Home Blog Page 40

होली के दिन करंट से युवक की हत्या! मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पत्नी फरार

0
Oplus_16908288

होली के दिन युवक की करंट लगाकर हत्या का मामला: मुख्य आरोपी राजेश सरोज गिरफ्तार, 6 घंटे की समझाइश के बाद हुआ अंतिम संस्कार

प्रतापगढ़ जिले में होली के दिन हुई युवक की संदिग्ध मौत का मामला अब हत्या में बदल गया है। पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजेश सरोज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उसकी पत्नी अभी भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

घटना 4 मार्च की है। रानीगंज कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर गांव के रहने वाले 22 वर्षीय प्रियांशु यादव की करंट लगने से मौत हो गई थी। शुरुआत में यह मामला हादसा बताया जा रहा था, लेकिन परिजनों ने इसे साजिशन हत्या बताया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मृतक के पिता हीरालाल यादव की तहरीर पर पुलिस ने राजेश सरोज और उसकी पत्नी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

परिजनों का आरोप है कि होली के दिन गांव के ही रहने वाले राजेश सरोज ने प्रियांशु को किसी बहाने से अपने घर बुलाया था। वहां पर पहले से मौजूद राजेश और उसकी पत्नी ने मिलकर उसे करंट लगाकर मार डाला। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। युवक की मौत की खबर गांव में फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में आक्रोश फैल गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी। कई जगहों पर दबिश देने के बाद गुरुवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी राजेश सरोज को रानीगंज कोतवाली क्षेत्र के नरसिंहगढ़ इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया है, जबकि उसकी पत्नी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

उधर, पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार शाम जब प्रियांशु यादव का शव घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार कर दिया और घर पर ही शव रखकर प्रशासन के खिलाफ विरोध शुरू कर दिया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मृतक के पिता हीरालाल यादव ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखीं। इनमें मुख्य रूप से आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने, शस्त्र लाइसेंस जारी करने और लगभग 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग शामिल थी। परिजनों का कहना था कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक वे बेटे का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

स्थिति को देखते हुए गांव में तनाव का माहौल बन गया। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए कई थानों की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात कर दिए गए। रात भर और शुक्रवार सुबह तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार परिजनों को समझाने में जुटे रहे।

करीब छह घंटे तक चली बातचीत के बाद प्रशासन की ओर से उचित मदद और कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और अंततः प्रियांशु यादव के अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी महिला की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है और गांव में अभी भी पुलिस की निगरानी जारी है।

प्रतापगढ़ में दिल दहला देने वाला हादसा: दो सगी बहनों समेत तीन बच्चियां शारदा नहर में लापता

0
Oplus_16908288

प्रतापगढ़ में दर्दनाक हादसा: शारदा सहायक नहर में नहाते समय तीन बच्चियां डूबीं, देर शाम तक जारी रहा सर्च ऑपरेशन

प्रतापगढ़। जनपद के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां शारदा सहायक खनवारी नहर में नहाने गईं तीन मासूम बच्चियां गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गईं। घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई और देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक तीनों बच्चियों का कोई पता नहीं चल सका था।

जानकारी के अनुसार डांडिया गांव निवासी रामनरेश पटेल की दो पुत्रियां आंचल और रिया अपनी सहेली मोहिनी के साथ गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे शारदा सहायक खनवारी नहर में नहाने गई थीं। उनके साथ गांव की काजल और पड़ोसी हरिकृष्ण का पुत्र सतीश कुमार भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि सभी बच्चे नहर में स्नान कर रहे थे, तभी अचानक आंचल, रिया और मोहिनी गहरे पानी की ओर चली गईं। नहर में तेज बहाव होने के कारण तीनों बच्चियां संतुलन खो बैठीं और देखते ही देखते पानी में समा गईं।

बच्चियों के डूबने पर साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया, जिसे सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल नहर में उतरकर रस्सियों और जाल की मदद से तलाश शुरू कर दी, लेकिन बहाव तेज होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। घटना की जानकारी करीब तीन बजे परिजनों को मिली तो गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और माहौल गमगीन हो गया।

सूचना मिलते ही संग्रामगढ़ थाना अध्यक्ष मनोज कुमार तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके अलावा लालगंज और कुंडा से फायर सर्विस की टीमें भी पहुंचीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ लालगंज अभिषेक मिश्रा और कुंडा एसडीएम वाचस्पति सिंह ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से घटना की पूरी जानकारी ली और सर्च ऑपरेशन तेज करने के निर्देश दिए।

देर शाम एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने नहर में कई स्थानों पर गहन तलाशी अभियान चलाया। पानी का बहाव अधिक होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही थीं। अधिकारियों के अनुसार लापता तीनों बच्चियों की उम्र लगभग 10 से 12 वर्ष के बीच है। सीओ अभिषेक मिश्रा ने बताया कि बच्चियां नहर में नहाते समय गहरे पानी में चली गईं और तेज बहाव के कारण डूब गईं। उनकी तलाश लगातार जारी है।

उधर, हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। दो सगी बहनों आंचल और रिया के भाई राजू ने बताया कि उनकी चचेरी बहन मोहिनी भी उनके साथ नहाने गई थी और वही भी डूब गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन द्वारा लगातार खोजबीन की जा रही है, लेकिन देर शाम तक कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लग सकी थी। पूरे इलाके में इस दर्दनाक घटना को लेकर शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।

उमराव पैलेस में भव्य रोजा अफ्तार पार्टी, सैकड़ों रोजेदारों ने किया सामूहिक इफ्तार

0

उमराव पैलेस में भव्य रोजा अफ्तार पार्टी, सैकड़ों रोजेदारों ने किया सामूहिक इफ्तार
प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज कस्बा के पूरे गोलिया स्थित उमराव पैलेस में गुरुवार को भव्य रोजा अफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इस आयोजन को उमराव पैलेस के मालिक सुहेल खान एवं मो० इरफान द्वारा कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में रोजेदार शामिल हुए।
पवित्र रमजान माह के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में रोजेदारों ने सामूहिक रूप से इफ्तार कर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। इफ्तार से पूर्व कुरआन शरीफ की तिलावत की गई तथा देश में अमन-चैन और तरक्की के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं। मग़रिब की अज़ान होते ही रोजेदारों ने खजूर और पानी से रोजा खोला, जिसके बाद विभिन्न पकवानों से सभी का सत्कार किया गया।

कार्यक्रम में संजय सरोज प्रतिनिधि अध्यक्ष पृथ्वीगंज नगर पंचायत संचालक नावेज अली, साजिद अली, जाबिर अली, जावेद खान, अजमल, गुलबहार, वजहूल जिगर सोनू, इरशाद, मेराज, आफताब सहित सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे। युवाओं और बुजुर्गों ने मिलकर इफ्तार किया और एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद दी।

पूरे कार्यक्रम स्थल को आकर्षक रोशनी और साज-सज्जा से सजाया गया था, जिससे माहौल बेहद खुशनुमा नजर आया। आयोजकों ने कहा कि रमजान का महीना त्याग, संयम और इंसानियत का पैगाम देता है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम और एकता को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने इस अफ्तार पार्टी को यादगार बना दिया।

प्रतापगढ़ में होली की रात मातम: दो युवकों ने उठाया आत्मघाती कदम

0

होली से पहले प्रतापगढ़ में दो युवकों ने उठाया खौफनाक कदम, एक की मौत, दूसरे की हालत स्थिर

प्रतापगढ़ जिले में होली से ठीक पहले की रात आत्महत्या के दो अलग-अलग मामलों से इलाके में सनसनी फैल गई। ज्ञानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नगर पंचायत गड़वारा इलाके में दो युवकों ने फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की। इनमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे को समय रहते बचा लिया गया। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पहली घटना नगर पंचायत गड़वारा क्षेत्र के शिवराजपुर डिहवा गांव की है। यहां रहने वाले विमल सिंह ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। परिवार के लोगों ने तत्काल फंदा काटकर विमल को नीचे उतारा और आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

दूसरी घटना नगर पंचायत गड़वारा के चौरा मोहल्ले की है, जहां 22 वर्षीय मंजीत सोनी पुत्र पूर्णमासी सोनी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिजनों ने उसे फंदे से लटका देखा तो घर में कोहराम मच गया। आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। बताया जा रहा है कि करीब एक माह पहले ही मंजीत के पिता पूर्णमासी सोनी का निधन हो गया था। पिता की मौत के बाद से वह गहरे मानसिक तनाव में था। परिजनों के अनुसार वह पहले भी कई बार आत्महत्या की कोशिश कर चुका था।

सूचना मिलने पर अंतू थाना क्षेत्र की आरटीओ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों घटनाओं ने क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

घर में सो रहे दंपति पर आधा दर्जन लोगों का धावा, दरवाजा खोलकर की बेरहमी से पिटाई — ट्रामा सेंटर में चल रहा इलाज

0
Oplus_19005440

घर में सो रहे दंपति पर आधा दर्जन लोगों का धावा, दरवाजा खोलकर की बेरहमी से पिटाई — ट्रामा सेंटर में चल रहा इलाज

प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र के जाजापुर गांव में मंगलवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब घर में सो रहे एक बुजुर्ग दंपति पर आधा दर्जन लोगों ने अचानक धावा बोल दिया। हमलावरों ने घर का दरवाजा खोलकर अंदर घुसते ही दंपति की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के पीड़ित नंदलाल बिंद (60 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय जगरू बिंद हैं। बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान पड़ोस के रहने वाले पप्पू कश्यप समेत आधा दर्जन लोग महिलाओं और बच्चों के साथ उनके घर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने मिलकर दरवाजा खोलकर घर में प्रवेश किया और बिना किसी बातचीत के मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित की पत्नी ने बताया कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला किया और बीच-बचाव करने पर उन्हें भी नहीं बख्शा। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक हमलावर मौके से फरार हो चुके थे। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए रानीगंज ट्रामा सेंटर भेजा गया।

डॉक्टरों के अनुसार दोनों के शरीर पर चोट के निशान हैं और उनका उपचार जारी है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों में इस घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है और लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

होली के रंग में घुला विवाद: मां-बेटे पर हमला, दोनों घायल; पुलिस जांच में जुटी

0
oplus_2097152

होली के रंग में घुला विवाद: मां-बेटे पर हमला, दोनों घायल; पुलिस जांच में जुट

प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र के मानापट्टी गांव में होली खेलने के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पड़ोसी गांव के कुछ लोगों ने मां-बेटे के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भिजवाया।

जानकारी के अनुसार मानापट्टी निवासी रमेश सरोज की पत्नी अमरावती (45) और उनका 20 वर्षीय बेटा राहुल सरोज होली के मौके पर घर के पास मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि पड़ोसी गांव से आए कुछ लोगों ने दोनों को घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में अमरावती और राहुल को चोटें आईं, जिससे वे घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने हालात को नियंत्रित किया और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा। चिकित्सकों द्वारा दोनों का इलाज किया जा रहा है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

थाना प्रभारी प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि मारपीट की सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि मामले में तहरीर प्राप्त होने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है, हालांकि पुलिस की सक्रियता से हालात नियंत्रण में हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

0
Oplus_16908288

धार्मिक स्थल पर रंग फेंकने से बढ़ा तनाव, पुलिस की तत्परता से टला बड़ा विवाद

प्रतापगढ़। जनपद के कंधई थाना क्षेत्र में बुधवार को एक धार्मिक स्थल पर रंग फेंके जाने के बाद इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में आक्रोश फैल गया और मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की सूझबूझ के चलते मामला ज्यादा बढ़ने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार होली के अवसर पर कुछ अज्ञात लोगों द्वारा क्षेत्र के एक धार्मिक स्थल पर रंग फेंक दिया गया और मस्जिद के अंदर घुसने का प्रयास करने लगे । इस घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने विरोध जताया, जिससे माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने धार्मिक सद्भावना बिगाड़ने की कोशिश करते हुए आपत्तिजनक नारे भी लगाते हुए मस्जिद के अंदर घुसने लगे और अराजकता फैलाने का प्रयास किया।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र पंचायत सदस्य मोहम्मद हफीज ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की। तहरीर में पांच नामजद व्यक्तियों के साथ ही सैकड़ों अज्ञात लोगों के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने, माहौल खराब करने और शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप लगाए गए हैं।

सूचना मिलते ही कंधई थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभालने में जुट गई। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को समझा-बुझाकर माहौल शांत कराया और दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस द्वारा पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

थानाध्यक्ष सतेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और आपसी सौहार्द बनाए रखें। वहीं इलाके में एहतियात के तौर पर पुलिस की अतिरिक्त तैनाती कर दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और शांति व्यवस्था कायम रहे।

होली की खुशियां मातम में बदलीं: करंट की चपेट में आकर युवक झुलसा, मेडिकल कॉलेज रेफर

0

होली की खुशियां मातम में बदलीं: करंट की चपेट में आकर युवक झुलसा, मेडिकल कॉलेज रेफ

प्रतापगढ़। जनपद के उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हुसैनपुर गांव में होली के दिन एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी विपिन कुमार मौर्य (25) पुत्र बृजनाथ मौर्य होली खेलने के बाद शाम करीब छह बजे अचानक विद्युत करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना से परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और गांव में हड़कंप की स्थिति बन गई।

बताया जा रहा है कि विपिन दिन भर गांव के दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ होली का त्योहार मना रहे थे। शाम के समय वह किसी कार्य से घर के बाहर निकले थे, तभी अचानक वह विद्युत लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े और जोर से चीखने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दौड़कर उन्हें बचाया और बिजली की सप्लाई बंद कराई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बिना देर किए घायल युवक को निजी वाहन से रानीगंज ट्रामा सेंटर ले गए। वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। देर शाम परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज लेकर रवाना हो गए, जहां उनका उपचार जारी है।

परिजनों के अनुसार, विपिन के शरीर के कई हिस्से झुलस गए हैं और उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई स्थानों पर खुले तार और जर्जर लाइनें हादसे को न्योता दे रही हैं।

फिलहाल युवक की हालत पर सभी की नजरें टिकी हैं और गांव में उसके जल्द स्वस्थ होने की दुआ की जा रही है। पुलिस व संबंधित विभाग मामले की जानकारी जुटाने में लगे हैं।

युवक को करंट लगने से मौत, परिजनों ने लगाया साजिशन हत्या का आरोप

0

युवक को करंट लगने से मौत, परिजनों ने लगाया साजिशन हत्या का आरोप
प्रतापगढ़। हरनाहपुर (गोपालपुर) गांव में होली के दिन खुशियों का माहौल उस समय मातम में बदल गया, जब एक युवक की करंट लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रियांशु यादव (22 वर्ष) पुत्र हीरालाल यादव के रूप में हुई है। घटना रानीगंज थाना क्षेत्र की है। परिजनों ने इसे दुर्घटना नहीं बल्कि साजिशन हत्या करार देते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, होली के दिन गांव में रंग-गुलाल के बीच लोग आपसी मेल-जोल के साथ त्योहार मना रहे थे। इसी दौरान आरोप है कि गांव के ही कुछ लोग एक महिला को कथित रूप से बिजली का करंट छुआ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह दृश्य देखकर प्रियांशु यादव ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया और महिला को बचाने के लिए आगे बढ़े।

परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान आरोपितों ने जानबूझकर प्रियांशु को भी करंट की चपेट में ले लिया। तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े। घटना से अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पिता हीरालाल यादव का कहना है कि उनका बेटा किसी विवाद में शामिल नहीं था, बल्कि वह केवल एक महिला की जान बचाने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरी घटना पूर्व नियोजित साजिश का हिस्सा हो सकती है। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी निष्पक्ष जांच और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और घटनास्थल का निरीक्षण किया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

होली जैसे पर्व पर हुई इस घटना से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो। ग्रामीणों में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

अस्पताल ले जाए जा रहे बुजुर्ग की बाइक से टक्कर, दो की दर्दनाक मौत; तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

0
oplus_136314880

अस्पताल ले जाए जा रहे बुजुर्ग की बाइक से टक्कर, दो की दर्दनाक मौत; तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र के कहला गांव में सोमवार रात करीब 9:30 बजे एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और दोनों परिवारों में कोहराम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कहला गांव निवासी मंजीत पटेल (47) पुत्र छोटे लाल पटेल घर के सामने चाट-टिकिया की दुकान लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। सोमवार रात लगभग 9:30 बजे के बाद वह दुकान बंद कर घर जाने के लिए सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी गांव का एक युवक अपने बीमार बुजुर्ग विजय बहादुर यादव (60) निवासी लरहा का पुरवा बोरा, थाना रानीगंज, को बाइक से अस्पताल ले जा रहा था। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग को हार्ट अटैक की शिकायत थी और हालत गंभीर होने के कारण परिजन उन्हें जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने की कोशिश में थे।

जैसे ही बाइक कहला गांव के पास पहुंची, उसी समय सड़क पार कर रहे मंजीत पटेल से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। हादसे में बाइक पर बैठे बुजुर्ग विजय बहादुर यादव की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद अफरा-तफरी के बीच बुजुर्ग के परिजन उन्हें वहीं से घर लेकर चले गए।

वहीं गंभीर रूप से घायल मंजीत पटेल को परिजन तत्काल रानीगंज ट्रामा सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मंजीत पटेल की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं, जो अभी पढ़ाई कर रहे हैं। बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिवार की आर्थिक स्थिति को लेकर भी चिंता गहरा गई है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रभात कुमार सिंह, थाना प्रभारी रानीगंज, पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और दोनों मामलों में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।

थाना प्रभारी प्रभात कुमार सिंह ने बताया, “प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का है। बाइक सवार बीमार बुजुर्ग को अस्पताल ले जा रहा था, इसी दौरान सड़क पार कर रहे व्यक्ति से टक्कर हो गई। एक की मौके पर और दूसरे की अस्पताल में मृत्यु हुई है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच की जा रही है।”

हादसे के बाद पूरे कहला गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर पर्याप्त रोशनी और ट्रैफिक नियंत्रण के अभाव में दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाएं न हों।