाद की पंचायत बनी रणक्षेत्र, 6 पर मुकदमा

प्रतापगढ़। जनपद के जेठवारा थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न के एक मामले को सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत उस समय हिंसक संघर्ष में बदल गई, जब दोनों पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गई। सबसे गंभीर बात यह रही कि विवाद को शांत कराने पहुंची महिला सिपाही के साथ भी अभद्रता की गई और उसकी वर्दी तक फाड़ दी गई। थाने परिसर में हुई इस घटना ने कानून व्यवस्था और पुलिस की गरिमा को खुली चुनौती दे दी है।

जानकारी के अनुसार, जेठवारा थाना क्षेत्र के बरई का पुरवा डेरवा निवासी रामकुमार धुरिया की पुत्री सीमा का विवाह लगभग एक वर्ष पूर्व धनसारी गांव निवासी सुनील कुमार धुरिया के साथ हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद ही सीमा ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। पीड़िता का कहना है कि ससुराल पक्ष लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था और मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

सीमा ने आरोप लगाया कि उसके ऊपर झूठा चोरी का आरोप लगाया गया, उसके जेवर छीन लिए गए और उसके साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया। पीड़िता द्वारा पुलिस से शिकायत किए जाने के बाद मामले को सुलझाने के उद्देश्य से रविवार शाम दोनों पक्षों को जेठवारा थाने बुलाया गया था।

थाने में पंचायत के दौरान दोनों पक्षों के बीच बातचीत शुरू हुई, लेकिन कुछ ही देर बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान पति सुनील कुमार तथा उसके परिजनों ने सीमा और उसके मायके पक्ष के लोगों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और थाने परिसर में ही मारपीट शुरू हो गई।

घटना के दौरान वहां मौजूद महिला सिपाही प्रीति ने आगे बढ़कर दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन आरोप है कि उग्र लोगों ने महिला सिपाही के साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता की। इतना ही नहीं, हाथापाई के दौरान महिला सिपाही की वर्दी तक फाड़ दी गई। थाने परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों के सामने हुई इस घटना से अफरा-तफरी मच गई।

थाने के भीतर एक महिला पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने की घटना ने पुलिस महकमे को भी झकझोर दिया है। कानून के रखवालों के साथ इस प्रकार का व्यवहार न केवल गंभीर अपराध है, बल्कि यह सरकारी व्यवस्था और कानून के प्रति खुली अवमानना भी माना जा रहा है।

घटना के बाद पीड़िता सीमा की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति सुनील कुमार, ननद सरिता, आरती, पूजा, बबिता तथा रायबरेली जनपद के सलवन निवासी नंदोई गुलशन समेत छह लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने और महिला सिपाही के साथ अभद्रता से संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि थाने के अंदर ही विवाद हिंसा का रूप ले ले और पुलिसकर्मी सुरक्षित न रहें, तो यह बेहद चिंताजनक स्थिति है। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति कानून व्यवस्था को चुनौती देने का साहस न कर सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि थाने में कानून व्यवस्था बिगाड़ने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को संकलित किया जा रहा है।

दहेज उत्पीड़न के आरोपों से शुरू हुआ यह विवाद अब कानून व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला बन चुका है। एक ओर जहां पीड़िता अपने साथ हुए उत्पीड़न की न्याय की मांग कर रही है, वहीं दूसरी ओर थाने में महिला सिपाही के साथ हुई अभद्रता ने पूरे घटनाक्रम को और अधिक गंभीर बना दिया है।

जेठवारा थाने में हुई यह घटना कई सवाल खड़े करती है। आखिर सुलह-समझौते के लिए बुलाई गई पंचायत हिंसा में कैसे बदल गई? थाने परिसर में महिला पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ने की हिम्मत आरोपियों को कैसे मिली? इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे, लेकिन इतना तय है कि कानून के सामने दबंगई और अराजकता का प्रदर्शन करने वालों पर अब पुलिस की सख्त कार्रवाई तय मानी जा रही है।

पट्टी पुलिस को बड़ी सफलता, 10 हजार का इनामी समेत 2 शातिर अपराधी अवैध असलहे और कार संग गिरफ्तार

पट्टी पुलिस को बड़ी सफलता, 10 हजार का इनामी समेत 2 शातिर अपराधी अवैध असलहे और कार संग गिरफ्तार

फायरिंग, धमकी और रंगदारी के मामलों में वांछित थे दोनों, क्रेटा कार और 2 तमंचे बरामद

प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ पुलिस को सोमवार को बड़ी सफलता मिली। थाना पट्टी और स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई में गंभीर आपराधिक वारदातों में वांछित 2 शातिर अपराधी गिरफ्तार किए गए। आरोपियों के पास से 2 तमंचे .315 बोर, 2 खोखा कारतूस और एक क्रेटा कार बरामद हुई है।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार और क्षेत्राधिकारी पट्टी मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी पट्टी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बीबीपुर नहर पुलिया के पास से दोनों को दबोचा।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुशुशंकर मिश्रा उर्फ कुशु मिश्रा निवासी अकारीपुर तिवरान, थाना आसपुर देवसरा और विजय कुमार मिश्रा उर्फ छोटू निवासी सौराई, थाना आसपुर देवसरा के रूप में हुई है। विजय कुमार मिश्रा पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

किन मामलों में थे वांछित
पुलिस के मुताबिक, कुशुशंकर मिश्रा मु0अ0सं0 27/26 धारा 3(5)/288/352/351(3)/109(1) बीएनएस थाना पट्टी से संबंधित है। वहीं विजय कुमार मिश्रा उर्फ छोटू उक्त मामले के अलावा मु0अ0सं0 99/2026 धारा 191(2)/191(3)/190/324(2)/308(5)/352/351(3)/288 बीएनएस में भी वांछित था।

पहला मामला 25 जनवरी 2026 का है, जिसमें शिव कुमार पाण्डेय ने आरोप लगाया था कि दो मोटरसाइकिलों पर आए लोगों ने घर के बाहर फायरिंग कर जान से मारने की धमकी दी। दूसरा मामला 25 मार्च 2026 का है, जिसमें एक दुकानदार ने आरोप लगाया कि 5 अज्ञात लोगों ने दुकान में तोड़फोड़ कर उसके भाई को जान से मारने की धमकी देते हुए 10 हजार रुपये मांगे और हवाई फायरिंग की।

बरामदगी और कार्रवाई
कुशंकर मिश्रा की निशानदेही पर 1 तमंचा .315 बोर और 1 खोखा कारतूस बरामद हुआ। इसी तरह विजय कुमार मिश्रा के पास से भी 1 तमंचा .315 बोर और 1 खोखा कारतूस मिला। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 बढ़ाई गई है। उनकी क्रेटा कार को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।

दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। इनमें हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एससी/एसटी एक्ट और धोखाधड़ी जैसे मामले दर्ज हैं।

पुलिस टीम में उ0नि0 प्रकाश राय, अमित चौहान, रोहित यादव, सरनाम सिंह, स्पेशल टीम प्रभारी उ0नि0 विजेन्द्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।