Home Blog Page 31

एस यू मेमोरियल इंटर कॉलेज के छात्रों ने लहराया सफलता का परचम, हाईस्कूल व इंटर में शानदार परिणाम

यूपी बोर्ड के इण्टर मीडियट परीक्षा में एसयू कॉलेज टॉप 3
यूपी बोर्ड के हाई स्कूल में एसयू कॉलेज के टॉप 3

प्रतापगढ़। रानीगंज क्षेत्र स्थित एस यू मेमोरियल इंटर कॉलेज, दरियापुर पावर हाउस के छात्रों ने इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों कक्षाओं के छात्रों ने शानदार अंक हासिल कर अपनी मेहनत का लोहा मनवाया।

इंटरमीडिएट (कक्षा 12) के परिणामों में विवेक विश्वकर्मा (पुत्र पंधारी विश्वकर्मा) ने 405 अंक प्राप्त कर 81 प्रतिशत के साथ बेहतरीन प्रदर्शन किया। वहीं परी तिवारी (पुत्री हरिशंकर) ने 404 अंक यानी 80.8 प्रतिशत हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। रणजीत कश्यप (पुत्र राकेश कुमार) ने 400 अंक पाकर 80 प्रतिशत के साथ सफलता दर्ज की।

हाईस्कूल (कक्षा 10) के परिणाम भी बेहद उत्साहजनक रहे। सचिन शर्मा (पुत्र जयप्रकाश शर्मा) ने 512 अंक प्राप्त कर 85.33 प्रतिशत के साथ टॉप प्रदर्शन किया। राधिका यादव (पुत्री राम निहोर यादव) ने 510 अंक पाकर 85 प्रतिशत हासिल किया। वहीं अल्फिया बानो (पुत्री मोहम्मद हफीज) ने 484 अंक के साथ 80.06 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

विद्यालय प्रबंधन मो इरफान एवं शिक्षकों ने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रधानाचार्य मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि यह सफलता छात्रों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने अन्य छात्रों को भी इनसे प्रेरणा लेने की अपील की।

ग्रामीण क्षेत्र में स्थित इस विद्यालय के छात्रों का यह प्रदर्शन न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गया है। सफलता की इस कहानी ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

जमीनी विवाद में कार्रवाई न होने से आक्रोशित युवती पानी की टंकी पर चढ़ी, पुलिस-प्रशासन में मचा हड़कंप

प्रतापगढ़। जनपद मुख्यालय पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवती पारिवारिक जमीनी विवाद में न्याय न मिलने से आक्रोशित होकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बगल स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई। यह घटना करीब सुबह 11:30 बजे की है, जब जिला सत्र न्यायालय की नई बिल्डिंग के पीछे बनी ऊंची पानी की टंकी पर युवती के चढ़ने की खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती काफी देर तक टंकी के ऊपर खड़ी रही और बार-बार यही मांग दोहराती रही कि जब तक उसके मामले में ठोस कार्रवाई नहीं होगी, वह नीचे नहीं उतरेगी। इस दौरान वहां मौजूद अधिवक्ताओं और स्थानीय लोगों ने उसे समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन युवती अपनी जिद पर अड़ी रही। स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने संयम और सूझबूझ के साथ युवती से बातचीत शुरू की और उसे शांत करने का प्रयास किया। काफी देर की मशक्कत के बाद पुलिस ने युवती को समझाने में सफलता हासिल की, जिसके बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय ले गई, जहां उससे पूरे मामले में पूछताछ की गई।

बताया जा रहा है कि युवती का अपने ही परिवार के लोगों से जमीनी विवाद चल रहा है और वह लंबे समय से इस मामले में कार्रवाई की मांग कर रही थी। आरोप है कि संबंधित अधिकारियों द्वारा उसकी शिकायत पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे आक्रोशित होकर उसने यह कदम उठाया।

इस घटना के दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता और आम नागरिक मौके पर मौजूद रहे। सभी की निगाहें टंकी पर चढ़ी युवती पर टिकी रहीं और हर कोई उसकी सुरक्षित वापसी की कामना करता नजर आया। पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से एक बड़ी अनहोनी टल गई।

हालांकि, इस घटना ने प्रशासनिक कार्यशैली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिरकार ऐसी नौबत क्यों आई कि एक युवती को अपनी बात मनवाने के लिए जान जोखिम में डालनी पड़ी? यदि समय रहते उसकी शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जाती, तो शायद यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को ऐसे मामलों में संवेदनशीलता दिखानी चाहिए, ताकि कोई भी व्यक्ति न्याय के लिए इस तरह का खतरनाक कदम उठाने को मजबूर न हो। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और युवती को उचित न्याय दिलाने का भरोसा दिया गया है।

जनता के दिलों में आज भी जिंदा हैं राम लखन यादव

प्रतापगढ़- पट्टी की धरती आज फिर भावुक है। अपने उस सपूत को याद कर रही है, जिसने अपनी पूरी जिंदगी जनता के नाम कर दी। पूर्व विधायक राम लखन यादव जी की आज पुण्यतिथि है। उन्हें इस दुनिया से गए चार साल हो चुके हैं, लेकिन सच कहें तो ऐसे लोग कभी जाते नहीं—उनकी यादें, उनके काम और उनका अपनापन हमेशा लोगों के दिलों में ज़िंदा रहता है।
राम लखन यादव सिर्फ एक नेता नहीं थे, बल्कि वो आम जनता के बीच के आदमी थे। ऐसे नेता, जो चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि हर वक्त लोगों के साथ खड़े रहते थे। किसी के घर दुख हो या खुशी, क्षेत्र में कोई समस्या हो या गरीब की मदद का सवाल—वे हमेशा सबसे पहले पहुंचने वालों में होते थे। यही वजह थी कि लोग उन्हें नेता कम, अपना परिवार ज़्यादा मानते थे।


उनकी राजनीति बिल्कुल अलग थी। आज जहां राजनीति में स्वार्थ और दिखावा ज्यादा दिखता है, वहीं राम लखन यादव की राजनीति सेवा और सादगी पर टिकी हुई थी। उन्होंने कभी पद या सत्ता को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया। दो बार विधायक रहने के बाद भी उनके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। वे पहले जैसे सरल, सहज और जमीन से जुड़े इंसान बने रहे।
उनका राजनीतिक सफर समाजवादी विचारधारा से जुड़ा रहा। नेता जी मुलायम सिंह यादव के साथ उन्होंने राजनीति की शुरुआत की और समाजवादी सोच को अपने जीवन में उतारा। वे समाजवाद को सिर्फ भाषणों तक सीमित नहीं रखते थे, बल्कि उसे गांव-देहात तक पहुंचाने का काम करते थे।


साल 1989 में उन्होंने पहली बार जनता दल के टिकट पर पट्टी विधानसभा से चुनाव लड़ा और कांग्रेस के कद्दावर नेता राजेंद्र प्रताप सिंह (मोती सिंह) को हराकर बड़ी जीत हासिल की। यह जीत सिर्फ एक चुनावी जीत नहीं थी, बल्कि यह उस भरोसे की जीत थी, जो जनता ने उन पर जताया था।


इसके बाद 1993 में उन्होंने समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के रूप में भाजपा के कैंडीडेट प्रोफेसर शिवाकांत ओझा को लंबे वोटों से शिकस्त दी और फिर दूसरी बार विधायक बने। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास, गरीबों की मदद, किसानों की समस्याओं और पिछड़े वर्ग के हक के लिए लगातार आवाज उठाई। वे उन नेताओं में थे जो सिर्फ वादे नहीं करते थे, बल्कि उन्हें पूरा करने की कोशिश भी करते थे।


गांव-देहात में आज भी लोग उनके किस्से सुनाते हैं—कैसे वे बिना किसी भेदभाव के हर व्यक्ति की मदद करते थे, कैसे किसी गरीब की समस्या सुनकर तुरंत खड़े हो जाते थे, और कैसे हर वर्ग के लोगों को साथ लेकर चलते थे। यही वजह है कि उनकी लोकप्रियता सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं रही, बल्कि लोगों के दिलों तक पहुंची।


आज उनकी पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए यही कहा जा सकता है कि उन्होंने एक ऐसा रास्ता दिखाया, जो सच्ची राजनीति का रास्ता है—ईमानदारी, सादगी और सेवा का रास्ता। उनका जीवन आज की नई पीढ़ी के लिए एक मिसाल है कि अगर नीयत साफ हो और इरादा मजबूत, तो बिना दिखावे के भी लोगों के दिलों में जगह बनाई जा सकती है।


उनकी विरासत को आगे बढ़ाने का काम उनके परिवार के लोग भी कर रहे हैं। उनके तीन बेटे—अनिल यादव, अतुल यादव और अखिल यादव—आज समाज में अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को निभाते हुए अपने पिता के आदर्शों और जनसेवा की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।


राम लखन यादव भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, उनके काम और उनकी सादगी हमेशा जिंदा रहेंगे।
ऐसे जननायक को शत-शत नमन।

अधिवक्ता शम्स तबरेज़ की कलम से

धूमधाम से मनाई गई भगवान परशुराम जयंती, पूर्व विधायक धीरज ओझा ने चढ़ाए पुष्प

oplus_32


प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज क्षेत्र में रविवार को भगवान परशुराम जयंती बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर रानीगंज विधानसभा के पूर्व विधायक धीरज ओझा विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए और श्रद्धालुओं के साथ भगवान परशुराम का पूजन-अर्चन किया।



सुबह से ही क्षेत्र में धार्मिक माहौल देखने को मिला। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनका आशीर्वाद लिया। इसी क्रम में शाम लगभग 7 बजे पूर्व विधायक धीरज ओझा रानीगंज कस्बे में स्थित क्षेत्राधिकारी कार्यालय के बगल स्थापित भगवान परशुराम की प्रतिमा स्थल पर पहुंचे। वहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाए और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को भगवान परशुराम के आदर्शों पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम न्याय, धर्म और सत्य के प्रतीक हैं, जिनके जीवन से हमें सदैव प्रेरणा लेनी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरा वातावरण जयकारों से गूंज उठा।

पूजन के उपरांत पूर्व विधायक ने वहां मौजूद लोगों को प्रसाद स्वरूप लड्डू वितरित किए। बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हुए और श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता देवेश प्रताप सिंह, सभासद अनुज पाण्डेय, सुशील प्रधान, सौरभ सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर भगवान परशुराम के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था भी सुचारु रूप से बनी रही। स्थानीय लोगों ने इस आयोजन की सराहना की और इसे क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपरा को जीवित रखने वाला बताया।

बधाई देने पहुंची काजल किन्नर पर हमला, दर्जनों लोगों ने पीटकर किया घायल — एक दिन पहले ही हुआ था सीमा विवाद

प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र में किन्नर समाज के दो गुटों के बीच चल रहा विवाद रविवार को हिंसक झड़प में बदल गया। कछरा पुल के पास एक घर में बधाई देने पहुंची काजल किन्नर पर अचानक हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मामला फिर से पुलिस के सामने पहुंच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, काजल किन्नर, जो पारो किन्नर के समूह से जुड़ी बताई जा रही हैं और गौरा पूरे बदल थाना फतनपुर की निवासी हैं, रविवार को एक घर में बधाई देने के लिए गई थीं। पीड़िता का आरोप है कि जैसे ही वह कछरा पुल के पास पहुंचीं, वहां पहले से मौजूद मुस्कान किन्नर अपने दर्जनों साथियों के साथ घात लगाए बैठी थीं। आरोप है कि काजल के पहुंचते ही सभी ने मिलकर उन पर हमला बोल दिया।

हमले के दौरान काजल किन्नर के साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गईं। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने बधाई में मिले करीब 5600 रुपये नकद, ढोलक और अन्य सामान भी छीन लिया। घटना के बाद किसी तरह वहां से निकलकर काजल ने अपने साथियों को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पारो किन्नर अपने दर्जनों साथियों के साथ रानीगंज थाने पहुंचीं और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। थाने पर कुछ समय के लिए भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

बताया जा रहा है कि इस पूरे विवाद की जड़ एक दिन पहले यानी शनिवार को हुई कहासुनी है। जानकारी के अनुसार, पारो किन्नर (गौरा, प्रतापगढ़) और मुस्कान किन्नर (प्रयागराज) के बीच क्षेत्राधिकार यानी सीमा को लेकर विवाद हुआ था। मामला रानीगंज थाने तक पहुंचा था, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कर दिया था और मामला रफा-दफा करा दिया गया था।

हालांकि, अगले ही दिन फिर से हुए इस हमले ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शनिवार को हुए विवाद में सख्त कार्रवाई की जाती, तो रविवार की यह घटना शायद टल सकती थी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।

इस घटना ने एक बार फिर किन्नर समाज के बीच चल रहे आंतरिक विवाद और क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई को उजागर कर दिया है, जो अब हिंसक रूप लेती जा रही है।

संदिग्ध हालात में युवक की मौत, गले पर निशान मिलने से हत्या की आशंका — गांव में सनसनी

प्रतापगढ़। जनपद के हथिगवां थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। थाना क्षेत्र के तुला का पुरवा (बेंती) गांव निवासी 40 वर्षीय युवक देवीदीन का शव उसके घर में चारपाई पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गांव में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, मृतक देवीदीन पुत्र बैजनाथ शनिवार रात रोज की तरह खाना खाने के बाद अपने घर में सोने चला गया था। परिजनों के मुताबिक, उस समय तक सब कुछ सामान्य था और किसी भी तरह की अनहोनी की आशंका नहीं थी। लेकिन रविवार सुबह करीब 7 बजे जब उसकी पत्नी उसे जगाने के लिए कमरे में पहुंची तो वह चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ा मिला। यह दृश्य देखते ही पत्नी के होश उड़ गए और उसकी चीख-पुकार सुनकर अन्य परिजन व आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।

मृतक की पत्नी ने जब करीब से देखा तो देवीदीन के गले पर धागे या रस्सी से कसने जैसे स्पष्ट निशान दिखाई दिए। इसी के आधार पर उसने हत्या की आशंका जताई है। पत्नी का कहना है कि यह सामान्य मौत नहीं हो सकती, बल्कि किसी ने उसके पति की हत्या की है। उसने पुलिस से मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना तेजी से पूरे गांव में फैल गई, जिसके बाद मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोग इस रहस्यमयी मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं करते नजर आए। कुछ लोग इसे आत्महत्या मानने से इनकार कर रहे हैं, जबकि कई लोग इसे सुनियोजित हत्या की ओर इशारा बता रहे हैं।

सूचना मिलने पर हथिगवां थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने यह भी कहा कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी साक्ष्यों और तथ्यों की गहनता से जांच की जाएगी।

वहीं, घटना के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन इस घटना से पूरी तरह टूट चुके हैं और लगातार न्याय की गुहार लगा रहे हैं। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने लोगों से संयम बरतने की अपील की है।

फिलहाल यह मामला रहस्य बना हुआ है कि देवीदीन की मौत कैसे हुई—यह आत्महत्या है या हत्या। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इस सनसनीखेज घटना से पर्दा उठ सकेगा।

तेज रफ्तार का कहर: अर्टिगा और ई-रिक्शा की भिड़ंत, युवक गंभीर घायल



प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा लखनऊ-वाराणसी राज्यमार्ग पर स्थित सवैया गांव के पास हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

अर्टिगा कार ने जोरदार टक्कर मारने के बाद कार छोड़ फरार



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अर्टिगा कार काफी तेज गति से आ रही थी और अचानक अनियंत्रित होकर सामने से जा रहे ई-रिक्शा से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार अभिषेक पुत्र भाई लाल पटेल, निवासी लखन शाहपुर रानीगंज, गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।

बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद अर्टिगा कार में सवार सभी लोग मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कस्बा चौकी इंचार्ज अंकित श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस ने मौके से अर्टिगा कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही फरार वाहन सवारों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर सख्त ट्रैफिक नियम लागू किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

फिलहाल घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।

अंबेडकर जयंती पर पचरास वार्ड में कुछ ऐसा हुआ… जिसने बदल दी तस्वीर — मंच से हुआ बड़ा ऐलान!

अंबेडकर जयंती पर पचरास वार्ड में कुछ ऐसा हुआ… जिसने बदल दी तस्वीर — मंच से हुआ बड़ा ऐलान!

प्रतापगढ़।रानीगंज नगर पंचायत के पचरास वार्ड में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सभासद पति शिवाकांत पाण्डेय ‘अनुज’ के नेतृत्व में भव्य माल्यार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की सहभागिता देखने को मिली।

कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि बद्री प्रसाद गुप्ता, नामित सभासद राजेश सिंह समेत दलित बस्ती के महिला और पुरुष उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में बाबा साहब के विचारों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

सभा को संबोधित करते हुए सभासद प्रतिनिधि अनुज पाण्डेय ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने समाज को समानता, न्याय और अधिकारों का रास्ता दिखाया। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहब की जयंती केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि उनके सिद्धांतों को आत्मसात करने का अवसर है।

इस मौके पर अनुज पाण्डेय ने यह भी घोषणा की कि आने वाले दिनों में पचरास वार्ड स्थित बाबा साहब की प्रतिमा का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतिमा स्थल की सुरक्षा और सौंदर्यीकरण के लिए बाउंड्रीवॉल का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए शासन से धन स्वीकृत हो चुका है। इसके साथ ही प्रतिमा तक पहुंचने के लिए एक सुलभ मार्ग का निर्माण भी जल्द ही शुरू कराया जाएगा, ताकि लोगों को आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने बाबा साहब के आदर्शों को अपनाने और समाज में समानता व भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा।

प्रतापगढ़ में बाबा साहब की खंडित मूर्ति बदलने पर दो पक्ष आमने-सामने, नई मूर्ति पंचायत घर में रखी गई

प्रतापगढ़ में बाबा साहब की खंडित मूर्ति बदलने पर दो पक्ष आमने-सामने, नई मूर्ति पंचायत घर में रखी गई

प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव की हरिजन बस्ती में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की खंडित मूर्ति को बदलने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। करीब 23 साल पहले स्थापित की गई इस मूर्ति के क्षतिग्रस्त होने के बाद नई मूर्ति लगाने की पहल से गांव में तनाव का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2003 में उस समय के प्रधान रहे कन्हैया लाल द्वारा हरिजन बस्ती में बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित कराई गई थी। समय बीतने के साथ मूर्ति जर्जर हो गई और कई जगहों से उसमें दरारें पड़ गईं। यहां तक कि मूर्ति का हाथ भी टूट गया था। इसे लेकर ग्रामीणों में लंबे समय से नाराजगी थी। उनका कहना है कि उन्होंने कई बार वर्तमान और पूर्व प्रधान को सूचना दी, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

2003 में प्रधान रहे द्वारा मूर्ति की स्थापना



ग्रामीणों के अनुसार, गांव के ही निवासी सुरेंद्र कुमार यादव ने सोमवार शाम लोगों के सहयोग से वाराणसी से बाबा साहब की नई मूर्ति मंगवाई। जब वह पुरानी मूर्ति को हटाकर नई मूर्ति स्थापित करने लगे, तभी विवाद की स्थिति बन गई। आरोप है कि पूर्व प्रधान मौके पर पहुंचे और नई मूर्ति लगाने का विरोध करते हुए कहा कि पुरानी मूर्ति उनके पिता द्वारा लगवाई गई थी, इसलिए उसे बदलने का अधिकार भी उन्हीं को है। उन्होंने नई मूर्ति को कहीं और स्थापित करने की बात कही और उसी स्थान पर लगाने से मना कर दिया।

इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने का प्रयास किया। जब मामला शांत नहीं हुआ तो पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पुलिस ने नई लाई गई मूर्ति को गांव के पंचायत घर में रखकर उस पर ताला लगा दिया है, जिससे लोगों में और नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार, मूर्ति लंबे समय से खंडित थी और उनकी भावनाएं आहत हो रही थीं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब जब उन्होंने खुद प्रयास कर नई मूर्ति लाई, तो उसमें भी बाधा डाली जा रही है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नई मूर्ति को उसी स्थान पर स्थापित कराया जाए, ताकि विवाद समाप्त हो सके और गांव में शांति बनी रहे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

कानून से बचने की कोशिश नाकाम… पॉक्सो एक्ट का आरोपी आखिर पहुंचा सलाखों के पीछे!

दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट का वांछित आरोपी गिरफ्तार, पुलिस को मिली बड़ी सफलता

प्रतापगढ़। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना देल्हूपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान अखिल मिश्रा उर्फ ज्ञानप्रकाश मिश्रा (19) निवासी सहेरुआ, थाना देल्हूपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी शैलेन्द्र लाल और क्षेत्राधिकारी रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष देल्हूपुर राधेश्याम के नेतृत्व में टीम ने यह सफलता हासिल की।

थाना देल्हूपुर पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए थाना क्षेत्र के एनएसजी होटल के पास पुल के समीप घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक संदीप तिवारी के साथ कांस्टेबल विनय पटेल और अनीश गुप्ता शामिल रहे। टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी को बिना किसी बाधा के पकड़ लिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।

स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल मजबूत होगा और अपराधियों में भय व्याप्त होगा।