Home Blog Page 7

वरिष्ठ अधिवक्ता मुख्तार अली पर जानलेवा हमले का मामला, दो 10-10 हजार के इनामी आरोपी गिरफ्तार

Oplus_16908288

प्रतापगढ़। रानीगंज थाना क्षेत्र के हरिहरगंज बाजार में वरिष्ठ अधिवक्ता मुख्तार अली के साथ मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान थाहीपुर निवासी मेराज अहमद खान उर्फ मेराजउद्दीन और मो. आमिल उर्फ आमिर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक डंडा भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को वरिष्ठ अधिवक्ता मुख्तार अली हरिहरगंज बाजार में चाय की दुकान के पास बैठे थे। इसी दौरान पूर्व रंजिश को लेकर नामजद आरोपी कार से मौके पर पहुंचे। आरोप है कि मेराज अहमद ने कट्टे से जान से मारने की नीयत से फायर किया। हालांकि गोली की चपेट में आने से अधिवक्ता बाल-बाल बच गए। इसके बाद हमलावरों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि हमलावरों ने अधिवक्ता को दुकान और कमरे के अंदर भी पीटा। मारपीट के दौरान उनके कपड़े फाड़ दिए गए तथा हाथ-पैर में चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए।

घटना के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए रानीगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 423/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी रानीगंज प्रशान्त राज के पर्यवेक्षण में गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। प्रभारी निरीक्षक रानीगंज प्रदीप कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राजीव कमल पाण्डेय पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग करते हुए वांछित आरोपियों की तलाश कर रहे थे।

इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रानीगंज-फतनपुर हाईवे के किनारे पटरी के पास घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से मेराज अहमद खान उर्फ मेराजउद्दीन पुत्र स्वर्गीय इलियास अहमद, निवासी थाहीपुर, थाना रानीगंज, उम्र करीब 51 वर्ष और मो. आमिल उर्फ आमिर पुत्र कयास अहमद, निवासी थाहीपुर, थाना रानीगंज, उम्र करीब 22 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों की निशानदेही पर एक डंडा बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों को संबंधित मुकदमे में गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार मेराज अहमद खान उर्फ मेराजउद्दीन का आपराधिक इतिहास भी रहा है। रानीगंज थाने में हत्या के प्रयास, हत्या, मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।

वहीं दूसरे आरोपी मो. आमिल उर्फ आमिर के खिलाफ पुलिस रिकॉर्ड में इसी मामले से संबंधित मुकदमा दर्ज बताया गया है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजीव कमल पाण्डेय के साथ कांस्टेबल रामकिशन, रिजर्व कांस्टेबल अविनाश सिंह और रिजर्व कांस्टेबल विष्णु कुमार गुप्ता शामिल रहे।

वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ हुई मारपीट और कथित फायरिंग की घटना के बाद मामले ने क्षेत्र में चर्चा बढ़ा दी थी। पुलिस की इस कार्रवाई को मामले में अहम सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े तथ्यों की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

डकैती की तैयारी में जुटे चार बदमाश दबोचे, असलहे और औजार बरामद

प्रतापगढ़। देल्हूपुर थाना पुलिस ने बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले ही डकैती की योजना बना रहे चार  को गिरफ्तार कर सनसनीखेज साजिश का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध पिस्टल, तमंचा, दस जिंदा कारतूस समेत डकैती में इस्तेमाल होने वाले हथौड़ा, छेनी, पिलास, रस्सी और तीन काले कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी कुशफरा गांव में डकैती डालने की फिराक में एकत्र हुए थे।

पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में चल रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। 24 अगस्त की रात चौकी प्रभारी अमित कुमार सिन्हा पुलिस टीम के साथ मान्धाता मोड़ पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शनिदेव धाम गेट के आगे स्थित बाग में कुछ बदमाश किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं और उनके पास हथियार भी हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे, लेकिन पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग करते हुए चार आरोपियों को दबोच लिया। हालांकि एक आरोपी साहिल खान निवासी पतुलकी, थाना अंतू मोटरसाइकिल से अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेराज उर्फ आदिल, सैफ, सादाब और नौशाद उर्फ नुशाद के रूप में हुई। इनके पास से 32 बोर की अवैध पिस्टल और आठ कारतूस, 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा हथौड़ा, छेनी, पिलास, रस्सी और चेहरे छिपाने के लिए तीन काले कपड़े भी मिले।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कुशफरा गांव में डकैती डालने की तैयारी की बात कबूल की। पुलिस के अनुसार सैफ और मेराज के खिलाफ पहले से लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। चारों के खिलाफ देल्हूपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार साहिल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, फरार आरोपी 21 वर्षीय युवक गिरफ्तार

प्रतापगढ़। शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने, बाद में शादी से इनकार करने और गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में फरार चल रहे 21 वर्षीय युवक को आसपुर देवसरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी जौनपुर मोड़ ढकवा कट के पास नेशनल हाईवे से की गई।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए जौनपुर जनपद के बदलापुर थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी विशाल गौतम से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने युवती को शादी करने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि इसी भरोसे पर 16 नवंबर 2025 को उसे नासिक बुलाया गया, जहां आरोपी उसे अपने किराये के कमरे पर ले गया और शादी का विश्वास दिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

पीड़िता के पिता की 14 दिसंबर 2025 को मृत्यु के बाद आरोपी उसे बदलापुर लेकर आया और घर भेज दिया। आरोप है कि इसके बाद जब पीड़िता ने शादी की बात कही तो आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।

मामले में तहरीर मिलने के बाद आसपुर देवसरा थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 69, 352 और 351(3) के तहत नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

इसी बीच पुलिस को आरोपी के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जौनपुर मोड़ ढकवा कट के पास नेशनल हाईवे पर घेराबंदी कर आरोपी विशाल गौतम पुत्र सुरेन्द्र गौतम उर्फ गुड्ड, उम्र करीब 21 वर्ष, निवासी ग्राम शाहपुर, थाना बदलापुर, जनपद जौनपुर को गिरफ्तार कर लिया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी राकेश कुमार चौरसिया की भूमिका अहम रही। उनके नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाते हुए फरार आरोपी की तलाश की और सूचना तंत्र को मजबूत रखा। इसी का नतीजा रहा कि आरोपी को हाईवे के पास से दबोच लिया गया। अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई को लेकर थाना प्रभारी राकेश कुमार चौरसिया की कार्यशैली की चर्चा क्षेत्र में बनी हुई है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शिवम त्रिपाठी के साथ कांस्टेबल शिवम यादव और कांस्टेबल अजीत चौहान शामिल रहे। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

24 घंटे में छिनैती का खेल खत्म! तीन आरोपी दबोचे, मोबाइल-नकदी बरामद

24 घंटे में छिनैती का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

प्रतापगढ़। मानिकपुर थाना क्षेत्र में महिला से हुई छिनैती की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छिनैती किया गया वनप्लस मोबाइल फोन, 1,550 रुपये नकद, आधार कार्ड, लेडीज पर्स, घर की चाबी और वारदात में प्रयुक्त स्पेलेंडर प्लस बाइक बरामद की है।

जानकारी के अनुसार 23 अगस्त की शाम निबा कौसर पत्नी मोहम्मद अनवर निवासी काछी पट्टी, मानिकपुर ई-रिक्शा से कुण्डा की ओर से अपने घर लौट रही थीं। तिवारीपुर के पास पीछे से काले रंग की बाइक पर सवार तीन युवकों ने झपट्टा मारकर उनका पर्स छीन लिया और फरार हो गए। पर्स में मोबाइल, नकदी, आधार कार्ड और घर की चाबी समेत अन्य सामान था। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

अगले ही दिन उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह और उपनिरीक्षक अमरनाथ सिंह की टीम ने संदिग्धों की तलाश और वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर ममौली नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर बाइक सवार तीन युवकों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोनू कुमार पटेल, राजेश कुमार पटेल और मुकेश कुमार निवासी ममौली के रूप में हुई।

पूछताछ में आरोपियों ने महिला का पीछा कर सुनसान स्थान पर पर्स छीनने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, छीनी गई नकदी आपस में बांट ली गई थी, जबकि मोबाइल का सिम निकालकर फेंक दिया गया था। बरामद मोबाइल का आईएमईआई पीड़िता की इनवाइस से मिलान करने पर सही पाया गया।

दरोगा अमित सिंह की सक्रियता बनी खुलासे की कड़ी

छिनैती की घटना के बाद पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई में उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह की सक्रिय भूमिका सामने आई। संदिग्धों की तलाश, मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने और घेराबंदी कर आरोपियों तक पहुंचने में उनकी तत्परता महत्वपूर्ण रही। घटना के महज 24 घंटे के भीतर बरामदगी के साथ तीन आरोपियों की गिरफ्तारी ने पुलिस की सक्रियता को उजागर किया। टीम में उपनिरीक्षक अमरनाथ सिंह, कांस्टेबल भीमराव, राजेश पाल और प्रवीण कुमार भी शामिल रहे।

जरगोई नाले के पास चार अवैध देशी बम के साथ युवक गिरफ्तार, दरोगा शिवेंद्र यादव की सतर्कता से टली बड़ी अनहोनी

Oplus_16908288

प्रतापगढ़। रानीगंज थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अवैध देशी बम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस की सतर्कता से विस्फोटक बरामद होने के बाद उन्हें सावधानीपूर्वक निष्क्रिय कराया गया। कार्रवाई में उपनिरीक्षक शिवेंद्र कुमार यादव की सक्रियता और सूझबूझ की विशेष भूमिका रही।

पुलिस के अनुसार ग्राम जामताली क्षेत्र के जरगोई नाले के पास पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस टीम को देखकर मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान संजय कुमार पुत्र स्वर्गीय राम अजोर, निवासी ग्राम जामताली, थाना रानीगंज के रूप में हुई। उसकी उम्र करीब 36 वर्ष बताई गई है।

तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के हैंडल में टंगे सफेद झोले से काली पन्नी में अखबारी कागज में लिपटे चार अवैध देशी बम बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक आरोपी इनके संबंध में कोई वैध लाइसेंस या अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका। बरामद बमों को पुलिस ने सावधानीपूर्वक निष्क्रिय कराया।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शिवेंद्र कुमार यादव की सतर्कता की चर्चा रही। संदिग्ध युवक की गतिविधि पर नजर रखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की, जिससे विस्फोटक सामग्री के साथ आरोपी को भागने का मौका नहीं मिला। उनकी तत्परता और टीमवर्क ने पुलिस कार्रवाई को सफल बनाया।

मामले में थाना रानीगंज में मु0अ0सं0 422/2026, धारा 4/5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम-1908 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शिवेंद्र कुमार यादव, कांस्टेबल संतोष कुमार, रिजर्व कांस्टेबल आकाश पांडेय, विकास कुमार और नीरज कांत पाल शामिल रहे।

नाले का तेज बहाव बना काल, चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत; मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र के जगदीशपुर मेढ़ौली गांव में शनिवार शाम बारिश के बीच नाले में डूबने से चाचा-भतीजे की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक युवक को बचाने के लिए उसका चाचा तेज बहाव वाले नाले में कूद गया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। देखते ही देखते दोनों पानी की गहराई में समा गए। चाचा का शव घटना के करीब 30 मिनट बाद ही स्थानीय गोताखोरों ने खोज निकाला, जबकि भतीजे की तलाश रातभर चलती रही। रविवार सुबह ग्रामीणों ने फिर रेस्क्यू शुरू किया और करीब 7 बजे मकतब स्कूल के पीछे से उसका शव बरामद हुआ।

फाइल फोटो लल्ले उर्फ विकास विश्वकर्मा
फाइल फोटो नन्हे विश्वकर्मा

कुछ ही मिनटों में मातम में बदल गई शाम

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5 बजे जगदीशपुर मेढ़ौली गांव में कुछ लोग नाले के पास मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान गांव निवासी लल्ले उर्फ विकास विश्वकर्मा (25) पुत्र फूलचंद विश्वकर्मा बांध के रास्ते नाले के एक तरफ से दूसरी तरफ जाने लगा। बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव तेज था। अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह तेज बहाव के साथ पानी में गिर गया।

लल्ले को पानी में डूबता देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। उसकी चीख-पुकार और लोगों की आवाज सुनकर उसका चाचा नन्हे विश्वकर्मा (45) मौके पर पहुंचा। भतीजे को बचाने की कोशिश में नन्हे ने बिना अपनी जान की परवाह किए तेज बहाव में छलांग लगा दी।

लेकिन जिस भतीजे को बचाने के लिए चाचा पानी में उतरा, उसी बहाव ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते दोनों पानी में गायब हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाते हुए स्थानीय गोताखोरों को बुलाया।

30 मिनट में मिला चाचा का शव, भतीजे की तलाश रही जारी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोरों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने नन्हे विश्वकर्मा का शव पानी से बाहर निकाल लिया।

सूचना मिलते ही रानीगंज थाना प्रभारी प्रदीप कुमार और कस्बा चौकी प्रभारी अंकित श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने नन्हे के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

वहीं दूसरी ओर लल्ले उर्फ विकास की तलाश देर रात तक जारी रही। स्थानीय गोताखोर पानी में उतरकर लगातार उसकी तलाश करते रहे, लेकिन अंधेरा बढ़ने और नाले में तेज बहाव के कारण उसका पता नहीं चल सका।

रात गुजर गई, लेकिन परिवार और ग्रामीणों की उम्मीद नहीं टूटी।

सुबह फिर शुरू हुआ रेस्क्यू, स्कूल के पीछे मिला शव

रविवार सुबह करीब 5 बजे स्थानीय लोगों ने एक बार फिर लल्ले की तलाश शुरू की। ग्रामीण नाले और आसपास के इलाकों में पानी के बहाव की दिशा में उसकी खोज में जुट गए।

करीब दो घंटे की तलाश के बाद सुबह लगभग 7 बजे मेढ़ौली-चकसरा बॉर्डर स्थित मकतब स्कूल के पीछे लल्ले उर्फ विकास विश्वकर्मा का शव बरामद कर लिया गया।

शव मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस युवक की तलाश में परिवार की आंखें रातभर रास्ता देखती रहीं, आखिरकार उसका शव सामने था। मौके पर मौजूद ग्रामीण भी गमगीन हो उठे।

पुलिस ने लल्ले के शव को भी कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दो साल पहले मां गई, अब पिता भी नहीं रहे

इस हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू नन्हे विश्वकर्मा के परिवार की कहानी है। नन्हे की पत्नी की करीब दो वर्ष पहले बीमारी के चलते मौत हो चुकी थी। पत्नी के जाने के बाद नन्हे ही अपने दो मासूम बच्चों की दुनिया थे।

घर में उनका 10 वर्षीय बेटा सूरज और 4 वर्षीय बेटी प्राची है। दोनों बच्चे पहले ही मां के साये से वंचित हो चुके थे। अब अचानक पिता की मौत ने उनकी जिंदगी से वह सहारा भी छीन लिया, जिसके भरोसे वे अपना बचपन जी रहे थे।

परिजनों के मुताबिक बच्चों की मां की मौत 3 दिसंबर 2024 को हुई थी। मां के जाने के बाद पिता ने ही दोनों बच्चों को संभाला था। लेकिन शनिवार को भतीजे को बचाने की कोशिश में नन्हे की भी मौत हो गई।

मासूमों को रोता देख नम हो गईं आंखें

रविवार को जब नन्हे का शव घर पहुंचा तो वहां का माहौल बेहद मार्मिक हो गया। पिता के शव के पास बैठे मासूम सूरज और प्राची का रो-रोकर बुरा हाल था।

जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें और खिलौने होने चाहिए, उस उम्र में दोनों मासूम अपने पिता को खोने का दर्द झेल रहे हैं। बच्चों को रोते देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं।

लोगों की जुबान पर बस यही बात थी कि पहले मां का साया उठा और अब पिता भी हमेशा के लिए छोड़कर चले गए।

वहीं लल्ले की मौत से भी उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है। एक पल में हुए इस हादसे ने दो परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया।

एक को बचाने निकला चाचा, दोनों की चली गई जान

यह हादसा एक बार फिर बताता है कि बारिश के मौसम में पानी के तेज बहाव के सामने थोड़ी सी लापरवाही कितनी भारी पड़ सकती है। नन्हे ने भतीजे को बचाने के लिए अपनी जान की परवाह नहीं की। वह मदद के लिए पानी में उतरा, लेकिन तेज बहाव ने उसे भी अपनी चपेट में ले लिया।

स्थानीय लोगों की बहादुरी और तत्परता से दोनों शवों को खोजने में सफलता मिली। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

रुबरु इंडिया की अपील—बारिश में नालों और तेज बहाव वाले स्थानों से रहें दूर

रुबरु इंडिया सभी लोगों से अपील करता है कि बारिश के मौसम में नाले, नदी, रपटे, बांध और तेज बहाव वाले पानी के आसपास जाने से बचें। पानी कम दिखाई देने पर भी उसके नीचे की गहराई और बहाव का अंदाजा लगाना बेहद मुश्किल होता है।

विशेषकर बच्चों और युवाओं को ऐसे स्थानों पर जाने से रोकें। मछली पकड़ने, नहाने या रास्ता पार करने के दौरान किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं। यदि पानी का बहाव तेज हो तो किसी भी हालत में उसे पार करने की कोशिश न करें।

क्योंकि जिंदगी अनमोल है… एक पल की जिद पूरी जिंदगी का दर्द बन सकती है।

जगदीशपुर मेढ़ौली की यह घटना सिर्फ दो परिवारों का दर्द नहीं, बल्कि हर उस परिवार के लिए चेतावनी है जो बारिश में नाले और तेज बहाव वाले स्थानों को सामान्य समझकर वहां जाने का जोखिम उठाता है।

आज दो घरों में मातम है, दो मासूम परिवारों की दुनिया उजड़ गई है। काश, बारिश के इस मौसम में लोग सावधानी को अपनी आदत बना लें, ताकि किसी और मां की गोद, किसी और बच्चे का बचपन और किसी और परिवार का सहारा इस तरह न छिने।

वरिष्ठ अधिवक्ता पर हमला, फायरिंग का आरोप; मारपीट में हुए घायल, पुलिस जांच में जुटी

प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब हरिहरगंज बाजार में बैठे एक वरिष्ठ अधिवक्ता पर फायरिंग और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया। घटना में अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अधिवक्ता को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया। मामले को लेकर पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, सडौरा गांव निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता मुख्तार अली सुबह हरिहरगंज बाजार में बैठे हुए थे। इसी दौरान आरोप है कि बगल के गांव के रहने वाले कुछ लोग कार से वहां पहुंचे। अधिवक्ता के मुताबिक, कार सवार लोगों ने उनके ऊपर जन से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। हालांकि, गोली से वह बाल-बाल बच गए।

आरोप है कि फायरिंग के बाद कार में सवार लोग नीचे उतरे और वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुई घटना से बाजार में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में अधिवक्ता घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से चले गए।

घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद रानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल अधिवक्ता को तत्काल उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा। घटना को लेकर पुलिस ने मौके की जानकारी जुटाने के साथ ही मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

घायल वरिष्ठ अधिवक्ता मुख्तार अली ने रानीगंज थाने में तहरीर देकर फायरिंग और मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। घटना में फायरिंग हुई थी या नहीं, इसके साथ ही विवाद की वास्तविक वजह और हमले में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।

सुबह-सुबह बाजार में वरिष्ठ अधिवक्ता पर हुए कथित हमले से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

बारिश के बाद नाले में उतरे दो युवक, बचाने पहुंचे चाचा भी डूबे; नन्हे विश्वकर्मा का शव बरामद

प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र के मेढ़ौली गांव में शनिवार शाम बारिश के बाद नाले में मछली पकड़ने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। पानी में उतरे लल्ले उर्फ विकास विश्वकर्मा (25) के डूबने की आवाज सुनकर उन्हें बचाने पहुंचे उनके चाचा नन्हे विश्वकर्मा भी गहरे पानी में समा गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल रेस्क्यू शुरू किया और करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद नन्हे विश्वकर्मा का शव पानी से बाहर निकाल लिया गया। वहीं, लल्ले उर्फ विकास विश्वकर्मा की तलाश देर शाम तक जारी रही।

बारिश के बाद नाले में मछली पकड़ने पहुंचे थे युवक

बताया जा रहा है कि शनिवार शाम करीब पांच बजे मेढ़ौली निवासी फूलचंद विश्वकर्मा के 25 वर्षीय पुत्र लल्ले उर्फ विकास विश्वकर्मा बारिश के बाद नाले में मछली पकड़ने के लिए गए थे। बारिश के चलते नाले में पानी का बहाव और गहराई बढ़ गई थी। इसी दौरान अचानक लल्ले पानी में डूबने लगे और मदद के लिए शोर मचाने लगे।

भतीजे को डूबता देख बचाने दौड़े चाचा

लल्ले को पानी में डूबता देख उनके चाचा नन्हे विश्वकर्मा बिना देर किए उन्हें बचाने के लिए नाले में उतर गए। लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण वह भी अपना संतुलन खो बैठे और देखते ही देखते पानी में डूब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को बुलाया।

30 मिनट बाद मिला नन्हे का शव

हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल पानी में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी खोजबीन के बाद करीब 30 मिनट की मशक्कत में नन्हे विश्वकर्मा का शव पानी से बरामद कर लिया गया। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि यदि समय रहते दोनों को पानी से बाहर निकाला जा सकता तो शायद हादसा टल सकता था।

लल्ले उर्फ विकास की तलाश जारी

वहीं नन्हे विश्वकर्मा के शव के मिलने के बाद ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने लल्ले उर्फ विकास विश्वकर्मा की भी तलाश शुरू कर दी। देर शाम तक उनके शव का पता नहीं चल सका था। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

मौके पर पहुंचे कस्बा इंचार्ज

सूचना मिलते ही रानीगंज पुलिस सक्रिय हुई। कस्बा इंचार्ज अंकित श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी लेते हुए लापता युवक की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

बारिश के बाद नाले में अचानक बढ़े पानी ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। चाचा-भतीजे के एक साथ पानी में डूबने की घटना से पूरे मेढ़ौली गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीण देर शाम तक लल्ले उर्फ विकास विश्वकर्मा के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए थे।

अधिवक्ता सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल, पैर में हुआ फ्रैक्चर

Oplus_16908288

प्रतापगढ़। जनपद के कोहंडौर थाना क्षेत्र निवासी अधिवक्ता राजेश यादव गुरुवार शाम सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके पैर में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक उपचार के बाद परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला सुल्तानपुर ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, राजेश यादव जिला न्यायालय प्रतापगढ़ में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व शासकीय अधिवक्ता नसीम खान के जूनियर अधिवक्ता के रूप में कार्य करते हैं। गुरुवार शाम वह न्यायालय में अपना काम निपटाने के बाद बाइक से घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गोंड़े स्थित जिओ पेट्रोल पंप के पास अचानक एक साइकिल सवार सामने आ गया।

बताया जा रहा है कि साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में अधिवक्ता राजेश यादव की बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल अधिवक्ता को संभाला और आनन-फानन में उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उनके पैर में फ्रैक्चर होने की पुष्टि की। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। प्रारंभिक उपचार के बाद परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें जिला सुल्तानपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

सड़क हादसे की खबर जिला न्यायालय के अधिवक्ताओं और परिचितों तक पहुंचते ही उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जाने लगी। हादसे के बाद एक बार फिर सड़क पर अचानक सामने आने वाले वाहनों और साइकिल सवारों से सावधानी बरतने की जरूरत सामने आई है। फिलहाल घायल अधिवक्ता का उपचार सुल्तानपुर में चल रहा है और परिजन उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं।

चार अवैध देशी बम के साथ आरोपी गिरफ्तार, चौकी प्रभारी अंकित श्रीवास्तव की सतर्कता से बड़ी कार्रवाई

रानीगंज। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रानीगंज पुलिस को शुक्रवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस टीम ने लच्छीपुर रेलवे फाटक के आगे मेढ़ौली जाने वाले रास्ते से एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चार अदद अवैध देशी बम बरामद किए। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज तिवारी पुत्र ओमप्रकाश तिवारी, निवासी खेमईपुर, थाना रानीगंज के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार और सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी रानीगंज प्रशान्त राज के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी रानीगंज प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान कस्बा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अंकित श्रीवास्तव को मुखबिर से अहम सूचना मिली। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ तत्काल घेराबंदी की और बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चार अवैध देशी बम बरामद हुए।

पुलिस की इस कार्रवाई में कस्बा चौकी प्रभारी अंकित श्रीवास्तव की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई खास तौर पर चर्चा में रही। सूचना मिलते ही बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचना और संदिग्ध को अवैध विस्फोटक सामग्री के साथ गिरफ्तार करना पुलिस की सक्रियता को दर्शाता है। क्षेत्र में अपराधियों पर शिकंजा कसने को लेकर पुलिस की ऐसी कार्रवाई आम लोगों में भी सुरक्षा का भरोसा मजबूत करती है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से ही कई गंभीर मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नीरज तिवारी के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम तथा एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कुल नौ अभियोग दर्ज हैं। उसके खिलाफ फतनपुर थाने में भी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने बरामद चारों देशी बम को कब्जे में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। बरामदगी के संबंध में थाना रानीगंज में मु0अ0सं0 417/2026, धारा 4/5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम-1908 के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अंकित श्रीवास्तव के साथ उपनिरीक्षक अचिन्त्य शुक्ला, कांस्टेबल विकास बाबू, कांस्टेबल धीरज कुमार, रिजर्व कांस्टेबल जगन्नाथ यादव और रिजर्व कांस्टेबल विमलेश यादव शामिल रहे।

चार बम बरामद होने की घटना ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं—आखिर आरोपी इन विस्फोटक सामग्री को लेकर कहां जा रहा था और इसका इस्तेमाल किस मकसद से किया जाना था? पुलिस अब इन सवालों के जवाब तलाशने में जुटी है।