Home Blog Page 6

पुलिसकर्मी पर कार चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास! सरकारी वाहन में मारी टक्कर, देल्हूपुर पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

प्रतापगढ़। देल्हूपुर थाना क्षेत्र में डायल-112 पीआरवी कर्मियों के साथ अभद्रता और पुलिसकर्मी को कार से कुचलने के प्रयास के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अल्टो कार संख्या UP72AH3668 भी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, 29 अगस्त 2026 को डायल-112 पीआरवी संख्या 8880 पर इवेंट संख्या 15059 प्राप्त हुई थी। स्टेशन मोड़ के पास मारपीट और जान से मारने की धमकी की सूचना पर पीआरवी कर्मी मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान अल्टो कार सवार शिवमंगल सिंह और राहुल सिंह ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी।

आरोप है कि इसी दौरान राहुल सिंह ने तेज रफ्तार अल्टो कार पुलिसकर्मी की ओर मोड़कर उसे कुचलने का प्रयास किया। पुलिसकर्मी ने किसी तरह अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपियों ने सरकारी स्कॉर्पियो पीआरवी वाहन में टक्कर मार दी, जिससे वाहन का अगला बायां दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद दोनों आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गए।

मामले में तहरीर के आधार पर थाना देल्हूपुर में मु0अ0सं0 141/2026, धारा 109(1)/352/324(4)/132 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

दोनों आरोपी गिरफ्तार, कार बरामद

पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) श्री आलोक कुमार तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी रानीगंज श्री प्रशान्त राज के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी देल्हूपुर श्री राधेश्याम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

पुलिस ने शिवमंगल सिंह (46 वर्ष), निवासी ग्राम भावलपुर, थाना देल्हूपुर और राहुल सिंह (41 वर्ष), निवासी ग्राम भावलपुर, थाना देल्हूपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अल्टो कार UP72AH3668 भी बरामद की।

दोनों के खिलाफ पहले से भी मुकदमे

पुलिस के अनुसार, शिवमंगल सिंह के विरुद्ध मारपीट, तोड़फोड़, गाली-गलौज और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में पूर्व के कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं राहुल सिंह के विरुद्ध भी धोखाधड़ी, मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं में पूर्व के अभियोग दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

इन पुलिसकर्मियों ने की गिरफ्तारी

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक तुलसी राम, कांस्टेबल दीपांशु शुक्ला, उपनिरीक्षक राधेश्याम यादव, उपनिरीक्षक शिवा प्रजापति, कांस्टेबल उपेन्द्र कुमार एवं रिजर्व कांस्टेबल शुभम भास्कर शामिल रहे।

देल्हूपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पुलिसकर्मी को कुचलने के प्रयास और सरकारी वाहन में टक्कर के मामले में दोनों आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं।

मोबाइल की किस्त के विवाद में मारपीट और जातिसूचक गाली-गलौज का आरोप, पीड़ित ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग

प्रतापगढ़। थाना कंधई क्षेत्र में मोबाइल की किस्त के विवाद को लेकर मारपीट, जातिसूचक गाली-गलौज और मोबाइल फोन क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। मामले में पवन कुमार सरोज पुत्र स्वर्गीय गजानंद सरोज, निवासी भगेसरा पृथ्वीगंज थाना कोतवाली देहात, जनपद प्रतापगढ़ ने थाना प्रभारी कंधई को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता के मुताबिक वह वर्तमान में बजाज फाइनेंस लिमिटेड में कार्यरत है। आरोप है कि 30 अगस्त 2026 को करीब दोपहर 12 बजे वह कंधई थाना क्षेत्र स्थित एक व्यक्ति के घर पर मोबाइल की किस्त के संबंध में बातचीत करने गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार संबंधित व्यक्ति का बजाज फाइनेंस में मोबाइल से जुड़ा लोन चल रहा है।

पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान संबंधित व्यक्ति के भाई समेत लगभग पांच अज्ञात लोगों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने उसके साथ विवाद शुरू कर दिया और कथित तौर पर जातिसूचक गालियां देते हुए मारपीट की।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया और उसी मोबाइल से उसके सिर पर कई बार वार किया, जिससे उसे चोटें आईं। मारपीट के दौरान उसका मोबाइल भी क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। शिकायत के अनुसार पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि घटना के समय मौके पर संबंधित व्यक्ति के माता-पिता, भाई और आसपास के कई लोग मौजूद थे।

शिकायतकर्ता ने थाना प्रभारी कंधई से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने, मेडिकल परीक्षण कराने तथा मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

नोट: यह खबर शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए शिकायती पत्र में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

फायरिंग कांड में वांछित साहबे आलम उर्फ साहिल गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद

प्रतापगढ़/दिलीपपुर पुलिस ने 21 अगस्त को हुई फायरिंग व मारपीट के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुकदमे में वांछित चल रहे एक आरोपी साहबे आलम उर्फ साहिल (26) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, पुरानी मुकदमेबाजी की रंजिश को लेकर मो. सादाब को स्विफ्ट कार से ओवरटेक कर रोकने के बाद फायरिंग और लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल करने का आरोप है। घायल सादाब को डायल-112 की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया था। मामले में 21 अगस्त 2026 को थाना दिलीपपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।

इसी मामले में वांछित आरोपियों की तलाश के दौरान 30 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर बाबा बेलखरनाथ धाम पुल के पास नजियापुर की तरफ बाग से पुलिस ने साहबे आलम उर्फ साहिल पुत्र निजाम, निवासी पतुलकी, थाना अन्तू को गिरफ्तार किया।

🔴 पूछताछ में फायरिंग की बात बताई

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना बताया। उसके कथन के अनुसार वह अन्य आरोपियों के साथ स्विफ्ट कार से सादाब का पीछा कर रहा था और घटना के दौरान उसी ने तमंचे से फायर किया था।

तमंचा और कारतूस बरामद होने के बाद मुकदमे में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।

📋 पहले से भी दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी साहबे आलम उर्फ साहिल के खिलाफ थाना अन्तू, थाना देल्हूपुर और थाना दिलीपपुर में वर्ष 2022 से 2026 तक कुल 4 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2022 के मुकदमे में धारा 307 भादवि तथा वर्ष 2026 के एक मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी शामिल हैं।

👮 पुलिस टीम

यह कार्रवाई एसपी प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में, एएसपी पूर्वी आलोक कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पट्टी प्रदीप सिंह के पर्यवेक्षण में थाना दिलीपपुर प्रभारी निरीक्षक विजयकान्त सत्यार्थी के नेतृत्व में की गई।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उ0नि0 देवेन्द्र कुमार पाठक, का0 आशीष, का0 लक्ष्मण एवं रि0का0 गौरव शामिल रहे।

बरामदगी:
🔹 01 तमंचा 315 बोर
🔹 01 जिंदा कारतूस 315

तेज रफ्तार थार ने ई-रिक्शा में मारी जोरदार टक्कर, पांच सवार घायल



रानीगंज, प्रतापगढ़। थाना रानीगंज क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित थार वाहन ने एक ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत उसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद थार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, थाना रानीगंज क्षेत्र के पचरास गांव निवासी ई-रिक्शा चालक विनय पाण्डेय (45 वर्ष) अपने पड़ोसी अंकित पाण्डेय (25 वर्ष) के साथ ई-रिक्शा लेकर बीरापुर बाजार की ओर जा रहे थे। बताया गया कि ई-रिक्शा में बीरापुर बाजार निवासी मनोज विश्वकर्मा की पत्नी कंचन विश्वकर्मा (35 वर्ष), उनकी बेटी अंजू (15 वर्ष) तथा बेटे रवि विश्वकर्मा (14 वर्ष) और उत्सव विश्वकर्मा (12 वर्ष) भी सवार थे। सभी लोग ई-रिक्शा से बीरापुर बाजार की तरफ जा रहे थे।

बताया जा रहा है कि जैसे ही ई-रिक्शा टंडवा बस स्टॉप के पास पहुंचा, तभी भागवतगंज की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार थार गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा से जा भिड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक थार की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोग बड़ी संख्या में पहुंच गए।

स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव का प्रयास शुरू किया और हादसे में घायल सभी लोगों को उपचार के लिए रानीगंज ट्रामा सेंटर पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। हादसे में घायल कंचन विश्वकर्मा, उत्सव विश्वकर्मा, ई-रिक्शा चालक विनय पाण्डेय और अंकित पाण्डेय की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहीं अन्य घायल यात्रियों का भी उपचार किया जा रहा है।

हादसे के बाद थार चालक मौके पर नहीं रुका और वाहन लेकर फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों के कारण सड़क पर लगातार हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने पुलिस से फरार थार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घायलों से घटना के संबंध में जानकारी लेने के साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। पुलिस फरार थार वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है, जिससे दुर्घटना के बाद फरार हुए वाहन का पता लगाया जा सके।

फिलहाल हादसे में घायल सभी लोगों का उपचार जारी है। चार घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है। पुलिस की जांच और फरार थार चालक की तलाश के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

हाईवे पार करते समय काल बनकर आया अज्ञात वाहन, अधेड़ की दर्दनाक मौत

Oplus_16908288

अज्ञात वाहन की टक्कर से अधेड़ युवक घायल, ट्रामा सेंटर में तोड़ा दम

प्रतापगढ़। रानीगंज थाना क्षेत्र में वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक अधेड़ की मौत हो गई। कस्बा लिलहा में आरा मशीन के पास हाईवे पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने अधेड़ को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को आसपास के लोगों ने तत्काल उपचार के लिए ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार रानीगंज थाना क्षेत्र के लिलहा निवासी राजू राईन (45) पुत्र अजीज गुरुवार को शुक्रवार रात करीब 11:45 बजे वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पार कर रहे थे। इसी दौरान सड़क पर तेज रफ्तार से गुजर रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजू सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े। सड़क पर घायल अवस्था में पड़े राजू को देखकर लोगों ने तत्काल मदद शुरू की। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए उन्हें उपचार के लिए ट्रामा सेंटर पहुंचाया। परिजनों को भी हादसे की सूचना दी गई। हालांकि अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने राजू को मृत घोषित कर दिया।

राजू की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मृतक अपने पीछे चार बच्चों, जिनमें एक बेटा और तीन बेटियां हैं, को छोड़ गया है। परिवार की जिम्मेदारी राजू के कंधों पर थी। उनकी अचानक मौत से बच्चों और परिजनों के सामने भी आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

परिजनों के मुताबिक राजू सब्जी और आलू बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। रोज की तरह वह रात में घर लौट रहे थे, लेकिन हाईवे पार करते समय हादसे का शिकार हो गए। परिवार को शायद अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही देर में राजू की मौत की खबर उनके घर पहुंचेगी।

घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। स्थानीय लोगों के मुताबिक वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर हादसों का कारण बनती है। रात के समय सड़क पार करने वाले लोगों के लिए स्थिति और भी जोखिम भरी हो जाती है।

परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस से अज्ञात वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। वाहन की पहचान होने के बाद हादसे की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। चार बच्चों के पिता राजू राईन की अचानक मौत से परिवार सदमे में है। जिस व्यक्ति के सहारे परिवार की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी होती थीं, उसकी सड़क हादसे में मौत के बाद अब परिजनों के सामने भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर रफ्तार नियंत्रित कराने और रात में सड़क पार करने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है।

प्रतापगढ़ की शबीना बानो ने पीएच.डी. का वाइवा वोस किया सफलतापूर्वक डिफेंड, जिले का नाम किया रोशन

प्रतापगढ़। रानीगंज तहसील क्षेत्र के सरारतुआ गांव निवासी शबीना बानो, पत्नी आफताब अहमद, ने अपनी पीएच.डी. थीसिस का वाइवा वोस सफलतापूर्वक डिफेंड कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ क्षेत्र में भी खुशी और गर्व का माहौल है। शबीना बानो की सफलता को उनकी वर्षों की मेहनत, लगन और शिक्षा के प्रति समर्पण का शानदार परिणाम माना जा रहा है।

शबीना बानो ने मौलाना आजाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी, हैदराबाद के डिपार्टमेंट ऑफ इकोनॉमिक्स से अपनी पीएच.डी. पूरी की है। उनकी शोध थीसिस का विषय “उत्तर प्रदेश में कृषि उत्पादन पर बुनियादी ढांचे की भूमिका: जिला स्तर पर एक विश्लेषण (1991–2020)” रहा। अंग्रेजी में उनकी थीसिस का शीर्षक “Role of Infrastructure on Agricultural Output in Uttar Pradesh: A District-Level Analysis (1991–2020)” है।

शबीना बानो ने अपना शोध कार्य विश्वविद्यालय के सम्माननीय सुपरवाइजर डॉ. सैयद हसन क़ायद के मार्गदर्शन में पूरा किया। शोध के दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश में कृषि उत्पादन और बुनियादी ढांचे के बीच संबंध का जिला स्तर पर अध्ययन किया। लंबे शोध कार्य के बाद थीसिस जमा करने और वाइवा वोस सफलतापूर्वक डिफेंड करने के साथ ही उनकी वर्षों की मेहनत एक महत्वपूर्ण पड़ाव तक पहुंची।

लगभग पांच वर्षों की कड़ी मेहनत का परिणाम

शबीना बानो की यह उपलब्धि अचानक हासिल नहीं हुई, बल्कि इसके पीछे करीब पांच वर्षों की निरंतर मेहनत, धैर्य और समर्पण रहा। शोध के दौरान उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने आत्मविश्वास बनाए रखते हुए अपने लक्ष्य की ओर कदम बढ़ाए। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने पीएच.डी. का महत्वपूर्ण पड़ाव सफलतापूर्वक पार कर लिया।

शैक्षणिक क्षेत्र में उनकी निरंतर उपलब्धियों का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने वर्ष 2023 में UGC-NET भी क्वालिफाई किया था। यह उपलब्धि उनकी शैक्षणिक प्रतिभा और उच्च शिक्षा के प्रति उनकी गंभीरता को दर्शाती है।

सरकारी शिक्षक की बेटी ने बढ़ाया परिवार का मान

शबीना बानो के पिता अहमद अली खान सरकारी शिक्षक हैं। पिता ने बेटी की शिक्षा और उसके सपनों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षक की बेटी का उच्च शिक्षा के क्षेत्र में पीएच.डी. जैसी महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करना परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।

शबीना बानो की सफलता की खबर मिलने के बाद परिवारजनों, शिक्षकों, शुभचिंतकों और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई एवं मुबारकबाद दी। लोगों ने उम्मीद जताई कि उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी उच्च शिक्षा हासिल करने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी।

परिवार की ओर से भी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की गई। परिजनों ने कहा कि करीब पांच वर्षों की मेहनत और लगन का परिणाम आज सामने आया है। शबीना बानो की इस कामयाबी को परिवार ने गर्व और खुशी का यादगार पल बताया।

साइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार, सात चोरी की साइकिलें बरामद

प्रतापगढ़। उदयपुर पुलिस ने साइकिल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई कुल सात साइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ रायबरेली और प्रतापगढ़ में चोरी, अपहरण, पॉक्सो एक्ट, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम समेत कई मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को ग्राम मठिया किशुनगढ़ निवासी जय सिंह ने उदयपुर थाने में तहरीर देकर बताया था कि दोपहर करीब दो बजे उनके घर के बाहर खड़ी उनकी और उनके पुत्र की दो साइकिलें अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की और घटना के शीघ्र खुलासे के लिए टीम गठित की।

पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी लालगंज राजीव द्विवेदी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी उदयपुर दीपनारायण के नेतृत्व में पुलिस टीम जांच में जुटी थी। 27 अगस्त को उपनिरीक्षक अमित द्विवेदी पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र में भ्रमण और विवेचना कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बूढ़े बाबा थान से पूरे भोजई जाने वाले मार्ग पर तीन व्यक्ति चोरी की साइकिलें बेचने की फिराक में खड़े हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को साइकिलों समेत दबोच लिया। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर मौके से तीन साइकिलें बरामद हुईं, जबकि पास की बाग और झाड़ियों में छिपाकर रखी गई चार अन्य साइकिलें भी पुलिस ने बरामद कर लीं। इस तरह कुल सात चोरी की साइकिलें बरामद हुईं।

बरामद साइकिलों में हीरो, हरक्यूलिस, एटलस और KW कंपनी की साइकिलें शामिल हैं। इनमें दो साइकिलों की पहचान वादी जय सिंह ने अपनी चोरी हुई साइकिलों के रूप में की। वहीं कुम्भी आइमा निवासी ओमप्रकाश ने एक हरक्यूलिस साइकिल को करीब 15 दिन पहले चोरी हुई अपनी साइकिल बताया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि मौर्या (26), लालजी पटेल (25) और धर्मेन्द्र सरोज (32), निवासी थाना नसीराबाद, जनपद रायबरेली के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे तीनों मिलकर साइकिल चोरी करते थे और चोरी की साइकिलें राहगीरों को बेचकर मिले रुपये आपस में बांट लेते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मठिया गांव से दो साइकिलें चोरी करने के साथ ही अन्य स्थानों से भी साइकिलें चोरी कर उन्हें झाड़ियों और बाग में छिपाकर रखने की बात स्वीकार की है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अमित द्विवेदी के साथ कांस्टेबल जीयन कुमार, प्रमोद कुमार, गोपाल गिरि और अखिलेश कुमार पाण्डेय शामिल रहे।

32.5 टन चोरी की सरिया का खुलासा, पांच गिरफ्तार; गोदामों और दुकानों से बरामद हुआ लाखों का माल

प्रतापगढ़। मान्धाता थाना पुलिस ने चोरी की सरिया की बड़ी खेप का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग दुकानों, गोदामों और एक बेसमेंट से कुल 32.5 मीट्रिक टन चोरी की सरिया बरामद करने का दावा किया है। बरामद सरिया पर “गिरधर एनईएक्सटी” अंकित है, जिसकी पहचान वादी ने चोरी गए माल के रूप में की है। पुलिस की कार्रवाई से चोरी के माल को सस्ते दाम पर खरीदकर खपाने वाले नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, मऊआइमा थाना क्षेत्र के सुल्तापुर निवासी वादी ने झुमरी तिलैया, कोडरमा, झारखंड से 41.760 मीट्रिक टन सरिया ट्रक संख्या UP70PT8849 से महाराष्ट्र के सतारा भेजने के लिए मंगाई थी। ट्रक चालक गुलजार को माल निर्धारित स्थान पर पहुंचाना था, लेकिन आरोप है कि वह सरिया सतारा पहुंचाने के बजाय उत्तर प्रदेश ले आया। इसके बाद चालक ने अलग-अलग स्थानों पर माल उतारने की जानकारी देकर वादी को गुमराह किया।

बताया गया कि वादी ने सरिया बहरिया स्थित गुप्ता ट्रेडर्स में उतारने को कहा, लेकिन वहां से माल प्राप्त होने से इनकार कर दिया गया। चालक द्वारा लगातार अलग-अलग जानकारी दिए जाने और 21 से 25 अगस्त तक माल की कोई संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर वादी को सरिया चोरी कर बेच दिए जाने का संदेह हुआ। तहरीर के आधार पर थाना मान्धाता में मुकदमा अपराध संख्या 108/2026 के तहत धारा 303(2), 316(3), 318(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी रानीगंज प्रशान्त राज के पर्यवेक्षण में मान्धाता पुलिस ने जांच तेज की। थाना प्रभारी धनन्जय राय की टीम ने पूछताछ और सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार रामअजोर पटेल से पूछताछ में सामने आया कि उसे चोरी की सरिया इमरान पुत्र मुस्सन निवासी नौवापुर, थाना देल्हूपुर द्वारा कम कीमत पर उपलब्ध कराई गई थी। रामअजोर ने कथित तौर पर इस सरिया को अलग-अलग लोगों को सस्ते दाम पर बेच दिया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश देकर चोरी का माल बरामद किया।

ग्राम होला का पुरवा स्थित पटेल सीमेंट एजेंसी के गोदाम से धर्मेन्द्र पटेल के कब्जे से करीब 1.5 मीट्रिक टन, लक्ष्मीगंज बाजार में अरविन्द यादव की दुकान के सामने से करीब 3 मीट्रिक टन, लोकापुर वीरसिंहपुर स्थित नौशाद के गोदाम से करीब 3 मीट्रिक टन तथा भावनपुर डेरवा स्थित संजय शुक्ला उर्फ सुशील शुक्ला के गोदाम से करीब 1.5 मीट्रिक टन सरिया बरामद की गई।

सबसे बड़ी बरामदगी रामअजोर पटेल के नन्दा का पुरवा, कटरा गुलाब सिंह स्थित घर के बेसमेंट में बने गोदाम से हुई, जहां से पुलिस ने करीब 16 मीट्रिक टन सरिया बरामद की। इसके अलावा जांच के दौरान राजकुमार त्रिपाठी की दुकान से करीब 3 मीट्रिक टन और देवीशंकर मिश्रा की दुकान से करीब 4.5 मीट्रिक टन सरिया भी बरामद हुई। हालांकि दोनों मौके पर नहीं मिले, जिसके चलते उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने धर्मेन्द्र पटेल, अरविन्द यादव, नौशाद, संजय शुक्ला उर्फ सुशील शुक्ला और रामअजोर पटेल को गिरफ्तार किया है। विवेचना में चोरी के माल की खरीद-फरोख्त और आपराधिक षड्यंत्र से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आने की बात पुलिस ने कही है। मनोज शुक्ला और उमेश पटेल समेत अन्य संदिग्धों के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।

मामले में बरामदगी और विवेचना के दौरान आरोपियों के खिलाफ धारा 317(2) और 317(4) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस का कहना है कि चोरी की सरिया को कम कीमत पर खरीदकर अलग-अलग स्थानों पर खपाने वाले पूरे नेटवर्क की पड़ताल जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी धनन्जय राय के साथ उपनिरीक्षक अनूप यादव, कांस्टेबल शिवराम मिश्रा, हरिपाल, रिक्रूट महिला कांस्टेबल पूजा यादव-1 तथा चालक रतन लाल त्रिपाठी शामिल रहे।

पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी के माल की खरीद-फरोख्त करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि 41.760 मीट्रिक टन सरिया में से शेष माल कहां गया और इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं।

किराने की दुकान से गांजा बरामद, 11 हजार रुपये समेत दुकानदार गिरफ्तार

प्रतापगढ़। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मानिकपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम मुन्दीपुर रानापट्टी स्थित एक किराने की दुकान से 1 किलो 210 ग्राम अवैध गांजा और बिक्री के 11,080 रुपये बरामद करते हुए 58 वर्षीय श्यामजी मिश्रा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हो चुका है।

पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी कुंडा शिवनारायन वैस के पर्यवेक्षण में मानिकपुर थाना प्रभारी पंकज कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मुन्दीपुर रानापट्टी गांव में किराने की दुकान से गांजे की बिक्री की जा रही है। सूचना पर उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दुकान पर कार्रवाई करते हुए श्यामजी मिश्रा, निवासी मुन्दीपुर रानापट्टी, को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान दुकान से 1 किलो 210 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी की जामातलाशी में बिक्री के 11,080 रुपये नकद भी बरामद किए। मामले में थाना मानिकपुर में मु0अ0सं0 219/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की गई है।

दरोगा अमित सिंह की भूमिका रही अहम

पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। मुखबिर की सूचना को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर बिना देरी कार्रवाई को अंजाम दिया। उनकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते किराने की दुकान से गांजा और बिक्री की रकम बरामद हो सकी। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय, कांस्टेबल रामदेव गौतम, कांस्टेबल भीमराव और रिक्रूट महिला कांस्टेबल सुष्मिता सिंह शामिल रहीं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी वर्ष 1997 में धारा 20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

राजमिस्त्री सम्मेलन में निर्माण तकनीक और गुणवत्ता पर हुई चर्चा

प्रतापगढ़। रानीगंज कस्बे के पूरेगोलिया स्थित उमराव पैलेस में सोमवार शाम क्षेत्र के राजमिस्त्रियों का विशेष सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पावर हाउस दरियापुर स्थित इरशाद सीमेंट एजेंसी के संचालक इरशाद अहमद और इरफान अहमद की ओर से किया गया। एजेंसी द्वारा MP Birla Cement की डीलरशिप लिए जाने के उपलक्ष्य में आयोजित सम्मेलन में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में राजमिस्त्री शामिल हुए।

कार्यक्रम में कंपनी की ओर से आए इंजीनियर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने राजमिस्त्रियों को निर्माण कार्य में सीमेंट के सही उपयोग, गुणवत्ता, मिश्रण की उचित मात्रा और मजबूत एवं टिकाऊ निर्माण की तकनीकी जानकारी दी। इंजीनियरों ने कहा कि किसी भी भवन की मजबूती के लिए बेहतर सामग्री के साथ-साथ उसके सही अनुपात और तकनीकी तरीके से इस्तेमाल की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

सम्मेलन के दौरान राजमिस्त्रियों ने निर्माण कार्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर कंपनी के प्रतिनिधियों से जानकारी ली और अपने अनुभव भी साझा किए। कंपनी के अधिकारियों ने राजमिस्त्रियों को आधुनिक निर्माण तकनीकों तथा बेहतर गुणवत्ता वाले सीमेंट के उपयोग के संबंध में विस्तार से बताया।

इस अवसर पर इरशाद अहमद ने सम्मेलन में शामिल सभी राजमिस्त्रियों का स्वागत करते हुए कहा कि निर्माण क्षेत्र में राजमिस्त्रियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उनके हुनर और अनुभव से ही मजबूत और बेहतर भवन तैयार होते हैं। उन्होंने कहा कि ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण निर्माण सामग्री उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

कार्यक्रम के अंत में इरशाद अहमद ने क्षेत्र से आए राजमिस्त्रियों को सम्मानित किया। सम्मेलन में मौजूद लोगों ने आयोजन की सराहना की। इस दौरान कंपनी के इंजीनियर, एजेंसी संचालक, कर्मचारी और क्षेत्र के बड़ी संख्या में राजमिस्त्री मौजूद रहे।