Home Blog Page 29

जमीन विवाद में खूनी बवाल, फायरिंग-तोड़फोड़ के बाद हत्या के प्रयास केस में चार महिलाएं महीनों बाद गिरफ्तार, गांव में मचा हड़कंप

Oplus_16908288

जमीन विवाद में खूनी संघर्ष का मामला, चार महिलाएं गिरफ्तार

पीड़ित पक्ष बोला- “दो दर्जन से ज्यादा लोग घर में घुस आए, लाखों का सामान तोड़ डाला”

प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र के कसेरुआ गांव में पुराने जमीनी विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन्हें हत्या के प्रयास, मारपीट, तोड़फोड़ और फायरिंग जैसे गंभीर आरोपों में जेल भेज दिया है। वहीं दूसरी ओर गांव में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से चल रहे जमीन विवाद में दोनों पक्षों के बीच कई बार तनाव और झड़प हो चुकी है।

पीड़ित पक्ष के अनुसार, घटना 17 मार्च 2026 की है। आरोप है कि उस दिन दो दर्जन से अधिक लोग लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी लेकर अचानक उनके घर पहुंच गए। आरोपियों ने घर में घुसकर जमकर मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर महिलाओं और बच्चों तक को नहीं बख्शा गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि हमलावरों ने घर में रखे लाखों रुपये कीमत के सीमेंट के चद्दर, घरेलू सामान और अन्य सामग्री को तोड़ दिया। इतना ही नहीं, दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की गई, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया था।

इस मामले में थाना रानीगंज में 19 नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस ने चार महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिलाओं को न्यायालय में पेश किया हैं।

हालांकि गांव में अब इस गिरफ्तारी को लेकर दूसरा पक्ष भी खुलकर सामने आने लगा है। आरोपी महिलाओं के समर्थन में कुछ ग्रामीणों का कहना है कि विवाद पुराना और पारिवारिक जमीन बंटवारे से जुड़ा हुआ है। उनका आरोप है कि पूरे मामले में महिलाओं को भी मुल्जिम बना दिया गया, जबकि घटना के दौरान कई महिलाएं सिर्फ अपने परिवार के साथ मौजूद थीं। ग्रामीणों का कहना है कि जांच निष्पक्ष होनी चाहिए और किसी निर्दोष को सिर्फ दबाव में आरोपी न बनाया जाए।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों पक्षों में पिछले कई वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है और कई बार पंचायत तथा पुलिस स्तर पर समझौते की कोशिश भी हुई, लेकिन मामला शांत नहीं हो सका। इसी रंजिश ने बाद में हिंसक रूप ले लिया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य वांछित आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।

बेल्हा के एक ही गांव के दो खिलाड़ियों ने किया कमाल जैवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल तथा ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त कर बढ़ाया क्षेत्र का नाम

Oplus_16908288

प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में दिनांक 07 मई 2026 दिन गुरुवार को आयोजित हुई उत्तर प्रदेश सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में प्रतापगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में प्रदेश भर से लगभग 500 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जहां विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का दम दिखाया।

चैंपियनशिप की जैवलिन थ्रो प्रतियोगिता में प्रतापगढ़ के मान्धाता ब्लॉक स्थित ग्राम सभा सोभीपुर के दो खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए। मोहम्मद इरफान पुत्र साजिद अली ने शानदार थ्रो करते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। वहीं मोहम्मद आमिर पुत्र आबाद अली ने बेहतरीन प्रदर्शन कर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। इस प्रतियोगिता में बनारस के आदर्श यादव ने सिल्वर मेडल जीतकर दूसरा स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में मिली इस सफलता के बाद सोभीपुर गांव समेत पूरे प्रतापगढ़ जिले में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर क्षेत्रीय लोगों, खेल प्रेमियों तथा परिजनों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। ग्रामीणों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद गांव के खिलाड़ियों ने मेहनत और लगन से प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।

मोहम्मद इरफान और मोहम्मद आमिर की इस उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है। खेल प्रेमियों का मानना है कि यदि ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रशिक्षण मिले तो वे राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।

उत्तर प्रदेश सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में प्रतापगढ़ के खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता से जिले के खेल जगत में उत्साह का माहौल बना हुआ है।

बभनमई पुल पर अचानक गूंजी जोरदार धमाके की आवाज… ट्रक के अंदर फंसे चालक को देख कांप उठे लोग!

Oplus_16908288

प्रतापगढ़।रानीगंज थाना क्षेत्र के लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग स्थित बभनमई पुल पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर और मिनी ट्रक की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में मिनी ट्रक चालक और टेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया।

घायल चालक की पहचान अज़हर अली निवासी दादूपुर और भानु मौर्य (30 वर्ष) पुत्र संत प्रसाद मौर्य निवासी मुरली थाना मडूवाडीह जनपद वाराणसी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भानु मौर्य मिनी ट्रक पर सामान लादकर बनारस से लखनऊ की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनका वाहन बभनमई पुल के पास पहुंचा, तभी प्रतापगढ़ की ओर से आ रहे ट्रेलर से उसकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर और मिनी ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

मिनी ट्रक में फंसे ड्राइवर को जेसीबी से निकालते लोग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद मिनी ट्रक चालक भानु मौर्य वाहन के स्टेरिंग में बुरी तरह फंस गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद क्षेत्रीय लोगों ने तत्काल जेसीबी मशीन मंगवाई। काफी मशक्कत के बाद वाहन को काटकर चालक को बाहर निकाला गया।

गंभीर रूप से घायल आजाद और भानु मौर्य को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताई है। चिकित्सकों के अनुसार हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी टूट गई है, जिससे स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की भी चर्चा है।

हादसे के बाद ट्रेलर और मिनी ट्रक को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना के चलते कुछ समय तक राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन और जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बभनमई पुल पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन इसके बावजूद वाहन चालक गति पर नियंत्रण नहीं रखते। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

वही वहां पर मौजूद रहे लोगो की माने तो मिनी ट्रक चालक तेजी के साथ आ था था और सामने ट्रेलर में जोरदार टक्कर मार दी जिससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों चालक गंभीररूप से घायल हो दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है

प्रतापगढ़ जिला कारागार में फिर बड़ा हादसा, बंदी गंभीर रूप से घायल, प्रयागराज रेफर

प्रतापगढ़। जनपद की जिला कारागार एक बार फिर गंभीर घटना को लेकर सुर्खियों में है। जेल में बंद एक कैदी संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल से प्रयागराज रेफर कर दिया गया। घटना के बाद जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। लगातार हो रही घटनाओं से जिला कारागार की व्यवस्थाओं पर उंगलियां उठने लगी हैं।

घायल बंदी की पहचान राजेंद्र कुमार (लगभग 35 वर्ष) के रूप में हुई है। वह चोरी के एक मामले में जिला कारागार में निरुद्ध था। बताया जा रहा है कि घटना देर रात की है। जेल प्रशासन के मुताबिक राजेंद्र कुमार बैरक नंबर दो में सो रहा था, तभी अचानक ऊपर लगा पंखा टूटकर उसके ऊपर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

घायल बंदी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए प्रयागराज के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार बंदी के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उसका इलाज प्रयागराज में जारी है।

हालांकि, घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। जेल के भीतर हुए इस हादसे को लेकर लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर अचानक पंखा कैसे गिर गया। कुछ लोग इसे सामान्य हादसा मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे संदिग्ध परिस्थितियों से जोड़कर देख रहे हैं। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।

इस घटना ने जिला कारागार प्रशासन की कार्यप्रणाली पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। गौरतलब है कि इससे पहले 10 अप्रैल को भी जिला कारागार में एक बड़ा मामला सामने आया था, जब पॉक्सो एक्ट में बंद एक कैदी की जलकर मौत हो गई थी। उस घटना ने पूरे जिले में हड़कंप मचा दिया था। मामले की जांच के बाद डिप्टी जेलर समेत तीन जेल सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया था। जांच में जेल प्रशासन की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर खामियां सामने आई थीं।

अब एक महीने के भीतर दूसरी बड़ी घटना सामने आने से जिला कारागार की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न उठने लगे हैं। लगातार हो रही घटनाओं से बंदियों के परिजनों में भी डर और नाराजगी का माहौल है। लोगों का कहना है कि जेल प्रशासन को बंदियों की सुरक्षा को लेकर और अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। जेल के भीतर मौजूद बंदियों और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

जेल अधीक्षक ऋषभ द्विवेदी ने बताया कि बंदी राजेंद्र कुमार बैरक नंबर दो में सो रहा था। उसी दौरान अचानक पंखा गिर गया, जिससे वह घायल हो गया। उन्होंने बताया कि घायल बंदी को तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया था, जहां से चिकित्सकों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

रात में टूटा ताला, सुबह गायब मिले 2 बकरी और 4 बकरा… आखिर कौन हैं पुलिस को चुनौती देने वाले ये शातिर चोर?

प्रतापगढ़ जनपद के जेठवारा थाना क्षेत्र में बकरी-बकरा चोर एक बार फिर सक्रिय होते नजर आ रहे हैं। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, जबकि चोर बेखौफ होकर पुलिस को खुली चुनौती देते दिखाई दे रहे हैं। ताजा मामला थाना क्षेत्र के देवापुर सकली गांव का है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने घर के बाहर बंधे बकरा और बकरियों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पीड़ित परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, देवापुर सकली गांव निवासी इरशाद खान पुत्र मजहर खान ने जेठवारा थाने में दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि 7 और 8 मई की रात उनके घर के बाहर ताले में बंद जगह पर दो बकरियां और चार बकरे बंधे हुए थे। देर रात अज्ञात चोर मौके पर पहुंचे और ताला तोड़कर सभी जानवरों को उठा ले गए। घटना को अंजाम देने के बाद चोर आराम से फरार हो गए और घर के लोगों को भनक तक नहीं लगी।

सुबह जब परिवार के लोग उठे तो मौके का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। ताला टूटा पड़ा था और वहां बंधे सभी बकरे-बकरियां गायब थे। इसके बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों को जानकारी दी गई और काफी खोजबीन की गई, लेकिन जानवरों का कोई सुराग नहीं लग सका।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बकरी-बकरा चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में भय बना हुआ है। लोगों ने रात में गश्त बढ़ाने और चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित इरशाद खान ने बताया कि बकरा और बकरियां उनकी घर में थीं। चोरी की इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों का पता लगाकर जानवर बरामद कराने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही जेठवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

प्रतापगढ़ में दर्दनाक हादसा, आमने-सामने भिड़ीं बाइकें युवक गंभीर रूप से हुआ घायल

झींगुर तिराहे पर आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, युवक गंभीर घायल

प्रतापगढ़। जनपद के महेशगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। थाना क्षेत्र के झींगुर तिराहे पर सुबह करीब 8:30 बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइकें तेज रफ्तार में थीं। झींगुर तिराहे के पास अचानक आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर घायल युवक की मदद के लिए आगे आए। लोगों ने तत्काल एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की सहायता से घायल युवक को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। युवक की हालत गंभीर होने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महेशगंज रेफर कर दिया गया।

घायल युवक की पहचान सुनील के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे में उसे सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

सूचना मिलने पर महेशगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि झींगुर तिराहे पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तिराहे पर यातायात नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

स्कूली बस और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, युवक गंभीर घायल, चालक फरार

प्रतापगढ़। जनपद के थाना कंधई क्षेत्र अंतर्गत बिजरा तिगड़ी मोड़ पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कूली बस और बाइक की आमने-सामने हुई भिड़ंत में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बस चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार कंधई थाना क्षेत्र के रहने वाले अमर सिंह पटेल पुत्र अच्छेलाल पटेल शुक्रवार को अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे। बताया जा रहा है कि बिजरा तिगड़ी मोड़ के पास उनकी बाइक तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक स्कूली बस से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और अमर सिंह पटेल सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही तड़पने लगे।

घटना के समय स्कूली बस में कई बच्चे सवार थे। अचानक हुए हादसे से बस में बैठे बच्चों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी स्कूली बच्चे को चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बस में मौजूद बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और उनके परिजनों को सूचना दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के तुरंत बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। चालक के भाग जाने से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना था कि चालक यदि मौके पर रुकता तो घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाने में मदद मिल सकती थी।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल अमर सिंह पटेल को आनन-फानन में जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत चिंताजनक बताई है। चिकित्सकों की टीम युवक के इलाज में जुटी हुई है।

सूचना पर पहुंची कंधई थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और क्षतिग्रस्त बाइक व बस को कब्जे में ले लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर फरार बस चालक की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बारात में शामिल होने जा रहे युवक को पीटा, सोने की चेन लेकर भागे हमलावर

oplus_2097152

शादी में जा रहे युवक से रास्ते में छिनौती, बाइक सवार बदमाशों ने मारपीट कर छीनी सोने की चेन

प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे युवक के साथ छिनौती की बड़ी घटना सामने आई है। बीजेमऊ के पास बाइक सवार बदमाशों ने कार सवार युवक को रोककर पहले मारपीट की और फिर उसके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार रानीगंज थाना क्षेत्र के सराय सुल्तानी निवासी सुनील कुमार यादव पुत्र शिवनारायण यादव अपनी बहन और जीजा के साथ एक बारात में शामिल होने के लिए पट्टी क्षेत्र जा रहे थे। बताया जा रहा है कि रात के समय जब उनकी कार बीजेमऊ के पास पहुंची तभी पीछे से आए बाइक सवार कुछ युवकों ने उनकी गाड़ी को रुकवा लिया। आरोप है कि बाइक सवार युवक अचानक गाली-गलौज करने लगे और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया।

पीड़ित सुनील कुमार यादव के मुताबिक बदमाशों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। इसी दौरान एक युवक ने उनके गले में पहनी सोने की चेन खींच ली। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात से कार में मौजूद परिवार के लोग सहम गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

पीड़ित सुनील कुमार यादव का कहना है कि आरोपियों द्वारा बाइक टकराने का बहाना बनाकर विवाद किया गया। उनका कहना है कि अगर वास्तव में बाइक और कार की टक्कर हुई होती तो उनकी गाड़ी में भी निशान दिखाई देता, जबकि उनकी कार पूरी तरह सही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बदमाशों ने पहले से योजना बनाकर घटना को अंजाम दिया और मौका पाकर सोने की चेन छीन ली।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों में भय बना हुआ है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

वहीं मामले में रानीगंज थाना प्रभारी का कहना है कि बाइक टकराने के विवाद को लेकर कुछ युवकों द्वारा मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। चेन छिनैती नहीं हुई है । बाइक कर टकराने को लेकर विवाद हुआ है छिनेती की बात गलत है पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है और मामले की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

नाली विवाद में पड़ोसियों पर मारपीट का आरोप, मां-बेटी और मासूम घायल; इंसाफ के लिए एसपी दरबार पहुंची पीड़िता

पीड़िता ने आरोप लगाया कि रानीगंज पुलिस ने उल्टा पीड़िता और उनके बच्ची पर मुकदमा दर्ज कर दिया पुलिस की मिलीभगत से फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया गया इसके पहले भी पीड़िता पर फर्जी मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है पीड़िता ने रानीगंज पुलिस पर बड़ा आरोप लगाया है।


प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र के नरसिंहगढ़ गांव में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। नाली के पानी को लेकर हुए विवाद में पड़ोसियों पर मां, बेटी और एक मासूम बच्चे के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़िता ने पुलिस पर भी सुनवाई न करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।

नरसिंहगढ़ गांव की रहने वाली नजमा बानो ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि बीते 5 मई की रात करीब 8 बजे उनके पड़ोस में रहने वाले अनवर समेत अन्य लोगों ने नल के पानी की निकासी वाली नाली को बंद कर दिया था। जब वह नाली खोलने पहुंची तो आरोप है कि विपक्षी पक्ष के लोग एक राय होकर गाली-गलौज करने लगे और देखते ही देखते मारपीट शुरू कर दी।



पीड़िता का कहना है कि जब घर की अन्य महिलाएं बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इसी दौरान रोता-बिलखता एक मासूम बच्चा समद वहां पहुंचा तो उसे भी नहीं बख्शा गया। आरोप है कि बच्चे को बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसके कंधे में गंभीर चोट आ गई और वह दर्द से चीख उठा। घटना के बाद परिवार के लोग घायल अवस्था में रानीगंज थाने पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें सुबह आने की बात कहकर लौटा दिया।

पीड़िता के अनुसार अगले दिन जब वह फिर थाने पहुंची तो घंटों बैठाए रखा गया। आरोप है कि न तो मेडिकल कराया गया और न ही मुकदमा दर्ज किया गया। शाम तक इंतजार कराने के बाद अगले दिन आने की बात कह दी गई। लगातार चक्कर लगाने और सुनवाई न होने से परेशान होकर आखिरकार पीड़िता पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के पास पहुंची और पूरे मामले से अवगत कराया।

नजमा बानो का आरोप है कि पुलिस अधीक्षक से मिलने के बाद जब वह दोबारा थाने पहुंचीं तो थानेदार ने साफ शब्दों में कह दिया कि “चाहे जहां जाओ, मुकदमा नहीं लिखा जाएगा।” पीड़िता का कहना है कि थानेदार ने यह भी कहा कि बच्चे की चोट पुरानी है और उसका इलाज पहले से प्रतापगढ़ में चल रहा है, जबकि पीड़िता ने इस बात से साफ इनकार किया। उनका कहना है कि बच्चे को चोट घटना वाले दिन मारपीट में ही लगी है।

पीड़िता ने सवाल उठाया कि बिना मेडिकल जांच के पुलिस आखिर कैसे यह तय कर सकती है कि चोट पुरानी है या नई। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष लगातार गाली-गलौज और धमकी दे रहा है, जिससे परिवार दहशत में है। पीड़िता का कहना है कि उन्हें डर है कि कभी भी उनके साथ कोई बड़ी घटना हो सकती है।

अब पीड़ित परिवार अपने मासूम बच्चे को लेकर न्याय के लिए दर-दर भटक रहा है। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो विवाद और बढ़ सकता है। फिलहाल पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

दिलीपपुर पुलिस की बड़ी सफलता, अपहरण के आरोपी राहुल को किया गिरफ्तार

प्रतापगढ़ : अपहरण मामले में आरोपी राहुल गिरफ्तार, दिलीपपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई

प्रतापगढ़ जनपद के थाना दिलीपपुर पुलिस ने अपहरण के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को जगदीशगढ़ चौराहे के पास से उस समय दबोचा, जब वह क्षेत्र छोड़कर फरार होने की तैयारी में था। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार दिलीपपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती 2 मई की शाम करीब 5 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। युवती के परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद युवती के पिता ने 3 मई को थाना दिलीपपुर पहुंचकर लिखित तहरीर दी और गांव के ही पिपरी खालसा निवासी राहुल पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी बलराम सिंह ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर युवती की तलाश और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार व क्षेत्राधिकारी पट्टी के पर्यवेक्षण में लगातार दबिश दी जा रही थी।

इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने जगदीशगढ़ चौराहे के पास घेराबंदी कर आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह युवती से प्रेम करता था और उसे अपने साथ लेकर चला गया था। मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने पर वह भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं युवती को भी बरामद कर उसके बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में महिला उपनिरीक्षक, महिला कांस्टेबल संगीता यादव तथा कांस्टेबल जगदीश प्रसाद की अहम भूमिका रही। दिलीपपुर पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।